ऐप बनेगा आपसी सहमति से सेक्स का 'गवाह'

स्मार्टफ़ोन, ऐप, फ़ाइल फ़ोटो
प्रकाशित

बलात्कार के झूठे आरोपों से बचने के लिए एक ऐसा ऐप बनाया गया है जो आपसी सहमति से सेक्स किए जाने का गवाह बनेगा.

'वी-कंसेंट' नाम के इस ऐप के ज़रिए सेक्स करने से पहले यूज़र्स 20 सेकेंड का एक वीडियो क्लिप बनाकर बता सकते हैं कि वो किसके साथ सेक्स करने वाले हैं.

ये ऐप तभी काम करता है जब इसके कैमरे के सामने मानवीय चेहरे आएँ और सेक्स करने जा रहे दोनों लोग साफ़ शब्दों में 'यस' कहते सुने जाएँ.

लेकिन कुछ लोग इस ऐप के दुरुपयोग की 'आशंका' जता रहे हैं.

इंग्लैंड और वेल्स स्थित रेप क्राइसिस नामक सहायता ग्रुप की प्रवक्ता केटी रसेल ने बीबीसी न्यूज़बीट से कहा, "अगर कोई कैमरे के सामने सेक्स के लिए 'यस' कह रहा है तो इसका ये मतलब नहीं है कि उसने अपनी सहमति दे दी. सहमति पूरी आज़ादी के साथ, पूरी मर्जी से दी जानी ज़रूरी है."

'वीडियो काफ़ी नहीं'

बिस्तर में युगल

रसेल मानती हैं कि अगर किसी को डरा-धमका कर वीडियो बनाया गया तो इसका पता नहीं चलेगा, भले ही तेज़ आवाज़ में 'यस' कहा गया हो.

रसेल कहती हैं, "एब्यूसिव या कंट्रोलिंग रिलेशनशिप में किसी से 'ज़बरन सहमति' का वीडियो बनवाया जा सकता है."

ब्रिटेन की ही बात करते हुए वो कहती हैं कि इस ऐप से ऐसा लगता है जैसे ब्रिटेन में बलात्कार के झूठे आरोप लगना आम बात है.

जबकि हाल ही में यहाँ की एक सरकारी संस्था ने अपनी जाँच में पाया कि ब्रिटेन में बलात्कार के मामलों में लगे आरोप बहुत कम झूठे होते हैं.

इससे पहले भी ऐसे ऐप लॉन्च हो चुके हैं. 'गुडटूगो' नाम के ऐप में कई लोग सेक्स के लिए अपनी मंजूरी दे सकते थे. लेकिन ये पहली बार है जब ऐसी मंजूरी का वीडियो बनाया जा सकता है.

डेटा 7 साल तक रहेगा

मोबाइल ऐप

ऐप बनाने वाले अमरीकी डेवलपर्स के अनुसार इस ऐप में 'मंज़ूरी पर विस्तृत बातचीत की गुंजाइश है और इससे ग़लतफ़हमियाँ ख़त्म करने में मदद मिलेगी.'

उनके अनुसार अगर ऐप को लगेगा कि ये मामला सहमति का नहीं है तो वो रिकॉर्डिंग बंद कर देगा और यूजर्स से फिर से ट्राई करने को कहेगा.

डेवलपर्स ने बताया है कि इस ऐप के डेटा को इनक्रिप्टेड रूप में 7 साल तक सुरक्षित रखा जाएगा, जो केवल क़ानूनी संस्थाओं के लिए उपलब्ध होगा.

<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> कर सकते हैं. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)</bold>