बोको हराम के क़ब्ज़े से '900 बंधक रिहा'

कैमरून पांच देशों वाली उस सेना का हिस्सा है जो बोको हराम के ख़िलाफ़ कार्रवाई कर रही है
इमेज कैप्शन, कैमरून पांच देशों वाली उस सेना का हिस्सा है जो बोको हराम के ख़िलाफ़ कार्रवाई कर रही है
प्रकाशित

अफ्रीकी देश कैमरून ने घोषणा की है कि उसने नाइजीरियाई चरमपंथी संगठन बोको हराम के क़ब्ज़े से 900 बंधक रिहा कराए हैं.

कैमरून के रक्षा मंत्री जोसेफ बेटी ने कहा कि नवंबर महीने के आख़िर में उनकी सेनाओं ने बोको हराम के 100 सदस्यों को मारा भी है.

कैमरून के दूरदराज के इलाके फार नॉर्थ में हुए इस अभियान की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो पाई है.

ये साफ़ नहीं है कि ये झड़प असल में कहां पर हुई, या फिर बोको हराम के क़ब्ज़े में मौजूद बंधकों को कहां रखा गया था.

बुधवार को कैमरून के सरकारी रेडियो पर जारी बयान में कहा गया कि सेना ने बड़ी मात्रा में हथिथार और गोलाबारूद के अलावा इस्लामिक स्टेट के सफेद और काले झंडे भी बरामद किए गए हैं.

बयान में रिहा कराए गए बंधकों की पहचान का ब्यौरा नहीं दिया गया है. इसलिए ये भी साफ नहीं है कि जो लोग रिहा कराए गए हैं, क्या उनमें वे 219 स्कूली छात्राएं भी हैं जिन्हें पिछले साल नाइजीरिया से अगवा किया गया था.

मानवाधिकार संगठन एमनेस्टी इंटरनेशनल का कहना है कि 2009 में बोको हराम की चरमपंथी गतिविधियां शुरू होने के बाद से कम से कम 17 हजार लोग मारे गए हैं जबकि दो हजार लोगों का अपहरण किया गया है.

<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां क्लिक करें.</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)</bold>