मेरी कॉम और सरिता देवी रियो नहीं जा पाएँगी

इमेज स्रोत, AFP
पाँच बार की विश्व चैम्पियन और लंदन ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली भारत की महिला मुक्केबाज़ एमसी मेरी कॉम और एल सरिता देवी इस साल होने वाले रियो ओलंपिक के लिए क्वालिफ़ाई नहीं कर पाई हैं.
कज़ाख़स्तान की राजधानी अस्ताना में चल रही विश्व महिला बॉक्सिंग चैम्पियनशिप के दूसरे दौर में एमसी मेरी कॉम हार गईं और इसके साथ ही रियो जाने का उनका सपना टूट गया है.
अपने पहले मैच में मेरी कॉम ने स्वीडन की जुलियाना सोडरस्ट्रोम को मात दी थी.

इमेज स्रोत, AP
लेकिन दूसरे दौर के मैच में वे जर्मनी की अज़ीज़ी निमानी से हार गईं.
एल सरिता देवी भी विश्व चैम्पियनशिप में दूसरे दौर में हार गईं और वो भी रियो के लिए क्वालिफ़ाई नहीं कर पाईं.
मेरी पांच बार की विश्व चैंपियन हैं जबकि चार बार वो एशियन चैंपियनशिप में भी गोल्ड मेडल जीत चुकी हैं. इसके अलावा 2014 के एशियन गेम्स में भी उन्होंने गोल्ड मेडल जीता था.
वहीं, 2012 लंदन ओलंपिक में जब महिला मुक्केबाजी प्रतियोगिता को इस आयोजन में शामिल किया गया तो वो यहां कांस्य पदक जीतकर ओलंपिक में पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला मुक्केबाज़ बनीं थीं.























