2015 में छाप छोड़ने वाले 10 नाटक

    • Author, चिरंतना भट्ट
    • पदनाम, मुंबई से, बीबीसी हिंदी डॉट कॉम के लिए
  • प्रकाशित

इस साल हिंदी रंगमंच के सबसे बड़े नाटकों में अनुमप खेर और नीना गुप्ता अभिनीत ‘मेरा वो मतलब नहीं था’ का नाम ज़रूर शामिल किया जाएगा.

35 साल के बाद एक दूसरे से मिलते दो बिछड़े प्रेमियों की कहानी बताते नाटक में कॉमेडी, ट्रेजडी और रोमांस का मिश्रण था.

नसीरुद्दीन शाह के ‘द मोटली थिएटर’ ने अपने नाटकों में साहित्य को केंद्र में रखा. मोटली के नाटक ‘गधा और गड्ढ़ा’ प्रसिद्ध लेखक किशन चंदर की कहानियों का मंचन है.

‘हिंदी का क़ायदा’, ‘एक गधे की आत्मकथा’ और ‘गड्ढा’ कहानियों के माध्यम से भारत में उर्दू साहित्य में पहली बार कटाक्ष लिखने वाले किशन चंदर लोगों की स्मृति में फिर से ज़िंदा हुए.

एक मां के अंतिम संस्कार में बेटा ज्यादा वक़्त लगाता है क्योंकि वो नहीं चाहता कि मां चली जाए. ऐसी कहानी कहता मकरंद देशपांडे का नाटक ‘माँ इन ट्रांज़िट’ पृथ्वी थिएटर फेस्टिवल में दिखाया गया.

इला अरुण के सुरनाई थिएटर ने हेनरिक इब्सन के नाटक ‘पियर गिंट’ का हिंदी रूपांतरण पेश किया. इसमें इला अरुण ने लेखन के साथ-साथ अभिनय भी किया. वहीं इसका निर्देशन केके रैना ने किया. उन्होंने इसमें अभिनय भी किया.

इव एंसलर लिखित और महाबानो कोटवाल निर्देशित ‘वेजायना मॉनोलॉग्ज़’ का हिंदी रूपांतरण 'किस्सा योनि का' कई सालों से चलने के बावजूद इस साल भी लोगों के लिए चर्चा का विषय बना रहा.

सैफ़ हैदर हसन लिखित ‘ग़र्दिश में तारे’ रिश्तों को लेकर बनाए जाने वाले नाटकों की ट्रिलॉजी का दूसरा नाटक था. इसमें निर्देशक गुरुदत्त की अपनी गायक पत्नी गीता दत्त के साथ रहे तनावपूर्ण रिश्ते को दिखाया गया.

हाल ही में महेश भट्ट ने अपनी फ़िल्म 'हमारी अधूरी कहानी' को नाटक के रूप में रंगमच पर पेश किया. उन्होंने इससे पहले अपनी फ़िल्म ‘अर्थ’ को भी नाटक में प्रस्तुत किया था.

इन हिंदी नाटकों के अलावा गुजराती रंगमंच का सबसे महंगा नाटक 'कोडमंत्र' भी लोगों ने पसंद किया. ‘कोडमंत्र’ का निर्देशन राजू जोशी ने किया और स्नेहा देसाई ने इस नाटक को लिखा और इसमें अभिनय भी किया.

निर्देशक प्रितेश सोढ़ा ने पहली बार मराठी रंगमंच पर भुतहा नाटक ‘ती’ को पेश किया. ‘ती’, लोगों को डराने में सफ़ल रहा और उसे कई अवॉर्ड भी मिले.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप <link type="page"><caption> यहां</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> क्लिक कर सकते हैं. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)