वर्ल्ड टी-20 में शतक लगाने वाले 7 बल्लेबाज़

    • Author, प्रदीप कुमार
    • पदनाम, बीबीसी संवाददाता
  • प्रकाशित

वर्ल्ड टी20 मुकाबलों में क्रिस गेल इकलौते ऐसे बल्लेबाज़ हैं जिन्होंने दो शतक ठोके हैं.

उन्होंने इस टूर्नामेंट में भी इंग्लैंड के ख़िलाफ़ पहले हुए मुक़ाबले में शानदार शतक ठोका था.

उनके अलावा बांग्लादेश के तमीम इकबाल ने इस टूर्नामेंट में ओमान के ख़िलाफ़ शतक बनाया था.

एक नज़र उन बल्लेबाज़ों पर जिन्होंने वर्ल्ड टी20 में शतक बनाने का कारनामा दिखाया है.

क्रिस गेल- इस सूची में पहला नाम वेस्टइंडीज़ के तूफ़ानी बल्लेबाज़ क्रिस गेल का है. उन्होंने 2007 में दक्षिण अफ्रीका में खेले गए वर्ल्ड टी20 मुक़ाबले में मेजबान दक्षिण अफ्रीका के ख़िलाफ़ 57 गेंदों पर 117 रन ठोक दिए थे. गेल ने अपनी पारी में 7 चौके और 10 छक्के लगाए थे. उनकी तूफ़ानी पारी के बावजूद उनकी टीम ये मुक़ाबला आठ विकेट से हार गई थी.

सुरेश रैना- वर्ल्ड टी20 में दूसरा शतक भारत के सुरेश रैना के नाम है. 2010 में वेस्टइंडीज़ में खेले गए टूर्नामेंट में दक्षिण अफ्रीका के ख़िलाफ़ हुए मुक़ाबले में रैना ने 60 गेंदों पर 101 रन ठोके थे. इसमें नौ चौके और पांच छक्के शामिल थे. भारत ने उनके शतक की बदौलत ये मुक़ाबला 14 रनों से जीता था.

महेला जयवर्धने- 2010 में वेस्टइंडीज़ में खेले गए टूर्नामेंट के दौरान ही वर्ल्ड टी20 का तीसरा शतक देखने को मिला. श्रीलंकाई बल्लेबाज़ महेला जयवर्धने ने जिंबाब्वे के ख़िलाफ़ 64 गेंदों पर 100 रनों की पारी खेली. उन्होंने अपनी पारी में 10 चौके और चार छक्के जमाए. श्रीलंका ने बारिश से प्रभावित इस मुक़ाबले को जीत लिया था.

ब्रैंडन मैक्कलम- वर्ल्ड टी20 का चौथा धमाकेदार शतक न्यूज़ीलैंड के तूफ़ानी बल्लेबाज़ ब्रैंडन मैक्कलम के नाम है. उन्होंने श्रीलंका में 2012 में आयोजित वर्ल्ड टी20 टूर्नामेंट के दौरान बांग्लादेश के ख़िलाफ़ 58 गेंद पर 123 रन ठोक दिए थे. इस पारी के दौरान उन्होंने 11 चौके और 7 छक्के लगाए. ये वर्ल्ड टी20 के इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है.

एलेक्स हेल्स- इंग्लैंड के तूफ़ानी बल्लेबाज़ एलेक्स हेल्स ने 2014 में बांग्लादेश में खेले गए वर्ल्ड टी-20 मुक़ाबले में श्रीलंका के ख़िलाफ़ 64 गेंद पर नाबाद 116 रन ठोक दिए थे. इस पारी में उन्होंने 11 चौके और छह छक्के जमाए. हेल्स की पारी की बदौलत इंग्लैंड ने ये मुक़ाबला चार विकेट से जीत लिया.

अहमद शहज़ाद- पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज़ अहमद शहज़ाद ने 2014 के ही वर्ल्ड टी20 में बांग्लादेश के ख़िलाफ़ 62 गेंदों पर नाबाद 111 रन ठोके. इस पारी में उन्होंने 10 चौके और पांच छक्के जमाए थे. उनकी पारी की बदौलत पाकिस्तान ये मैच 50 रन से जीतने में कामयाब रहा.

तमीम इक़बाल- बांग्लादेश के तमीम इक़बाल ने छठे वर्ल्ड कप के क्वालिफ़ाईंग राउंड में ओमान के ख़िलाफ़ शानदार शतक बनाया. 13 मार्च को धर्मशाला में खेले गए मुक़ाबले में उन्होंने 63 गेंदों पर नाबाद 113 रन बनाए. अपनी पारी में इक़बाल ने 10 चौके और 5 छक्के जमाए. उनके इस शतक की बदौलत बांग्लादेश सुपर 10 में जगह बनाने में कामयाब रहा.

क्रिस गेल- वर्ल्ड टी20 में पहला शतक बनाने वाले क्रिस गेल ने 2016 में इंग्लैंड के ख़िलाफ़ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में शानदार शतक बनाया. उन्होंने महज 48 गेंदों पर नाबाद 100 रन बनाए. इस दौरान उन्होंने वर्ल्ड टी20 का सबसे तेज़ शतक पूरा किया. गेल ने अपनी इस पारी में पांच चौके और 11 छक्के जमाए. ये वर्ल्ड टी20 की किसी एक पारी में सबसे ज़्यादा छक्कों का रिकॉर्ड है. गेल इकलौते ऐसे बल्लेबाज़ हैं जिन्होंने वर्ल्ड टी20 में दो शतक जमाए हैं.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> कर सकते हैं. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)