आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
महेंद्र सिंह धोनी से आगे निकले विराट कोहली
क्रिकेट की रिकॉर्ड बुक में लगातार नए पन्ने जोड़ रहे भारतीय कप्तान विराट कोहली ने शुक्रवार को एक और कीर्तिमान अपने नाम कर लिया.
कोहली भारत के कप्तान के तौर पर टेस्ट मैचों में सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज़ बन गए हैं.
दक्षिण अफ्रीका के ख़िलाफ जोहानिसबर्ग में खेले जा रहे तीसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन विराट कोहली ने 41 रन की उपयोगी पारी खेली और पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को पीछे छोड़ दिया.
कप्तान के तौर पर 35 मैचों में वो 65.20 के औसत से 3456 रन बना चुके हैं. कप्तान के रुप में कोहली के बल्ले से 14 शतक भी निकले हैं.
घर-बाहर हर जगह हिट
इनमें से 19 मैच उन्होंने घरेलू मैदान पर खेले हैं और 71.1 के औसत से 2062 रन बनाए हैं.
वहीं विदेशी जमीन पर कप्तान रहते हुए खेले 16 मैचों में 58.08 के औसत से उन्होंने 1394 रन बनाए हैं.
बतौर कप्तान कोहली ने घरेलू पिचों और विदेशी पिचों दोनों जगह सात-सात शतक बनाए हैं.
कोहली की पारी के दम पर भारत ने जोहानिसबर्ग टेस्ट की दूसरी पारी में 247 रन बनाए. भारत के लिए अजिंक्य रहाणे ने 48 और भुवनेश्वर कुमार ने 33 रन की पारी खेली.
कोहली ने पहली पारी में 54 रन बनाए थे और भारत के टॉप स्कोरर रहे थे.
पहली पारी में सात रन की बढ़त लेने वाली दक्षिण अफ्रीकी टीम को जीत के लिए 241 रन का लक्ष्य मिला है.
धोनी दूसरे नंबर पर
बतौर कप्तान भारत के लिए सबसे ज्यादा टेस्ट रन बनाने के मामले में अब दूसरे नंबर पर आए महेंद्र सिंह धोनी ने 60 मैचों में 40.63 की औसत से 3454 रन बनाए थे.
कप्तान के तौर पर टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीयों की सूची में लिटिल मास्टर सुनील गावस्कर तीसरे नंबर पर हैं.
गावस्कर ने बतौर कप्तान 47 टेस्ट मैचों में 50.7 के औसत से 3449 रन बनाए थे. इनमें 11 शतक शामिल थे.
सिरीज़ में सबसे कामयाब
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मौजूदा सिरीज़ में विराट कोहली के भारत के सबसे कामयाब बल्लेबाज़ रहे हैं.
उन्होंने तीन मैचों में 47.66 के औसत से 286 रन बनाए हैं. इनमें एक शतकीय पारी शामिल है.
हालांकि, बल्ले से कोहली का उम्दा प्रदर्शन दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले दो टेस्ट मैचों में भारतीय टीम को जीत नहीं दिला सका.
भारत को केपटाउन में खेले गए पहले टेस्ट मैच में 72 रन से हार झेलनी पड़ी थी. वहीं सेंचुरियन में हुए दूसरे टेस्ट मैच को दक्षिण अफ्रीका ने 135 रन से जीता था.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए यहां क्लिक करें. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)