आईएस के ख़िलाफ़ सीरिया में मदद करे ऑस्ट्रेलिया

इमेज स्रोत, Getty
अमरीका ने ऑस्ट्रेलिया से औपचारिक तौर पर कहा है कि वह सीरिया में भी इस्लामिक स्टेट के ख़िलाफ़ अभियान में शामिल हो.
स्थानीय मीडिया ने यह ख़बर दी है.
वॉशिंगटन स्थित ऑस्ट्रेलियाई दूतावास को यह गुज़ारिश भेजे जाने की ख़बर है.
ऑस्ट्रेलियाई सरकार ने सिर्फ़ इतना कहा है कि वह इस पर विचार करेगी.
आईएस पर बमबारी

इमेज स्रोत, BBC World Service
ऑस्ट्रेलिया इस्लामिक स्टेट के इराक़ स्थित ठिकानों को अपना निशाना बना रहा है. अब वह सीरिया स्थिति ठिकानों पर भी हमले कर सकेगा.
ऑस्ट्रेलिया के वित्तमंत्री जो हॉकी ने कहा है कि इस्लामिक स्टेट किसी देश की सीमा का सम्मान नहीं करता और इसलिए उनका देश उसे रोकने के लिए जो भी बन पड़ेगा, करेगा. हॉकी ऑस्ट्रेलिया की राष्ट्रीय सुरक्षा समिति के सदस्य भी हैं.
ऑस्ट्रेलियाई अख़बार ने कहा है कि अमरीकी आग्रह के बाद ऑस्ट्रेलिया ख़ुफ़िया जानकारी इकट्ठा करने के काम का विस्तार कर सकेगा. वह इसके अलावा अमरीकी और गठबंधन सेनाओं के लड़ाकू जहाज़ों को सीरिया में हमले करने में मदद भी कर सकेगा.
'बड़ा बदलाव नहीं'

इमेज स्रोत, Getty
ऑस्ट्रेलियाई वायु सेना बीते साल भर से इराक़ में इस्लामिक स्टेट के ठिकानों पर बमबारी कर रहा है.
ऑस्ट्रेलियाई संसद की ख़ुफ़िया और सुरक्षा मामलों की समिति के अध्यक्ष डैन टेहन ने सरकार से अपील की है कि वह इस्लामिट स्टेट के ख़िलाफ़ अपनी कार्रवाइयों का विस्तार करे.
इसके पहले ऑस्ट्रेलिया की संयुक्त ऑपरेशन कमान के प्रमुख वाइस एडमिरल डेविड जॉन्सटन ने कहा था कि वायु सेना सीरियाई सीमा के आस पास कार्रवाई करती रही है, पर उसने सीमा को पार नहीं किया है.
उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की भूमिका बढ़ाने के मुद्दे पर कहा कि इससे कोई बहुत बड़ा बदलाव नहीं होगा.
<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> कर सकते हैं. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)</bold>


























