आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
भारत बनाम वेस्टइंडीज़: इस जीत का श्रेय भी विराट और श्रेयस को
कप्तान विराट कोहली के 43वें वनडे शतक और नौजवान श्रेयस अय्यर के विस्फोटक 65 रनों की बदौलत भारत ने सिरीज़ के तीसरे और आखिरी वनडे में वेस्टइंडीज को 6 विकेट से मात दे दी.
इसी के साथ ही टीम इंडिया ने टी-20 सिरीज़ के बाद तीन मैचों की वनडे सिरीज भी 2-0 से अपने नाम कर ली.
सिरीज़ का तीसरा मैच कई मायनों में पिछले मैच जैसा था.
मैदान वही, खेल का नतीजा और जिताने वाले बल्लेबाज़ वही.
दोनों ही मुक़ाबलों में बारिश हुई और डकवर्थ लुइस नियम से खेल प्रभावित हुआ.
कोहली का लगातार दूसरा शतक
पोर्ट ऑफ़ स्पेन के मैदान पर विराट कोहली ने लगातार दूसरा शतक जमाते हुए 99 गेंदों में 114 रनों की पारी खेली. उन्हें 'मैन ऑफ़ द मैच' घोषित किया गया.
नौजवान श्रेयस अय्यर ने भी मुश्किल समय में लगातार दूसरा अर्धशतक जमाकर टीम में स्थायी दावेदारी पेश की है. उन्होंने महज़ 41 गेंदों पर 158 के स्ट्राइक रेट से 65 रन उड़ाए. उन्होंने अपनी पारी में 5 लाजवाब छक्के भी लगाए.
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम ने शानदार शुरुआत की. अपने वनडे करियर का संभवत: आख़िरी मुक़ाबला खेल रहे क्रिस गेल और प्रतिभाशाली खब्बू ओपनर ई लुइस ने दस ओवरों में ही स्कोर 100 के ऊपर पहुंचा दिया.
गेल ने 41 गेंदों में 72 और लुइस ने 29 गेंदों में 43 रन बनाए.
लेकिन दोनों के आउट होते ही वेस्टइंडीज़ के बल्लेबाज़ मंद पड़ गए.
पढ़ें
बारिश से बाधित मैच में वेस्टइंडीज़ ने 35 ओवर में 7 विकेट गंवा कर 240 रन बनाए. डकवर्थ लुइस नियम के तहत भारत को जीत के लिए 35 ओवरों में 255 रनों का लक्ष्य दिया गया जिसे भारत ने 33वें ओवर में चार विकेट खोकर हासिल कर लिया.
भारत की ओर से रोहित शर्मा एक बार फिर जल्दी आउट हो गए. शिखर धवन ने 36 रन बनाए, वहीं ऋषभ पंत अपना खाता भी नहीं खोल सके.
इस मुक़ाबले की शुरुआत भारत के गेंदबाज़ों के लिए निराशाजनक रही लेकिन गेल और लुइस के आउट होने के बाद भारत ने अच्छी वापसी की. स्पिनरों के बनाए दबाव का फायदा तेज़ गेंदबाज़ों ने भी उठाया. भारत की ओर से सबसे ज़्यादा तीन विकेट खलील अहमद ने लिए, लेकिन उन्होंने 9.71 के औसत से रन लुटाए.
मोहम्मद शमी ने दो और युज़वेंद्र चहल और रविंद्र जडेजा ने एक-एक विकेट लिया.
वेस्टइंडीज़ अपने घर में ही भारत से टी-20 और वनडे सिरीज़ हार चुका है. दोनों टीमों के बीच दो मैचों की टेस्ट सिरीज़ 22 अगस्त से शुरू हो रही है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)