सबसे धनी गेट्स, अंबानी भारत में नंबर वन

फोर्ब्स लिस्ट 2015
प्रकाशित

फ़ोर्ब्स पत्रिका ने इस साल के लिए विश्व के सबसे धनी व्यक्तियों की सूची जारी कर दी है जिसमें सबसे ऊपरी पायदन पर हैं माइक्रोसोफ्ट के संस्थापक बिल गेट्स.

इस साल फिर उन्होंने मैक्सिको के व्यवसायी कार्लोस स्लिम को पछाड़ा है.

गेट्स की कुल संपत्ति पिछले एक साल में तीन अरब डॉलर बढ़कर 13 फरवरी तक 79 अरब डॉलर हो गई है.

इसके साथ ही गेट्स पिछले 21 साल में 16 बार इस सूची में पहले नबंर पर आ चुके है.

अमरीकी निवेशक वॉरेन बफेट ने फैशन स्टोर ज़ारा के संस्थाक अमानशियो ओर्टेगा को चौथे नंबर पर धकेलते हुए तीसरे पायदान पर अपनी जगह बनाई. बफेट के पास 72.7 अरब डॉलर की कुल संपत्ति है.

टॉप 10 में एक ही महिला

सूची में एक बार फिर अमरीकी टेक्नोलॉजी कंपनियों के संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारियों का ही दबदबा रहा. सूची में टॉप 20 में से छह धनी व्यक्ति तकनीकी कंपनियों से हैं.

अमीरों की टॉप 10 लिस्ट में एक ही महिला हैं. ये हैं वॉलमार्ट की मालिक क्रिस्टी वॉल्टन जो जॉन वॉल्टन की वारिस होने के नाते उनकी मौत के बाद वॉलमार्ट रिटेल चेन की मालिक बनीं.

क्रिस्टी के पास 41.7 अरब डॉलर की कुल संपत्ति है. पिछले छह वर्षों में वह पांच बार इस सूची में रह चुकी हैं.

मुकेश अंबानी भी लिस्ट में

भारत के जाने-माने उद्योगपति मुकेश अंबानी सूची में 39वें स्थान पर हैं. अंबानी के पास 21 अरब डॉलर की कुल संपत्ति है.

वहीं नौ अरब डॉलर की कुल संपत्ति के साथ कुमार बिरला 142वें स्थान पर हैं.

22.7 अरब डॉलर कुल संपत्ति ले कर अलीबाबा ई-कामर्स वेबसाइट के संस्थापक और कार्यकारी अध्यक्ष जैक मा ने 33वें स्थान पर पहुँच गए हैं.

चीन के ही रियल इस्टेट व्यवसायी वांग जिआंलिन 29वें स्थान पर रहे और इनके पास 24.2 अरब डॉलर की संपत्ति है.

ज़करबर्ग आगे

फोर्ब्स की सूची में फ़ेसबुक के संस्थापक मार्क ज़करबर्ग 16वें स्थान पर रहे जबकि गूगल के लैरी पेज और सर्गइ ब्रिन 19वें और 20वें स्थान पर रहे.

ज़करबर्ग के पास 33.4 अरब डॉलर की कुल संपत्ति है जबकि लैरी पेज और सर्गइ ब्रिन के पास 29.7 अरब और 29.2 अरब डॉलर की संपत्ति है.

<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="http://www.bbc.co.uk/hindi/multimedia/2013/03/130311_bbc_hindi_android_app_pn.shtml" platform="highweb"/></link> करें. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक </caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link>और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)</bold>