सभी 39 भारतीय बंधक जीवित: सुषमा

प्रकाशित

विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने कहा है कि इराक़ में बंधक बनाए गए सभी 39 भारतीय जीवित हैं. इन भारतीयों को चरमपंथी गुट इस्लामिक स्टेट ने बंधक बनाया है.

शुक्रवार को सुषमा स्वराज ने बंधक बनाए गए भारतीयों के परिजनों से मुलाक़ात की और उन्हें आश्वासन दिया कि अलग-अलग सूत्रों से उन्हें उन लोगों के जीवित होने की जानकारी मिली है.

पिछले साल जून में मोसूल से इन लोगों को बंधक बनाया गया था. उसके बाद से सुषमा स्वराज उनके परिजनों से आठ बार मिल चुकी हैं.

विदेश मंत्री ने परिजनों से कहा कि सरकार बंधकों की जल्द और सुरक्षित रिहाई की हरसंभव कोशिश कर रही है.

बंधक बनाए गए लोगों के परिजन केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर के साथ विदेश मंत्री से मिलने गए थे.

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ सुषमा स्वराज ने मुलाक़ात के दौरान ये कहा कि उन्हें कोई पुख़्ता जानकारी तो नहीं, लेकिन उन्हें विभिन्न सूत्रों से ये ज़रूर पता चला है कि उनसे इराक़ में ही काम कराया जा रहा है.

सुषमा स्वराज ने पहले भी खाड़ी सहयोग परिषद (जीसीसी) के विदेश मंत्रियों और अन्य मित्र देशों से बात की है और भारतीयों की रिहाई के लिए सहयोग मांगा है.

विदेश मंत्री ने ये भी कहा कि जैसे ही बंधक बनाए गए भारतीयों के बारे में कोई पुख़्ता जानकारी मिलेगी, सरकार परिजनों को इसके बारे में जानकारी देगी.

<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां क्लिक करें</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link>. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)</bold>