उत्तरी साइप्रस में नाव के पलटने से सात लोगों की मौत, 23 लापता

इमेज स्रोत, Reuters
उत्तरी साइप्रस में रविवार को एक पैसेंजर नाव के पलटने से सात लोगों की मौत हो गई. हादसे के बाद 23 लोग अब भी लापता हैं, जबकि 237 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है. कुछ यात्रियों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है.
स्वघोषित तुर्की गणराज्य उत्तरी साइप्रस के प्रधानमंत्री उनाल उस्तेल ने सोशल मीडिया पर एक अपडेट में हादसे की पुष्टि की. उन्होंने बताया कि राहत और बचाव अभियान जारी है.
तुर्की के गृह मंत्रालय के मुताबिक़, हादसे के वक़्त नाव में 259 यात्री और चालक दल के आठ सदस्य सवार थे. नाव काइरेनिया पोर्ट से क़रीब चार समुद्री मील दूर समंदर में पलट गई.
समुद्री यातायात की निगरानी करने वाली मरीन ट्रैफ़िक सर्विस के मुताबिक़, नाव रविवार को स्थानीय समयानुसार सुबह 11:58 बजे उत्तरी साइप्रस के बंदरगाह से रवाना हुई थी.
हादसे के बाद सामने आई तस्वीरों में दर्जनों लोग लाइफ़ जैकेट पहने एक अन्य नाव से बंदरगाह पहुंचते दिखाई दे रहे हैं. कुछ तस्वीरों में कई लोग समुद्र में पलटी हुई नाव के ऊपर खड़े नज़र आ रहे हैं.
फ़िलहाल नाव में सवार लोगों की नागरिकता की जानकारी सामने नहीं आई है. बचाए गए यात्रियों में से घायलों की हालत कितनी गंभीर है, यह भी अभी स्पष्ट नहीं है.
गौरतलब है कि उत्तरी साइप्रस अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त देश नहीं है. यह क्षेत्र 1974 में तुर्की के सैन्य हस्तक्षेप के बाद से तुर्की के नियंत्रण में है.

























