आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
'उस देश का वासी हूं, जिस देश में सचिन बहता है'
महान बल्लेबाज़ सचिन तेंदुलकर के जीवन पर आधारित फ़िल्म 'सचिन ए बिलियन ड्रीम्स' का बुधवार को मुंबई में प्रीमियर हुआ.
प्रीमियर के मौके पर फ़िल्म देखने के लिए अभिनेता अमिताभ बच्चन, आमिर खान, शाहरुख खान और पूरी भारतीय टीम मौजूद थी.
'सचिन ए बिलियन ड्रीम्स' शुक्रवार को रिलीज़ रही है.
फ़िल्म देखने के बाद अभिनेता अमिताभ बच्चन ने ट्विटर पर सचिन तेंदुलकर की ख़ास अंदाज़ में तारीफ की.
अमिताभ ने ट्विटर पर लिखा, " बीती रात 'सचिन ए बिलियन ड्रीम्स' देखी. गर्व और भावनाओं से ओतप्रोत हूं. मैं उस देश का वासी हूँ जिस देश में सचिन बहता है !!!"
सचिन तेंदुलकर ने अमिताभ बच्चन का शुक्रिया अदा करते हुए लिखा, " मेरी फ़िल्म के प्रीमियर पर आपकी मौजूदगी से मैं बेहद सम्मानित हूं. आपके आशीर्वाद और शुभकामनाओं के लिए शुक्रिया."
चैंपियन्स ट्रॉफी के लिए इंग्लैंड रवाना होने के पहले भारतीय टीम भी फ़िल्म के प्रीमियर पर मौजूद थी. सचिन तेंदुलकर ने टीम के खिलाड़ियों को भी धन्यवाद दिया है.
44 साल के सचिन तेंदुलकर ने 16 बरस की उम्र में पहली बार भारतीय टीम के लिए चुने गए थे.
सचिन ने साल 2013 में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लिया. करीब 24 साल के अंतरराष्ट्रीय करियर में सचिन तेंदुलकर ने कई रिकॉर्ड अपने नाम किए.
वो टेस्ट और वनडे में सबसे ज़्यादा रन और सबसे ज्यादा शतक बनाने वाले खिलाड़ी हैं.
सचिन ने 200 टेस्ट मैचों में 53.78 के औसत से 15921 रन बनाए. टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने 51 शतक जमाए.
वनडे में सचिन ने 463 मैच खेले और 44.83 के औसत से 18426 रन बनाए. वनडे में सचिन ने 49 शतक जमाए.
सचिन के नाम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सौ शतक बनाने का रिकॉर्ड है.
सचिन भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित हैं.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए यहां क्लिक करें. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)