आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
रोहित शर्मा के शतक से भारत ने जीती टी-20 सीरीज़
भारतीय क्रिकेट टीम ने रविवार को ब्रिस्टल में खेले गए अंतिम और निर्णायक टी-20 अंतर्राष्ट्रीय मैच में इंग्लैंड को सात विकेट से हरा दिया. इसके साथ ही भारत ने 2-1 से यह टी-20 सीरीज़ जीत ली
विजयी छक्का लगाकर हार्दिक पंड्या ने टीम इंडिया को जीत ज़रूर दिलाई लेकिन उनके अलावा इस मैच के दूसरे असली हीरो रहे रोहित शर्मा.
रोहित शर्मा ने शतकीय पारी खेलते हुए भारतीय टीम को जीत के लक्ष्य 199 रनों तक पहुंचाया. भारतीय टीम ने 19वें ओवर की चौथी गेंद पर कुल तीन विकेट खोकर 201 रन बनाए.
199 रनों का लक्ष्य पाने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत ख़ासी अच्छी नहीं रही और तीसरे ओवर की पहली ही गेंद पर शिखर धवन (5) के रूप में पहला विकेट गिरा वो डेविड विली की गेंद पर कैच आउट हुए.
इसके बाद बल्लेबाज़ी करने उतरे के.एल. राहुल भी 19 रन बनाकर जेक बॉल की गेंद पर कैच आउट हो गए. विराट कोहली और रोहित शर्मा की जोड़ी ने धमाकेदार बल्लेबाज़ी की.
विराट कोहली ने 43 रन और रोहित शर्मा ने नाबाद 100 रन बनाए.
पहला टी-20 मैच भारत और दूसरा इंग्लैंड ने जीता था जिसके बाद इस मैच पर क्रिकेट प्रशंसकों की सांसें अटकी हुई थीं.
इंग्लैंड की धमाकेदार शुरुआत
इससे पहले भारतीय क्रिकेट टीम ने टॉस जीतकर पहले इंग्लैंड की टीम को बल्लेबाज़ी के लिए आमंत्रित किया. इंग्लैंड ने नौ विकेट खोकर 198 रन बनाए और भारतीय टीम को 199 रनों का लक्ष्य दिया.
भारतीय टीम ने इंग्लैंड की टीम को पहले बल्लेबाज़ी के लिए आमंत्रित तो कर दिया लेकिन वह उसका पहला विकेट आठवें ओवर में चटका पाई. तब तक इंग्लैंट की टीम 94 रन बना चुकी थी.
इंग्लैंड की टीम को पहला झटका जॉस टेलर (34) के रूप में लगा. सिद्धार्थ कौल ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया. इसके बाद 10वें ओवर में जेसन रॉय का विकेट गिरा लेकिन तब तक वो 31 गेंद में 67 रन बना चुके थे.
इंग्लैंड की ओर से एलेक्स हेल्स ने 30 और जॉनी बेयरस्टॉ ने 25 रन बनाए. 20 ओवरों में नौ विकेट के नुकसान पर इंग्लैंड ने 198 रन बनाए.
हार्दिक पंड्या ने जहां 33 रन बनाए वहीं उन्होंने गेंद से भी करिश्मा दिखाते हुए चार विकेट लिए. सिद्धार्थ कौल ने दो जबकि दीपक चाहर और उमेश यादव ने एक-एक विकेट लिया.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए यहां क्लिक करें. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)