लाइबीरिया से लौटे भारतीय स्वस्थ

लाइबीरिया में स्वास्थ्य कर्मी
प्रकाशित

इबोला संक्रमण से जूझ रहे अफ्रीकी देश लाइबेरिया में कार्यरत सभी भारतीय नागरिकों को स्वदेश लाया जा रहा है.

इनमें से 79 भारत पहुंच चुके हैं और बाकी लोगों के मंगलवार देर शाम तक पहुंचने की उम्मीद है.

ये जानकारी मंगलवार को सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने अपनी वेबसाइट और ट्विटर अकाउंट पर दी है.

ट्वीट में कहा गया है, “मुबंई में 66 लोग पहुंचे हैं और दिल्ली में 13. सभी की जांच की गई हैं और वे स्वस्थ हैं. किसी भी यात्री को अलग नहीं रखा गया है.”

इससे पहले मंगलवार सुबह इबोला प्रभावित अफ्रीकी देशों से आने वाले 112 भारतीयों की जांच के लिए दिल्ली और मुंबई के हवाई अड्डों पर व्यापक इंतज़ाम किए गए थे.

मंत्रालय की वेबसाइट के मुताबिक़ लाइबेरिया में एक कंपनी में काम करने वाले 112 भारतीय और चार नेपाली नागरिकों को कंपनी के कहने पर अंतरराष्ट्रीय एसओएस संगठन (आईएसओएस) वापस ला रहा है.

वेबसाइट पर ये भी कहा गया है कि भारत में अब तक इबोला वायरस बीमारी का एक भी मामला नहीं मिला है.

चार अफ्रीकी देशों लाइबेरिया, सिएरा लियोन, गिनी और नाइजीरिया में अब तक इस संक्रमण से 2,615 लोगों के मारे जाने का अनुमान है.

<bold>(बीबीसी हिंदी के क्लिक करें एंड्रॉएड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> करें. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)</bold>