ज़ीका वायरस को लेकर कांग्रेस पर बरसे ओबामा

प्रकाशित

राष्ट्रपति बराक ओबामा ने अमरीकी कांग्रेस की आलोचना की क्योंकि उसने ज़ीका वायरस के फैलाव से निपटने के लिए 1.9 अरब डॉलर सहायता राशि मंजूर करने के ओबामा आग्रह को नहीं माना है.

उन्होंने चेतावनी दी है कि आने वाले समय में देश को बड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ सकत है.

बराक ओबामा की टिप्पणी ऐसे वक़्त में आई है जब ताज़ा आंकड़े दर्शाते हैं कि अमरीका में क़रीब 300 गर्भवती महिलाओं में ज़ीका वायरस परीक्षण पॉजिटिव रहा है.

इस वायरस के संक्रमण से पैदा होने वाले बच्चों में जन्मजात गंभीर समस्याएं हो सकती हैं. यह मच्छरों के काटने या फिर यौन संबंध से फैलता है.

विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने कहा है कि ज़ीका वायरस वैश्विक स्तर पर सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए आपात स्थिति पैदा कर रहा है.

इससे माइक्रोसेफली यानी जन्मजात दोष देखा जाता है जिसमें नवजात बच्चों के सिर अपेक्षाकृत छोटे आकार के होते हैं और उनके मानसिक और शारीरिक विकास में भी बाधा आ सकती है.

ब्राज़ील में माइक्रोसेफली के 1,300 मामले सामने आए हैं और करीब हज़ारों ऐसे मामले की जांच चल रही है.

हल्का बुख़ार, सिरदर्द, जोड़ों का दर्द और कंजक्टिवाइटिस ज़ीका वायरस के लक्षण हैं.

शुक्रवार को राष्ट्रपति ओबामा ने कहा कि 'सीनेट आवश्यक फंड का आधा हिस्सा देने को ही तैयार हुई है जबकि प्रतिनिधि सभा एक-तिहाई अनुदान ही देना चाहती है.'

यहां तक कि ज़ीका के लिए निर्धारित राशि को इबोला के ख़तरे से निपटने के लिए ख़र्च कर दिया गया.

ओबामा ने कहा, "हम ऐसी कोई दीवार खड़ी नहीं कर सकते हैं जिससे ज़ीका का प्रसार रोका जा सके. किसी हद तक हम ज़ीका से निपटने के लिए सीधे रास्ते को नहीं अपना रहे हैं जो आगे चलकर बहुत बड़ी समस्या का कारण बन सकता है."

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="http://www.bbc.com/hindi/multimedia/2013/03/130311_bbc_hindi_android_app_pn.shtml" platform="highweb"/></link> कर सकते हैं. आप हमें<link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और<link type="page"><caption> ट्विटर </caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link>पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)