जुलाई से टेलीकास्ट होगा अनिल कपूर का शो

तक़रीबन तीन साल के बाद एक्शन से भरपूर शो ’24- सीज़न 2’ को लेकर आ रहे अभिनेता अनिल कपूर का कहना है कि तीसरे सीज़न में इतनी देरी नहीं होगी.
बुधवार को इस शो का ट्रेलर लॉन्च किया गया. इस मौक़े पर अनिल कपूर की बेटी और अदाकारा सोनम कपूर और अभिनेता आमिर ख़ान भी मौजूद थे.
ट्रेलर लॉन्च के मौक़े पर अनिल कपूर ने कहा, ‘‘इस शो को लाना बड़ा ही टफ़ टास्क रहा.’’
शो में हुई देरी के बारे में वे कहते हैं, ‘‘इस सीज़न को लाने में काफ़ी वक़्त लग गया, लेकिन अगले सीज़न में ऐसा नहीं होगा.’’
अब अनिल की इस बात से अंदाज़ा लगाया जा सकता है कि थर्ड सीज़न उनके दिमाग़ में अभी से ही है.

वहीं कलर्स के सीईओ राज नायक ने कहा, ‘‘पहले हम दूसरे सीज़न का रिस्पांस देखेंगे. उसके बाद ही तीसरे सीज़न पर विचार करेंगे.’’
ग़ौरतलब है कि शो ‘24’ का पहला सीज़न साल 2013 में आया था. यह एक मशहूर अमेरिकन टीवी शो से प्रेरित था.
इस शो में अनिल कपूर आतंकवाद विरोधी दस्ते के एजेंट जय सिंह राठौर की भूमिका में दिखाई देंगे. इस सीज़न में उनकी नई साथी के रूप में सुरवीन चावला होंगी.
पहले सीज़न में आतंकवादी रोशन शेरचन यानी आशीष विद्यार्थी को पकड़ने के लिए जय सिंह राठौर ख़ुद और अपने परिवार की जान को जोखिम में डालता है.

इस बार जय सिंह राठौर अपनी टीम के साथ एक जानलेवा वायरस से मुंबई को बचाने के मिशन पर निकलेगा.
इस शो में अनिल कपूर के अलावा सिकंदर खेर, साक्षी तंवर, सुधांशु पांडेय, राघव चानना, अनीता राज, अंगद बेदी और मधुरिमा तुली जैसे कलाकार नज़र आएंगे. यह कलर्स चैनल पर 17 जुलाई से टेलीकास्ट होगा.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> कर सकते हैं. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)


























