You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

लाइव, राघव चड्ढा ने पंजाब सरकार पर लगाया बदला लेने का आरोप, वोटर लिस्ट में अपने नाम को लेकर क्या कहा

उन्होंने कहा है, ''मेरा वोटर आईडी पंजाब के मोहाली में रजिस्टर्ड है. इसके बावजूद ड्राफ़्ट वोटर लिस्ट में मतदाता सूची में मेरे नाम के सामने ‘शिफ़्टेड’ लिखा गया है.''

सारांश

लाइव कवरेज

दीपक मंडल

  1. राघव चड्ढा ने पंजाब सरकार पर लगाया बदला लेने का आरोप, वोटर लिस्ट में अपने नाम को लेकर क्या कहा

    बीजेपी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर बदले की भावना से काम करने का आरोप लगाया है.

    राघव चड्ढा ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, ''पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार ने अब बदले की राजनीति को ड्राफ़्ट वोटर लिस्ट तक पहुंचा दिया है.''

    उन्होंने लिखा, ''मैं पंजाब से राज्यसभा का मौजूदा सांसद हूं और मेरा वोटर आईडी पंजाब के मोहाली में रजिस्टर्ड है. इसके बावजूद ड्राफ़्ट वोटर लिस्ट में मतदाता सूची में मेरे नाम के सामने ‘शिफ़्टेड’ लिखा गया है.''

    ''सौभाग्य से ये अभी ड्राफ़्ट वोटर लिस्ट हैं. अंतिम वोटर लिस्ट नहीं.''

    '' 'दावे और आपत्तियों' की प्रक्रिया के दौरान नामों में सुधार किया जाता है और यह प्रक्रिया अभी जारी है.''

    ''अंतिम वोटर लिस्ट अक्टूबर 2026 में प्रकाशित होंगीं.''

    ''मैं एसआईआर के दिशा-निर्देशों के तहत उपायों का लाभ उठाने की प्रक्रिया में हूं.''

    ''यह महज किसी कर्मचारी की गलती नहीं लगती. यह राजनीतिक बदले की कार्रवाई का साफ मामला है.''

  2. ईरान ने बताया- अमेरिकी हमलों में मौतों की संख्या 18 पहुंची, 142 घायल

    ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय के जनसंपर्क निदेशक हुसैन करमानपुर ने मंगलवार को हुए अमेरिकी हवाई हमलों में हुई मौतों और घायलों के नए आंकड़े जारी किए हैं.

    बीबीसी की फ़ारसी सेवा के मुताबिक़ करमानपुर ने बताया कि इन हमलों में मारे गए लोगों की संख्या 18 और घायलों की संख्या 142 हो गई है.

    मृतकों में एक बच्चा और दो महिलाएं शामिल हैं. घायलों में 61 महिलाएं और 18 वर्ष से कम उम्र के 44 लोग शामिल हैं,

    अमेरिका ने ईरान पर कई हफ़्तों के बाद दोबारा हमला शुरू किया है. बुधवार को ईरान के सिरिक में एक शादी समारोह में हुए हमले में शुरू में चार लोगों के मारे जाने की ख़बर आई थी.

    ईरानी रेड क्रिसेंट ने बताया था कि सिरिक में एक शादी समारोह के दौरान एक घर पर अमेरिकी मिसाइल के टुकड़े गिरने से चार लोगों की मौत हुई है.

    अमेरिकी सेना के हमले के जवाब में ईरान ने जॉर्डन, कुवैत, इराक़ और बहरीन में अमेरिकी ठिकानों पर मिसाइलें और ड्रोन दागे हैं.

  3. सऊदी अरब का दावा- ईरान ने उसके तेल टैंकर पर किया हमला, फ़िलीपींस के दो नाविकों की मौत, डेविड ग्रिटन

    सऊदी अरब ने सोमवार रात अपने एक बड़े तेल टैंकर पर ईरान की ओर से किए गए कथित हमले की निंदा की है.

    इस हमले में फ़िलीपींस के दो नाविकों की मौत हो गई.

    सऊदी अरब की राष्ट्रीय शिपिंग कंपनी बाहरी ने बुधवार को पुष्टि की कि उसके सिद्र नाम के एक जहाज़ के साथ ये घटना घटी.

    समुद्री सुरक्षा कंपनियों के मुताबिक़, ओमान के मुसंदम प्रायद्वीप के उत्तर में सिद्र पर कुछ प्रोजेक्टाइल से हमला हुआ.

    इसी दौरान दक्षिण कोरिया के एक बड़े तेल टैंकर सेनेगल प्रॉस्पेरिटी को भी मुसंदम के पूर्व में निशाना बनाए जाने की ख़बर है.

    सऊदी अरब के इस आरोप पर ईरान की ओर से अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.

    हालांकि, इससे पहले ईरान ने कहा था कि होर्मुज़ स्ट्रेट से गुजरते समय दो टैंकरों में बारूदी सुंरगों से टकराने के बाद आग लग गई.

    ईरान के मुताबिक़, ये टैंकर एक ऐसे रास्ते से जा रहे थे, जिसके इस्तेमाल की अनुमति नहीं थी.

    नाविकों की मौत की खबर ऐसे समय आई है, जब अमेरिकी सेना ने ईरान पर हवाई हमले शुरू किए हैं.

    इसके जवाब में ईरानी सेना ने पड़ोसी अरब देशों में मौजूद अमेरिकी ठिकानों पर मिसाइलों और ड्रोन से हमला किया.

    जुलाई के बाद दोनों देशों के बीच यह सबसे बड़ा सैन्य टकराव है.

  4. जर्मनी: एयरपोर्ट पर 'हमले' की घटना के बाद यूरोपीय देशों की रूस को चेतावनी, पॉल किर्बी, डिजिटल एडिटर, यूरोप

    नेटो और यूरोपियन कमीशन के प्रमुखों ने चेतावनी दी है कि रूस लगातार गैर-जिम्मेदार और दुस्साहसी रवैया अपना रहा है.

    उन्होंने कहा कि अब इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए नए तरीके से जवाब देने की तैयारी करनी होगी.

    पिछले महीने जर्मनी के लीपज़िग एयरपोर्ट पर हुए एक ड्रोन हमले की कोशिश के लिए जर्मनी ने रूस को ज़िम्मेदार ठहराया है.

    यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने कहा, "लीपज़िग की घटना यूरोपीय संघ की ज़मीन पर बढ़ते तनाव का एक नया लेवल है, जिसका सीधा संबंध रूस से है."

    वॉन डेर लेयेन ने कहा, "हमें अपनी कार्रवाई तेज़ करनी होगी और इसका मतलब है कि रूस के इस गैर-जिम्मेदार रवैये का पहले से कहीं अधिक तेज़ और बेहतर तरीके से जवाब देने के लिए तैयार रहना."

    नेटो के महासचिव मार्क रुटे ने कहा कि अमेरिका समेत पूरा नेटो गठबंधन "जर्मनी के साथ पूरी एकजुटता के साथ खड़ा है."

    रूस ने जर्मनी के इन आरोपों को ख़ारिज किया है कि 4 अगस्त को विस्फोटकों से लैस एक ड्रोन ने जानबूझकर एक यूक्रेनी मालवाहक विमान को निशाना बनाया था.

    लीपज़िग/हाले एयरपोर्ट पर इस ड्रोन को एक रोबोट की मदद से निष्क्रिय कर दिया गया. माना जाता है कि दूसरा ड्रोन एक अन्य मालवाहक विमान से टकरा गया था.

    रिपोर्टों के मुताबिक, दस दिन बाद एयरपोर्ट पर एक तीसरा ड्रोन भी मिला.

    यह एयरपोर्ट नेटो के लिए एक अहम केंद्र है और यहां यूक्रेन के एंतोनोव परिवहन विमान नियमित रूप से आते-जाते हैं.

  5. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    शादी समारोह वाले घर में मौतों को ईरान ने बताया 'युद्ध अपराध', अमेरिका ने किया इनकार

    जीतेंद्र मिश्र अयोध्या राम मंदिर ट्रस्ट के पहले सीईओ होंगे, पद के लिए चुने जाने पर बोले

    पाकिस्तान में टिकटॉक पर फॉलोअर्स को लेकर दो बहनों में झगड़ा, एक की मौत