आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
तुर्की के बाद सऊदी अरब को मिला तेल-गैस भंडार
सऊदी अरब की सरकारी तेल कंपनी अरामको ने देश के उत्तरी क्षेत्र में दो नई तेल और गैस फ़ील्ड की खोज की है. सऊदी के ऊर्जा मंत्री प्रिंस अब्दुल अज़ीज़ बिन सलमान ने आधिकारिक सऊदी न्यूज़ एजेंसी एसपीए को ये जानकारी दी.
सऊदी मंत्री के हवाले से एसपीए ने बताया है कि एक प्राकृतिक गैस फ़ील्ड अल-जॉफ इलाक़े में मिली है, जिसे हदबत अल-हजरा नाम दिया गया है.
वहीं एक तेल और गैस फ़ील्ड उत्तर के सीमाई इलाक़े में मिली है, जिसे अबरक़ अल-तुलूल नाम दिया गया है.
हदबत अल-हजरा से हर दिन 16 मीलियन क्यूबिक फ़ीट प्राकृतिक गैस और 1,944 बैरल कंडेनसेट का उत्पादन हो सकता है. वहीं अबरक़ अल-तुलूल से हर दिन क़रीब 3,189 बैरल अरब सुपर लाइट क्रूड निकल सकता है.
साथ ही 1.1 मीलियन क्यूबिक फ़ीट गैस निकल सकती है. एसपीए के मुताबिक़, मंत्री ने बताया कि इसके अलावा एक अन्य मिली फ़ील्ड से रोज़ाना 2.4 मीलियन क्यूबिक फ़ीट प्राकृतिक गैस और 49 बैरल कंडेनसेट उत्पादन हो सकता है.
प्रिंस ने देश को समृद्धि देने के लिए ख़ुदा का शुक्रिया अदा किया और कहा कि सऊदी अरामको दोनों फ़ील्ड का आकलन करना जारी रखेगी और उनसे निकलने वाले गैस और तेल की मात्रा निर्धारित करने के लिए कुएं खोदेगी.
कोरोना महामारी की वजह से दुनियाभर में तेल की मांग कम हुई थी जिसकी वजह से इस तेल कंपनी को आर्थिक नुक़सान उठाना पड़ा.
स्टोरी: टीम बीबीसी
आवाज़: मोहम्मद शाहिद
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)