लाइव, हूती विद्रोहियों से सऊदी अरब को बचाने के लिए ब्रिटेन तैनात करेगा टाइफून लड़ाकू विमान

यह फ़ैसला सऊदी अरब की राजधानी रियाद और देश के तटीय इलाकों में ऊर्जा प्रतिष्ठानों पर हूती विद्रोहियों के हमलों के बाद लिया गया है.

सारांश

वीडियो छोड़ें और जारी रखें
  • afghan family
  • लाइब्रेरी में घुसा भालू
  • दुनिया भर में हो रहे विरोध प्रदर्शनों पर क्या बोले मोहन भागवत?
  • दशहरे पर दिल्ली में जलेगा कॉकरोच का पुतला
  • भारत में हो रहे आंदलनों पर बोले मोहन भागवत
  • फ़्रांस हिंसा पर बोले ट्रंप
  • फ़्रांस हिंसा: आगजनी के बीच ड्रिंक इंजॉय करता दिखा कपल
  • टाइगर श्रॉफ़ पर फ़ायरिंग मामले में चश्मदीद ने आंखों देखा हाल बताया
  • अखबार डिलीवरी का ऐसा तरीका कि वायरल हो गया ये शख़्स

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा, दीपक मंडल

  1. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के इस लाइव को अब रोकने के वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल को दीजिए इजाज़त. कल सुबह एक नए लाइव ब्लॉग के साथ फिर हाज़िर होंगे.

    बीबीसी हिन्दी पर मौजूद अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर सकते हैं.

    टाइगर श्रॉफ़ फ़ायरिंग केस में गिरफ़्तार बेगूसराय का ऋतिक कुमार कौन है?

    ऑनलाइन मंगाया गया सामान एक्सपायर्ड निकले तो आपके क्या अधिकार हैं?

    सऊदी अरब में बांग्लादेशी महिला कामगार कितनी सुरक्षित हैं?

    एक सड़क हादसे ने महक को व्हीलचेयर पर ला दिया, लेकिन उनकी कहानी कैसे मिसाल बन गई

  2. हूती विद्रोहियों से सऊदी अरब को बचाने के लिए ब्रिटेन तैनात करेगा टाइफून लड़ाकू विमान, रेचल फ्लिन और जेम्स लैंडेल, राजनयिक मामलों के संवाददाता

    रॉयल एयर फ़ोर्स का टाइफून लड़ाकू विमान
    इमेज कैप्शन, रॉयल एयर फ़ोर्स का टाइफून लड़ाकू विमान

    ब्रिटेन सरकार ने कहा है कि हूती विद्रोहियों की ओर से मिसाइल और ड्रोन हमले बढ़ने के बाद सऊदी अरब की रक्षा के लिए रॉयल एयर फ़ोर्स (आरएएफ) के टाइफून लड़ाकू विमानों को तैनात किया जाएगा.

    इस रक्षात्मक अभियान का मकसद ईरान समर्थित हूती समूह के हवाई हमलों से सऊदी अरब के शहरों और बुनियादी ढांचे की सुरक्षा करना है. प्रधानमंत्री एंडी बर्नहम ने इस तैनाती को मंज़ूरी दी है.

    यह फ़ैसला सऊदी अरब की राजधानी रियाद और देश के तटीय इलाकों में ऊर्जा प्रतिष्ठानों पर हूती विद्रोहियों के हमलों के बाद लिया गया है.

    ब्रिटेन के रक्षा मंत्री वेस स्ट्रीटिंग ने मंगलवार को लिखित बयान में कहा, ''ये विमान रक्षात्मक भूमिका में काम करेंगे और हूती विद्रोहियों के ख़िलाफ़ कोई आक्रामक हमला नहीं करेंगे.''

    हूती विद्रोही यमन की अंतरराष्ट्रीय मान्यता प्राप्त सरकार के ख़िलाफ़ गृहयुद्ध लड़ रहे हैं.

    इस सरकार को सऊदी अरब का समर्थन हासिल है. हूती विद्रोहियों ने 2014 में राजधानी सना से इस सरकार को बेदखल कर दिया था.

    सितंबर से यमन में संघर्षविराम जैसी स्थिति टूटने के बाद सऊदी अरब हूती विद्रोहियों के हवाई हमलों से अपने हवाई क्षेत्र की रक्षा करने के लिए संघर्ष कर रहा है.

    हूती विद्रोहियों ने यमन की आधिकारिक रूप से मान्यता प्राप्त सरकार के ख़िलाफ़ नए सिरे से सैन्य अभियान शुरू किया और रणनीतिक रूप से अहम बाब अल-मंदेब स्ट्रेट पर प्रभावी नियंत्रण हासिल कर लिया.

  3. ‘पीस बॉन्ड’ से जुड़ी सुनवाई के दौरान नेहा के वकील ने क्या कहा, विनीत भल्ला, बीबीसी संवाददाता

    नेहा बोरा

    दिल्ली हाईकोर्ट में गुरुवार (22 अक्तूबर) को आइसा की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा की पीस बॉन्ड से जुड़ी याचिका पर सुनवाई हुई.

    बोरा ने 16 अक्तूबर को हुए 'लहरा दो तिरंगा' विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लेने के बाद एक जांच के दौरान शांति बनाए रखने के लिए 10,000 रुपये का पर्सनल बॉन्ड और एक ज़मानत देने के नोटिस को चुनौती दी थी.

    नेहा की ओर से पेश सीनियर वकील शंकरनारायणन ने दलील दी कि शांति बनाए रखने के लिए बॉन्ड भरने के संबंध में स्पेशल एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट ने उन्हें जो कारण बताओ नोटिस भेजा, वह बिना सोच-विचार किए और किसी सामग्री पर भरोसा किए बिना जारी किया गया.

    उन्होंने कहा कि मजिस्ट्रेट ने इस मामले में कोई राय भी जाहिर नहीं की.

    उन्होंने कहा कि उनकी मुवक्किल ने न तो हिंसा या अशांति भड़काने की कोई अपील की और न ही किसी को आपराधिक अपराध करने के लिए उकसाया.

    उन्होंने केवल शांतिपूर्ण प्रदर्शन में हिस्सा लिया, जो संविधान के तहत संरक्षित अधिकार है.

    उन्होंने अदालत से नोटिस रद्द करने का अनुरोध किया.

    दिल्ली पुलिस की ओर से पेश अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल (एएसजी) चेतन शर्मा ने दलील दी कि नोटिस के पीछे ‘’ठोस और पर्याप्त सामग्री” मौजूद थी.

    उन्होंने कहा कि स्पेशल एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट ने न केवल जांच अधिकारी के बयान पर विचार किया, बल्कि नेहा के ख़िलाफ़ दर्ज अन्य एफ़आईआर और जनरल डायरी (जीडी) में दर्ज एंट्री समेत दूसरे रिकॉर्ड भी देखे थे.

    इन्हीं के आधार पर कारण बताओ नोटिस जारी करने का फ़ैसला लिया गया.

    शर्मा ने कहा कि चूंकि यह शांति भंग होने से रोकने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली प्रिवेंटिव पावर है , इसलिए स्पेशल एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट मजिस्ट्रेट को केवल इस बात से संतुष्ट होना होता है कि शांति भंग होने या सार्वजनिक व्यवस्था बिगड़ने की आशंका है.

    उन्होंने कहा कि क़ानून के तहत निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया गया था.

  4. छत्तीसगढ़ में बस हादसे में 6 लोगों की मौत, 25 से अधिक घायल, आलोक पुतुल, रायपुर से बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लिए

    छत्तीसगढ़ बस हादसा

    छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर ज़िले में एक बस दुर्घटना में बस मालिक समेत 6 लोगों की मौत हो गई.

    इस दुर्घटना में 25 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें से कई की हालत गंभीर बताई जा रही है.

    जिले की एसपी रत्ना सिंह ने कहा कि इस मिनी बस में 46 लोग सवार थे.

    उन्होंने कहा, "एक मिनी बस मनेंद्रगढ़ से केल्हारी जा रही थी. सेमरमथानी इलाके में एक मोड़ के पास बस अनियंत्रित हो गई और सड़क के किनारे पेड़ से जा टकराई. पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घायलों को इलाज के लिए मनेंद्रगढ़ भेजा है."

    पुलिस का कहना है कि शुरुआती तौर पर स्टेयरिंग फेल होने की बात सामने आ रही है लेकिन पूरी जांच के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जा सकेगा.

    इधर राज्य के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को राज्य शासन की ओर से 5-5 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की है.

    उन्होंने कहा कि दुर्घटना में घायल यात्रियों का सिविल अस्पताल मनेंद्रगढ़ और जिला अस्पताल चिरमिरी में उपचार जारी है.

    गंभीर रूप से घायल 2 यात्रियों को बेहतर उपचार के लिए अंबिकापुर रेफर किया गया है.

    बस में सवार यात्रियों ने मीडिया से बातचीत में कहा कि बस की रफ़्तार तेज़ थी और मोड़ के पास बस का ड्राइवर उस पर नियंत्रण नहीं रख सका.

    एक घायल तीरथ सिंह ने बताया, " ये बस जैसे ही मुड़ी, वह सीधे पेड़ से जा कर टकरा गई. इसके बाद बस में कोहराम मच गया. मैं बस से सबसे पहले उतरा, उसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल भेजा गया."

  5. नेतन्याहू ने पीएम मोदी को इसराइल आने का दिया न्योता, स्मित मच्छर के साथ इस कार्यक्रम में शामिल होने बुलाया

    बिन्यामिन नेतन्याहू के साथ पीएम मोदी

    इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने अपने देश के स्वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मशाल जलाने के लिए बुलाया है.

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, ''मैंने अपने मित्र और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात की और उन्हें इसराइल के स्वतंत्रता दिवस पर एक बहादुर भारतीय पायलट के साथ मशाल प्रज्वलित करने के लिए आमंत्रित किया.''

    उन्होंने कहा, ''मोदी ने निमंत्रण के लिए मेरा धन्यवाद किया और कहा कि ज़मीन और आसमान, दोनों जगह भारत और इसराइल मिलकर आतंकवाद के ख़िलाफ़ लड़ रहे हैं. उन्होंने दोनों देशों के बीच दशकों पुराने मज़बूत संबंधों की भी सराहना की.''

    30 सितंबर को फ़्लाईदुबई के विमान के कॉकपिट में को-पायलट के हमले के बावजूद अपनी बहादुरी से 174 यात्रियों और क्रू मेंबर्स की जान बचाने वाले भारतीय पायलट स्मित मच्छर को इसराइल ने अपना सर्वोच्च पुरस्कार देने का फ़ैसला किया है.

    इसराइल के राष्ट्रपति इसाक हर्ज़ोग ने अक्तूबर महीने कहा था कि भारतीय पायलट को ठीक होने के बाद इसराइल का सर्वोच्च पुरस्कार दिया जाएगा.

    उन्होंने कहा था, " कैप्टन मच्छर की ज़बरदस्त बहादुरी और बेहतरीन प्रोफेशनलिज़्म ने एक बड़ी दुर्घटना को टालने में मदद की. जब वे ठीक हो जाएंगे, तो इसराइल के लोगों उन्हें 'प्रेसिडेंशियल अवॉर्ड फॉर सिविलियन हीरोइज़्म' से सम्मानित करना मेरे लिए सम्मान की बात होगी."

  6. कर्नाटक में बड़े ई-सिम बॉक्स नेटवर्क का भंडाफोड़- डिजिटल अरेस्ट, सेक्सटॉर्शन में होता था इस्तेमाल, इमरान क़ुरैशी, बेंगलुरु से बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लिए

    साइबर क्राइम

    कर्नाटक पुलिस की साइबर कमांड यूनिट ने एक ई-सिम बॉक्स नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है.

    इस नेटवर्क का इस्तेमाल देशभर में डिजिटल अरेस्ट, सेक्सटॉर्शन और वित्तीय धोखाधड़ी समेत साइबर अपराधों के लिए किया जाता था.

    यह ई-सिम बॉक्स नेटवर्क व्हाइटफील्ड इलाके के दो अपार्टमेंट से संचालित किया जा रहा था. यहां 10 सिम बॉक्स डिवाइस लगाए गए थे और हर डिवाइस में सिम कार्ड लगाने के 32 स्लॉट थे.

    इस तरह दोनों ठिकानों पर कुल 320 सिम कनेक्शन की क्षमता थी. धोखाधड़ी करने वालों के पास ई-सिम बॉक्स मिलने का यह पहला मामला है.

    कर्नाटक के साइबर कमांड के डीजीपी प्रणब मोहंती ने एक बयान में कहा, ''शुरुआती जांच से संकेत मिलता है कि इस नेटवर्क से जुड़े वित्तीय नुकसान की राशि सैकड़ों करोड़ रुपये तक पहुंच सकती है.''

    ''हालांकि, पीड़ितों की वास्तविक संख्या, वित्तीय नुकसान और नेटवर्क के विस्तार की पुष्टि की जानी बाकी है. इस संबंध में जांच जारी है और दूसरी एजेंसियों के साथ समन्वय किया जा रहा है.''

    साइबर कमांड को इस अवैध टेलीकम्युनिकेशन नेटवर्क के बारे में तब पता चला, जब भारती एयरटेल लिमिटेड के बेंगलुरु स्थित मुख्य सर्किल नोडल अधिकारी ने औपचारिक शिकायत दर्ज कराई.

    शिकायत में व्हाइटफील्ड और काडुगोडी इलाकों में सिम बॉक्स के भीतर एयरटेल के सिम कार्ड के अनधिकृत इस्तेमाल की आशंका जताई गई थी. यह शिकायत 26 अगस्त को दर्ज की गई थी.

    डीजीपी के बयान में ई-सिम बॉक्स नेटवर्क चलाने के आरोप में गिरफ्तार किए गए लोगों की कुल संख्या नहीं बताई गई है.

    हालांकि, महाराष्ट्र के तिरोड़ा के रहने वाले चार लोगों की गिरफ़्तारी का ज़िक्र किया गया है.

    इन पर नेटवर्क में इस्तेमाल के लिए सिम कार्ड बेचने और उन्हें ई-सिम प्रोफ़ाइल में बदलने का आरोप है.

    इन चार लोगों की गिरफ़्तारी को साइबर अपराध में इस्तेमाल किए जाने के संदेह वाले ई-सिम संसाधनों की खरीद, उन्हें सक्रिय कराने और नेटवर्क तक पहुंचाने की प्रक्रिया का पता लगाने की दिशा में अहम कदम बताया गया है.

    मोहंती ने कहा, ''आगे की जांच में प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका और पहचान स्थापित करने, इस मामले में शामिल अन्य लोगों का पता लगाने और सिम/ई-सिम की सप्लाई चेन और डिजिटल अरेस्ट, सेक्सटॉर्शन और वित्तीय साइबर धोखाधड़ी की संदिग्ध गतिविधियों के बीच संभावित संबंध का पता लगाने की कोशिश की जा रही है.''

  7. सऊदी अरब खुद पर हमले क्यों नहीं रोक पा रहा? | 22 अक्तूबर, 2026 | दिनभर (बीबीसी हिन्दी)

    छोड़िए YouTube पोस्ट
    Google YouTube सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

    पोस्ट YouTube समाप्त

  8. सऊदी अरब में फंसे जायरीनों को वापस लाने के लिए क्या कर रहा है भारत, विदेश मंत्रालय ने बताया

    जायरीन
    इमेज कैप्शन, अबतक 3,000 भारतीय जायरीन सऊदी अरब से भारत लौट चुके हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को कहा है रियाद स्थित भारतीय दूतावास और जेद्दाह स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास सऊदी अरब में फंसे भारतीय जायरीनों की जल्द वापसी सुनिश्चित कर रहे हैं.

    मंत्रालय ने बताया कि दूतावास इसके लिए संबंधित एयरलाइंस और टूर ऑपरेटरों के साथ सक्रिय तौर पर संपर्क में हैं.

    विदेश मंत्रालय का यह बयान दम्माम के किंग फ़हद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत और दो अन्य के घायल होने के बाद आया है.

    विदेश मंत्रालय के मुताबिक़, उपलब्ध उड़ानों के ज़रिये उमरा करने गए करीब 3,000 भारतीय जायरीन सऊदी अरब से भारत लौट चुके हैं.

    विदेश मंत्रालय ने एक्स पर लिखा, '' हमारा दूतावास और वाणिज्य दूतावास, सामुदायिक स्वयंसेवकों की मदद से हर संभव सहायता उपलब्ध करा रहे हैं. भारतीय नागरिकों की मदद के लिए 24 घंटे सक्रिय रहने वाले कंट्रोल रूम बनाए गए हैं और नियमित रूप से एडवाइज़री जारी की जा रही हैं.''

    रियाद स्थित भारतीय दूतावास और जेद्दाह स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास के 24×7 कंट्रोल रूम के संपर्क का ब्योरा इस प्रकार है-

    भारतीय दूतावास, रियाद

    • टेलीफोन: +966-554412016; +966-542126784
    • टोल-फ्री नंबर: 8002471234 (केवल सऊदी अरब के भीतर से कॉल करने के लिए)
    • व्हाट्सऐप: +966-536216082 (केवल संदेश भेजने के लिए)

    भारतीय वाणिज्य दूतावास, जेद्दाह

    • टेलीफोन: +966-12-2614093; +966-556122301
    • व्हाट्सऐप: +966-536209704 (केवल संदेश भेजने के लिए)
  9. ब्रिटेन की ये कंपनी करेगी 5000 कर्मचारियों की छंटनी, सबसे ज़्यादा असर भारत पर, लुसी हूकर, बिज़नेस रिपोर्टर

    बार्कलेज बैंकिंग समूह

    बैंकिंग ग्रुप बार्कलेज अपने कामकाज में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल बढ़ाते हुए करीब 5,000 कर्मचारियों की छंटनी कर रहा है.

    ब्रिटेन के लिए बैक-ऑफ़िस के कुछ काम भारत में किए जाते हैं, इसलिए छंटनी का एक बड़ा हिस्सा भारत में होने की आशंका है.

    बैंकिंग समूह ने कहा कि अब तक 1,000 पद खत्म किए जा चुके हैं और इस साल के अंत तक 4,000 और पद खत्म करने की उम्मीद है.

    इस तरह वैश्विक स्तर पर उसके कुल कर्मचारियों की संख्या में करीब 5 फ़ीसदी की कमी आएगी.

    बैंक की लागत घटाने की योजना मुख्य रूप से ब्रिटेन में उसके रिटेल बैंकिंग कारोबार पर केंद्रित है.

    बार्कलेज ने कहा कि ये बदलाव उसके कारोबार को आधुनिक बनाने की लगातार जारी योजना का हिस्सा हैं.

    बैंक की रणनीति में एआई का इस्तेमाल इस योजना को और प्रभावी बनाने वाला कदम है.

    बैंकिंग समूह अपने तीन साल के लागत कटौती कार्यक्रम के अंतिम चरण में है.

    यह कार्यक्रम मुख्य रूप से ब्रिटेन में उसके रिटेल बैंकिंग कारोबार पर केंद्रित रहा है, हालांकि इसका असर इन्वेस्टमेंट बैंकिंग डिवीज़न पर भी पड़ा है.

    बार्कलेज ने यह भी बताया कि सितंबर में समाप्त तीन महीनों के दौरान उसने 2.3 अरब पाउंड का मुनाफ़ा कमाया.

    यह एक साल पहले की इसी अवधि के मुकाबले ज़्यादा है, लेकिन अनुमान से थोड़ा कम है.

  10. हैरी ब्रूक ने बनाया वनडे का सबसे तेज़ दोहरा शतक, शुभमन गिल का रिकॉर्ड तोड़ा

    इंग्लैंड और श्रीलंका क्रिकेट मैच
    इमेज कैप्शन, इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने वनडे इंटरनेशनल में सबसे तेज दोहरा शतक बनाया है

    इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे तेज़ दोहरे शतक का विश्व रिकॉर्ड बना दिया है.

    पाकिस्तान में चल रही तीन देशों की वनडे प्रतियोगिता में श्रीलंका के ख़िलाफ़ रावलपिंडी में खेले जा रहे मैच में ब्रूक ने ये रिकॉर्ड बनाया.

    ब्रूक ने 114 गेंदों पर अपना दोहरा शतक पूरा किया. वह 116 गेंदों पर 202 रन बनाकर आउट हुए. उनकी पारी में 10 छक्के और 21 चौके शामिल थे.

    ब्रूक से पहले ये रिकॉर्ड भारत के कप्तान शुभमन गिल के नाम था. गिल ने इसी साल 30 सितंबर को वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़ 117 गेंदों पर दोहरा शतक पूरा किया था.

    ब्रूक की ज़ोरदार पारी के सहारे इंग्लैंड ने 50 ओवर में चार विकेट के नुक़सान पर 429 रन का स्कोर खड़ा किया.

    ब्रूक के अलावा विल जैक्स ने सिर्फ़ 30 गेंदों पर 8 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 66 रन बनाए.

  11. छत्तीसगढ़ : हवाई फ़ायरिंग करने वाली महिला पुलिस अधिकारी को क्यों भेजा गया नोटिस, आलोक पुतुल, रायपुर से बीबीसी हिन्दी के लिए

    छत्तीसगढ़

    छत्तीसगढ़ में विजयादशमी पर शस्त्र पूजा के दौरान राजनांदगांव ज़िले की एसपी अंकिता शर्मा की ओर से एके 47 से फ़ायरिंग किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है.

    इसके बाद पुलिस मुख्यालय ने इस पर उनसे स्पष्टीकरण मांगा है.

    दुर्ग रेंज के आईजी पुलिस अजय यादव ने कहा है पुलिस मुख्यालय को टिप्पणी के साथ रिपोर्ट भेजी जाएगी और दिशा-निर्देश के मुताबिक़ इस प्रकरण में समुचित और प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी.

    अजय यादव ने कहा, "पुलिस अधीक्षक द्वारा सिविल ड्रेस में हर्ष फायर करने का जो वीडियो वायरल हुआ है, उस वीडियो पर आए हुए विभिन्न प्रकार के कमेंट्स को देखते हुए नकारात्मक कमेंट्स को पुलिस की गरिमा के विपरीत पाया गया. सुरक्षा नियमों की अनदेखी को देखते हए, पुलिस मुख्यालय ने उनसे स्पष्टीकरण मांगा है. पूरा प्रकरण पुलिस मुख्यालय के संज्ञान में है."

    गौरतलब है कि विजयादशमी पर अविभाजित मध्य प्रदेश के समय से पुलिस की ओर से शस्त्र पूजा की परंपरा रही है.

    इस साल शस्त्र पूजा के दौरान राजनांदगांव की पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा का एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें वो एके-47 से फ़ायरिंग करती हुई नज़र आ रही हैं. हालांकि राज्य के दूसरे ज़िलों से भी ऐसे वीडियो सामने आए हैं, जिसमें पुलिस अधिकारी फ़ायरिंग कर रहे हैं.

    लेकिन अंकिता शर्मा की फ़ायरिंग करती हुई क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो गई और उन्हें आलोचना का सामना करना पड़ रहा है.

    बड़ी संख्या में यूजर ने उन्हें तेज़-तर्रार अधिकारी बताते हुए, इसे पुलिस परंपरा का हिस्सा बताया है और उनकी प्रशंसा की है.

    वहीं दूसरी ओर एक बड़ा वर्ग ऐसा है, जो इसकी आलोचना करते हुए, इसे अनुशासनहीनता बता रहा है.

  12. भारत ने न्यूज़ीलैंड को पहले टी-20 मैच में चार विकेट से हराया

    भारत-न्यूजीलैंड

    भारत ने क्राइस्टचर्च में खेले गए पहले टी-20 मैच में न्यूज़ीलैंड को चार विकेट से हरा दिया है.

    हेगली ओवल मैदान पर खेले गए इस मैच में न्यूज़ीलैंड ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए भारत को 226 रनों का लक्ष्य दिया था.

    भारतीय बल्लेबाज़ों को आख़िरी ओवर में आठ रन बनाने थे. जिसे नीतीश कुमार रेड्डी और नमन धीर की जोड़ी ने पूरा कर लिया.

    भारत के लिए संजू सैमसन ने सबसे ज्यादा रन बनाए. उन्होंने 33 गेंदों में आठ चौकों और चार छक्कों की मदद से 67 रन बनाए.

    वहीं, अभिषेक शर्मा ने 12 गेंदों में दो चौकों और तीन छक्कों की मदद से 29 रन बनाए.

    इससे पहले न्यूज़ीलैंड के ग्लेन फिलिप्स की तूफ़ानी हाफ़ सेंचुरी की बदौलत न्यूज़ीलैंड ने भारत को 226 रनों का लक्ष्य दिया था.

    एलन और साइफर्ट ने पहले विकेट के लिए 49 रन जोड़े. एलन ने 24 गेंदों में 45 रनों की पारी खेली. वहीं साइफर्ट ने 24 रनों का योगदान दिया. इसके अलावा, डेरिल मिचेल ने 19 गेंदों में 28 रन बनाए.

    भारत की ओर से अर्शदीप सिंह, मयंक यादव और अक्षर पटेल ने एक-एक विकेट लिया था.

  13. अखिलेश यादव ने आज़म ख़ान से मुलाक़ात पर उठे सवालों पर क्या कहा, प्रेरणा, बीबीसी संवाददाता

    अखिलेश यादव
    इमेज कैप्शन, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव रामपुर जिला जेल में आज़म ख़ान से मुलाक़ात करने से पहले

    समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज रामपुर ज़िला जेल में पार्टी के वरिष्ठ नेता आज़म ख़ान से मुलाक़ात की.

    दोनों नेताओं के बीच क़रीब एक घंटे तक बातचीत हुई. इसके बाद अखिलेश यादव आज़म ख़ान के परिवार से मिलने उनके आवास पर भी पहुंचे.

    मुलाक़ात के बाद मीडियाकर्मियों से बात करते हुए अखिलेश ने कहा कि आज़म ख़ान से उनकी लंबी बातचीत हुई और गठबंधन सहयोगियों की ओर से चुनाव को लेकर आई सूची पर भी चर्चा हुई.

    अखिलेश यादव
    इमेज कैप्शन, अखिलेश यादव जेल में आज़म ख़ान से मुलाक़ात करने के लिए जाते हुए

    आज़म ख़ान की सेहत के बारे में उन्होंने कहा कि वह पहले से बेहतर हैं, हालांकि जेल की परेशानियां बनी रहेंगी.

    मुलाक़ात के चुनावी समय से जुड़े सवाल पर अखिलेश ने कहा कि आज़म ख़ान उनके परिवार का हिस्सा हैं और परिवार के बीच मुलाक़ात कोई पहली बार नहीं हो रही है.

    अखिलेश ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा, ''आज़म ख़ान साहब के ख़िलाफ़ फ़र्ज़ी मुक़दमों को हथियार बनाया गया है और धीरे-धीरे सच्चाई सामने आएगी. बीजेपी के पास किसानों, बेरोज़गारी और महंगाई जैसे मुद्दों का कोई जवाब नहीं है.''

    वहीं, ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन यानी एआईएमआईएम के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के बयान पर अखिलेश ने कहा कि समाजवादी पार्टी का लक्ष्य भारतीय जनता पार्टी को हराना है.

    इससे पहले ओवैसी ने रामपुर में एक जनसभा के दौरान अखिलेश यादव पर सवाल उठाते हुए कहा था कि मुस्लिम मतदाताओं का समर्थन लेने वाली पार्टियां उन्हें अपना नेतृत्व करने के पर्याप्त अवसर नहीं देतीं.

    ऐसे में ओवैसी के इस बयान और आज़म ख़ान से अखिलेश के मुलाक़ात के समय को देखते हुए यह दौरा राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है.

  14. दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को दिल्ली पुलिस ने नहीं दी मंज़ूरी

    दिलजीत दोसांझ
    इमेज कैप्शन, पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को दिल्ली पुलिस ने अनुमति देने से इनकार किया

    दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा चिंताओं और त्योहारों के मौसम का हवाला देते हुए पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को अनुमति देने से इनकार कर दिया है.

    दोसांझ का कॉन्सर्ट 30 अक्तूबर को दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में होना था.

    समाचार एजेंसी पीटीआई को एक अधिकारी ने गुरुवार को यह जानकारी दी.

    समाचार एजेंसी एएनआई ने भी बताया है कि दिल्ली पुलिस ने दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को अनुमति देने से इनकार कर दिया है.

    यह फ़ैसला ऐसे समय में आया है, जब इस संगीत कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रशंसकों के पहुंचने की उम्मीद थी.

    पुलिस ने सुरक्षा कारणों से कार्यक्रम को मंजूरी नहीं दी है. हालांकि, इस फ़ैसले के पीछे की वजहों के बारे में विस्तृत जानकारी तत्काल उपलब्ध नहीं हो सकी.

  15. भारत बनाम न्यूज़ीलैंड टी-20: ग्लेन फ़िलिप्स की तूफ़ानी पारी, न्यूज़ीलैंड ने दिया 226 रनों का लक्ष्य

    ग्लेन फिलिप्स

    ग़्लेन फिलिप्स की तूफ़ानी हाफ़ सेंचुरी की बदौलत न्यूज़ीलैंड ने भारत को 226 रनों का लक्ष्य दिया है.

    भारत ने टॉस जीतकर पहले फ़ील्डिंग का फ़ैसला किया. फिन एलन और टिम साइफर्ट ने अच्छी बल्लेबाज़ी कर न्यूज़ीलैंड को तेज़ शुरुआत दिलाई.

    एलन और साइफर्ट ने पहले विकेट के लिए 49 रन जोड़े. एलन ने 24 गेंदों में 45 रनों की पारी खेली. वहीं साइफर्ट ने 24 रनों का योगदान दिया. इसके अलावा, डेरिल मिचेल ने 19 गेंदों में 28 रन बनाए.

    चार नंबर पर बल्लेबाजी करने आए फ़िलिप्स ने टीम के लिए शानदार पारी खेली.

    फिलिप्स ने सिर्फ 27 गेंदों में ही अपनी हाफ़ सेंचुरी लगाई. उन्होंने चौथे विकेट के लिए बेवन जैकब्स के साथ 32 गेंदों में 73 रनों की साझेदारी की.

    जैकब्स ने तीन छक्कों की मदद से 16 गेंदों में 31 रन बनाए.

    फिलिप्स ने 40 गेंदों में आठ चौकों और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 82 रन ठोके, जिसकी वजह से न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 225 रन बनाए.

    भारत की ओर से अर्शदीप सिंह, मयंक यादव और अक्षर पटेल ने एक-एक विकेट लिया.

  16. पैरा एशियन गेम्स के बीच भारतीय तैराक पर यौन हिंसा का आरोप, जापान से भेजे गए वापस, सीटू तिवारी

    पैरा ओलंपिक
    इमेज कैप्शन, शम्स आलम शेख़ पर जापान में होटल की एक महिला कर्मचारी के साथ यौन हिंसा करने का आरोप है

    जापान में चल रहे पैरा एशियन गेम्स से भारतीय पैरा तैराक मोहम्मद शम्स आलम शेख़ को भारत वापस भेज दिया गया है.

    शम्स आलम पर जापान में होटल की एक महिला कर्मचारी के साथ यौन हिंसा करने का आरोप है.

    'टाइम्स ऑफ़ इंडिया' की वेबसाइट पर छपी रिपोर्ट के मुताबिक़ भारतीय दल के एक अधिकारी ने इस घटना की पुष्टि करते हुए इस व्यवहार को ‘निंदनीय और असहनीय’ बताया है.

    ख़बर के मुताबिक़, इन आरोपों के बाद जापान पुलिस ने शम्स आलम शेख़ को हिरासत में लिया था. बीते मंगलवार को उन्हें भारत वापस भेज दिया गया.

    40 साल के शम्स आलम शेख़ बिहार के मधुबनी के रहने वाले हैं.

    बिहार से जापान में हो रहे पैरा एशियन गेम्स में कुल 6 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं.

    इस घटना के बाद बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रवीन्द्रण शंकरण ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी से कहा, ''हमारे पास आधिकारिक तौर पर भारतीय पैरा तैराक मोहम्मद शम्स आलम शेख़ से जुड़े कथित यौन हिंसा के मामले की जानकारी नहीं मिली है लेकिन टाइम्स ऑफ़ इंडिया की रिपोर्ट के आधार पर बिहार राज्य खेल प्राधिकरण ने पैरालम्पिक कमेटी ऑफ़ इंडिया से घटना की जानकारी मांगी है.''

    बिहार राज्य खेल प्राधिकरण की वेबसाइट पर शम्स आलम शेख़ का एक वीडियो भी उपलब्ध है जिसमें वो एशियन पैरा गेम्स में लगातार तीसरी बार अपने सेलेक्शन की ख़ुशी जाहिर कर रहे हैं.

  17. अभी तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आपतक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल रात दस बजे तक ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए इसके साथ लगे लिंक पर क्लिक करें.

    अफ़ग़ानिस्तान: 'सभी बच्चों के नाम तक याद नहीं रहते', 58 बच्चों के पिता मोहम्मद सादिक की कहानी

    रेहान वाड्रा की प्रदर्शनी से तस्वीरें हटाने का मामला, प्रियंका गांधी ने कहा- तुम पर गर्व है

    काकोरी ट्रेन लूट की पूरी कहानी, जिसने अंग्रेज़ी हुकूमत को हिलाकर रख दिया था

    ईरान: अली ख़ामेनेई की वसीयत अब तक क्यों नहीं जारी की गई?

  18. ब्रेकिंग न्यूज़, सऊदी अरब के दम्माम एयरपोर्ट पर हुए हमले में एक भारतीय की मौत

    सऊदी अरब
    इमेज कैप्शन, भारतीय दूतावास ने मृतक के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है (प्रतीकात्मक तस्वीर)

    सऊदी अरब के दम्माम एयरपोर्ट पर बुधवार रात हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य भारतीय नागरिक घायल हो गए.

    रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने सऊदी अधिकारियों के हवाले से यह जानकारी दी है.

    भारतीय दूतावास ने आधिकारिक बयान में कहा, "सऊदी के अधिकारियों ने जानकारी दी है कि कल रात दम्माम एयरपोर्ट पर हुए हमले में दो लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक भारतीय नागरिक भी शामिल है."

    बयान में कहा गया, "इस हमले में दो भारतीय नागरिक घायल भी हुए हैं. हम घटना से जुड़ी और जानकारी जुटा रहे हैं और प्रभावित परिवारों से संपर्क कर रहे हैं."

    दूतावास ने मृतक के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है.

    सऊदी अरब में हुए इन हमलों के पीछे किसका हाथ है, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है. ये घटनाएं ऐसे समय में हुई हैं, जब यमन में हूती विद्रोहियों के साथ संघर्ष जारी है.

  19. दाऊद की 'डी-कंपनी' को भारत से जोड़ने वाली संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट पर भारत ने जताई आपत्ति

    रघु पुरी
    इमेज कैप्शन, भारत ने कहा कि इस तरह की लापरवाही से संयुक्त राष्ट्र की साख को भारी नुक़सान पहुंचता है (फ़ोटो: रघु पुरी)

    भारत ने संयुक्त राष्ट्र की एक रिपोर्ट में अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम की डी-कंपनी को ‘भारत आधारित’ आपराधिक संगठन बताए जाने पर कड़ी आपत्ति जताई है.

    भारत ने रिपोर्ट में गंभीर तथ्यात्मक ग़लतियों और पक्षपात का आरोप लगाते हुए कहा कि इस तरह की लापरवाही से संयुक्त राष्ट्र की साख को भारी नुक़सान पहुंचता है.

    संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन के फ़र्स्ट सेक्रेटरी रघु पुरी ने कहा, "मेरा प्रतिनिधिमंडल दूसरे मंचों पर भी इस बात को लेकर गंभीर चिंता जता चुका है कि रिपोर्ट में ग़लतियां हैं और इसके लिए उन्हें जवाबदेह भी नहीं ठहराया जा रहा है."

    रघु पुरी ने कहा, "रिपोर्ट में कहा गया है कि 2003 में सुरक्षा परिषद ने अल-क़ायदा से संबंधों के कारण एक अपराधी समूह डी-कंपनी के लीडर को अपनी सूची में शामिल किया था. इस संगठन और इसकी सूची में शामिल लीडर दाऊद इब्राहिम की भारत में 1993 से आतंकी हमलों के सिलसिले में तलाश की जा रही है."

    पुरी ने यह भी कहा कि दाऊद इब्राहिम भारत में वॉन्टेड अपराधी हैं और संयुक्त राष्ट्र की सूची के मुताबिक़, वह उसी देश में रहते हैं, जहाँ ओसामा बिन लादेन को खोजकर मारा गया था.

    दरअसल, उनका यह संदर्भ पाकिस्तान की ओर था.

    गौरतलब है कि अमेरिकी नौसेना के सील कमांडो ने 2011 में पाकिस्तान के एबटाबाद में एक अभियान के दौरान बिन लादेन को मारा था.

  20. न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ पहले टी-20 में भारत ने टॉस जीता, गेंदबाज़ी करने का किया फ़ैसला

    श्रेयस अय्यर

    भारत ने न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ टी-20 मुक़ाबले में टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फ़ैसला किया है.

    कप्तान श्रेयस अय्यर ने प्लेइंग-11 में मयंक यादव और नीतीश कुमार रेड्डी को शामिल किया है.

    15 साल के वैभव सूर्यवंशी को एक बार फिर प्लेइंग-11 में जगह नहीं मिली है. वे इससे पहले वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़ पांच मैचों की टी-20 सिरीज़ में भी नहीं खेले थे.

    दोनों टीमों की प्लेइंग-11

    भारत: संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, नमन धीर, अक्षर पटेल, भुवनेश्वर कुमार, अर्शदीप सिंह, मयंक यादव

    न्यूज़ीलैंड: फ़िन एलन, टिम सीफ़र्ट (विकेट कीपर), डेरिल मिशेल, ग्लेन फ़िलिप्स, बेवन जैकब्स, माइकल ब्रेसवेल, मिचेल सैंटनर (कप्तान), नाथन स्मिथ, एडम मिल्ने, मैट हेनरी और लॉकी फ़र्ग्यूसन