आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
DCvsKKR : पृथ्वी शॉ का शो, दिल्ली कैपिटल्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 7 विकेट से हराया
आईपीएल के 25वें मुक़ाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 7 विकेट से हरा दिया है.
अहमदाबाद में खेले गए इस मैच में दिल्ली ने 16.3 ओवरों में 3 विकेट के नुक़सान पर 156 रन बनाकर जीत दर्ज की.
कोलकाता नाइट राइडर्स के 155 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली टीम ने शुरुआती ओवरों से ही आक्रामक खेल दिखाया.
इसमें सबसे आक्रामक पृथ्वी शॉ रहे और उन्होंने मात्र 18 गेंदों में 9 चौकों और 1 छक्के की बदौलत अपना अर्धशतक पूरा किया.
6 ओवर में जब पहला पावरप्ले समाप्त हुआ तब तक दिल्ली ने बिना किसी नुक़सान के 67 रन बना लिए थे.
पृथ्वी और शिखर धवन पारी को आगे बढ़ाते रहे और बिना किसी नुक़सान के दिल्ली को 10वें ओवर में 95 रनों तक ले गए.
14वें ओवर में दिल्ली को पहला झटका लगा लेकिन तब तक दिल्ली जीत की दहलीज़ पर पहुंच चुकी थी.
पैट कमिंस की फ़ुल टॉस गेंद पर धवन 46 रन बनाकर एलबीडब्ल्यू आउट हुए.
15 ओवर में दिल्ली ने 1 विकेट नुक़सान पर 146 रन बना लिए थे और वह जीत से सिर्फ़ 9 रन दूर थी. लेकिन 16वें ओवर में पृथ्वी शॉ एक लंबा शॉट खेलने के चक्कर में पैट कमिंस की गेंद पर नितीश राणा को कैच थमा बैठे.
शॉ ने 41 गेंदों में 11 चौकों और 3 छक्कों की बदौलत 82 रन बनाए थे.
कमिंस ने 16वें ओवर की पांचवीं गेंद पर कप्तान ऋषभ पंत (16 रन) को भी मावी के हाथों कैच आउट कराया. इसके साथ ही कमिंस ने 4 ओवरों में 24 रन देकर 3 विकेट लिए.
हालांकि, 16.3 ओवरों में दिल्ली ने 7 विकेट से कोलकाता पर जीत दर्ज की.
कोलकाता की दबाव वाली पारी
कोलकाता ने 20 ओवरों में 6 विकेट के नुक़सान पर 154 रन बनाए थे. इसमें आंद्रे रसेल और शुभमन गिल की पारियों की बड़ी भूमिका रही.
दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान ऋषभ पंत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फ़ैसला किया था.
कोलकाता की ओर से नितीश राणा और शुभमन गिल बल्लेबाज़ी करने क्रीज़ पर उतरे थे.
कोलकाता को पहला झटका बहुत जल्दी लगा. चौथे ओवर में अक्षर पटेल की चौथी गेंद पर लंबा शॉट खेलने के चक्कर में ऋषभ पंत ने नितीश राणा को स्टंप आउट कर दिया.
नितीश राणा 12 गेंदों में 15 रन बनाकर पवेलियन लौटे.
लगातार गिरते रहे विकेट
पहला पावरप्ले यानी 6 ओवर समाप्त होने तक कोलकाता की टीम 1 विकेट के नुक़सान पर 45 रन बना चुकी थी.
लेकिन 10वें और 11वें ओवर में टीम को लगातार झटके लगे. पहले मार्कस स्टॉयनिस ने राहुल त्रिपाठी (19 रन) को ललित यादव के हाथों कैच आउट कराया.
अगले ओवर में ललित यादव ने कप्तान इयोन मॉर्गन (0) को स्मिथ के हाथों कैच आउट कराया और फिर चौथी गेंद पर सुनील नारायण (0) को क्लीन बोल्ड किया.
कोलकाता ने 11 ओवर में 4 विकेट के नुक़सान पर 75 रन बना लिए थे.
गिल ने बनाए 43 रन
हालांकि, शुभमन गिल दूसरे छोर पर टिके रहे और उनका साथ बर्थडे बॉय आंद्रे रसेल दे रहे थे.
लेकिन 13वें ओवर की अंतिम गेंद पर कोलकाता की उम्मीद शुभमन गिल भी ढह गई.
आवेश ख़ान ने गिल को स्मिथ के हाथों कैच आउट कराया. गिल 38 गेंदों में 3 चौकों और 1 छक्के की बदौलत 43 रन बनाकर गए.
15 ओवर में कोलकाता का स्कोर 5 विकेट के नुक़सान पर 95 रन था और क्रीज़ पर आंद्रे रसेल और दिनेश कार्तिक जमे हुए थे. लेकिन अगले ही ओवर में अक्षर पटेल ने दिनेश कार्तिक को 14 रन के निजी स्कोर पर चलता किया.
हालांकि, 17वें ओवर से रसेल ने अपने बल्ले के जलवे दिखाने शुरू किए और 19वें ओवर में रबाडा की अंतिम दो गेंदों पर छक्के लगाए.
रसेल 27 गेंदों में 4 छक्के 2 चौकों की बदौलत नाबाद 45 रन बनाकर गए. आंद्रे रसेल का आज जन्मदिन भी है.
दिल्ली की टीम में कंधे की चोट के कारण अमित मिश्रा को बाहर रखा गया है जबकि ललित यादव को टीम में जगह दी गई है. कोलकाता की टीम में कोई बदलाव नहीं है.
टीमें:
कोलकाता नाइट राइडर्स - ओएन मॉर्गन (कप्तान), नितीश राणा, शुभमन गिल, राहुल त्रिपाठी, दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), सुनील नारायण, आंद्रे रसल, पैट कमिंस, शिवम मावी, वरूण चक्रवर्ती, प्रसिद्ध कृष्णा.
दिल्ली कैपिटल्स - ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), शिखर धवन, पृथ्वी शॉ, स्टीव स्मिथ, शिमरॉन हेटमायर, मार्कस स्टॉयनिस, अक्षर पटेल, ईशांत शर्मा, ललित यादव, कगिसो रबाडा, आवेश ख़ान.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)