बिकाऊ लेखक बनने के 10 गुर

इमेज स्रोत,
शॉपहॉलिक सिरीज़, कैन यू कीप ए सीक्रेट, दि अनडोमेस्टिक गॉडेस और वेडिंग नाइट जैसी बेस्टसेलर किताबों की लेखिका हैं सोफी किनसेला.
उनके उपन्यासों का अनुवाद 40 से ज़्यादा भाषाओं में हुआ और उनके एक उपन्यास 'कन्फेशंस ऑफ ए शॉपहॉलिक पर एक फिल्म भी बनी है.
किनसेला बता रही हैं एक बेस्टसेलिंग लेखक बनने के टॉप 10 नुस्खेः
1. हमेशा अपने पास एक नोटबुक रखें
आपके दिमाग में जो कुछ भी आए आप उस नोटबुक पर सबकुछ लिखते जाएं. मुमकिन है उस वक़्त वह बात प्रासंगिक न हो लेकिन बाद में आप उससे काफी कुछ कर सकते हैं. ज़िंदगी को एक लेखक के तौर पर देखने की आदत डालें और सबकुछ लिखते रहें. किसी बात की चिंता किए बग़ैर लिखने की आदत बना लें. जब आपके पास कोई बड़ा विचार आए और आप किताब लिखना चाहें तो आपके पास लिखने के लिए पर्याप्त सामग्री होगी.
2. सोचें "क्या अगर" और पढ़ें

इमेज स्रोत, PA
दुनिया को "क्या अगर" के नज़रिये से देखना शुरू करें और एक कहानी के लिए संभावनाओं की गुंजाइश बाक़ी रखें. किसी चीज़ के छोटे पहलू की गहराई में जाकर देखना सीखें. उसके बाहरी नज़रिये से इतर कुछ और निकालने की कोशिश करें और इसमें संभावनाएं तलाशें.
अगर आपको किन्हीं ग़ैरमामूली चीजों में भी कहानी की भनक मिलती है तो आप इन संभावनाओं को खुला रखें. तब आपके पास लगातार नए विचार आएंगे. अगर आप लेखक बनना चाहते हैं तो पढ़ना बेहद ज़रूरी है. मैं बचपन से ही किताबी कीड़ा रही हूं.
3. आप वह किताब लिखें जो आप पढ़ना चाहते हैं.

इमेज स्रोत,
अमूमन लोग यह सोचते हैं कि उन्हें किसी को ख़ुश करने के लिए लिखना चाहिए चाहे वह दर्शक, आलोचक या पाठक हों. मेरा यह मानना है कि आप ख़ुद को ही एक पाठक मान लें और सोचें कि आप क्या पढ़ना चाहते हैं? आप कुछ ऐसा लिखने की कोशिश करें जो आपके लिए सुखद हो.
4. आप क्या लिख रहे हैं इस पर बात न करें
जब मैं कोई नई किताब लिखती हूं तब मैं काफी एकांतप्रिय हो जाती हूं. मेरा मानना है कि जो भी चीजें निजी तौर पर आपके दिमाग में आती हैं उस पर आप स्वतंत्र रूप से सोचना शुरू करें और इस बात की चिंता छोड़ दें कि कौन इसके बारे में कैसे सोचेगा. जैसे ही आप इसकी चर्चा करेंगे और लोगों से सुझाव मांगेंगे आपकी रचनात्मकता पर असर पड़ेगा.
5. अपनी मौलिकता के लिए किसी शैली का अनुसरण न करें

इमेज स्रोत, PA
मेरा यह मानना है कि एक लेखक के तौर पर अपनी बातों को सुनने की कोशिश करें. आप यह अंदाज़ा लगाएं कि क्या आप सचमुच लिखना बेहद पसंद करते हैं. कुछ ग़लतियों वाली शुरुआत से न डरें. आपको यह नहीं सोचना चाहिए कि आपको किस शैली में लिखना चाहिए. आप अपनी एक नई शैली बनाएं. आपको अपनी एक नई कहानी के साथ अपनी मौलिक आवाज़ की पहचान भी करनी है.
6. शुरुआत को अंजाम तक पहुंचाएं
लिखने का पहला चरण बात करने के बजाय किसी चीज़ को लिखना है. अगला चरण यह है कि आप अंतिम चरण तक पहुंचने की कोशिश करें. कई दफ़ा आप अपनी ही कहानी और किरदारों से ऊब जाते हैं. सच यह है कि हर किताब लिखना मुश्किल है ऐसे में आप अपनी कोशिश करते रहें. अगर आपकी पहली कॉपी उतनी अच्छी नहीं है तो आप इसे दोबारा लिखें.
7. टहले और कॉकटेल लें!
सभी लोग कहीं न कहीं फंसते हैं. मेरा यह मानना है कि ऐसे वक़्त में कॉकटेल काफी मददगार साबित होता है. मेरा यह मानना है कि किसी जगह पर बैठकर स्क्रीन को एकटक देखने से बुरा कुछ नहीं हो सकता. आपको इससे निकलने की कोशिश करनी चाहिए. दिमाग़ को ताज़गी देने के लिए आप टहलने भी जा सकते हैं.
8. अपनी किताब की योजना बनाएं

मेरे लिए योजना का चरण बेहद महत्तवपूर्ण है और इसमें काफ़ी महीने लगते हैं. मैं अपनी किताब के प्लॉट प्वाइंट को फाइल कार्ड पर लिखती हूं और उसे दीवार पर टांग देती हूं. उसके बाद मैं उस पर विचार करती हूं कि मुझे वह प्लॉट पसंद आ रहा है या नहीं. मेरे ख़्याल से आपको अपने लेखन की एक संरचना तैयार करनी चाहिए जिसमें शुरुआत, बीच का हिस्सा और अंत का ज़िक्र हो.
9. एक एजेंट की सेवाएं लें और उपनाम पर विचार करें
मैंने अब तक कुल 20 किताबें लिखी हैं और मेरी एक ही एजेंट है. मेरे लिए यह काफी अच्छा है क्योंकि वह मुझे दिशानिर्देश देती हैं. उन्हें यह पता होता है कि मैं जो करती हूं उसका कारोबारी पहलू क्या है.
उपनाम के भी कई फायदे हैं. इससे आपकी गोपनीयता बरकरार रहती है. मेरे ख़्याल से दूसरा कोई ऐसा करियर नहीं है जहां आप ख़ुद को पूरी तरह से बदलते हैं.
10. यह सोचकर लिखें कि आप बेहतर लिखेंगे
सबके पास एक कहानी होती है और सभी लोग लिखना सीख सकते हैं और उसमें सुधार ला सकते हैं. मैं भी हर किताब के साथ सीखती हूं. आप जो लिखते हैं आप वही लिखें.
<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए यहां <link type="page"><caption> क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> करें. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)</bold>


























