आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
IND Vs AUS: मेलबर्न टेस्ट में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 137 रन से हराकर सिरीज़ में 2-1 से बढ़त ली
मेलबर्न टेस्ट में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 137 रन से हरा कर चार मैचों की बॉर्डर-गावस्कर टेस्ट सिरीज़ में 2-1 से बढ़त ले ली है.
- टेस्ट मैचों में भारत की 150वीं जीत
- विराट कोहली ने की सौरव गांगुली की बराबरी
- जसप्रीत बुमराह बने 'मैन ऑफ़ द मैच'
- ऋषभ पंत ने विकेट के पीछे बनाया रिकॉर्ड
भारत ने ऑस्ट्रेलिया के सामने जीत के लिए 399 रनों का लक्ष्य रखा था. चौथे दिन ऑस्ट्रेलिया ने 258 रन बनाने में आठ विकेट गंवा दिये.
मैच के पांचवे और आख़िरी दिन रविवार को खेल बारिश के कारण समय से शुरू नहीं हो सका. अंपायरों ने लंच की घोषणा कर दी.
लंच के बाद जब खेल शुरू हुआ तो ऑस्ट्रेलिया को 141 रन बनाने थे. लेकिन बुमराह ने पैट कमिंस (63) को जल्द ही आउट कर दिया. कमिंस पिछले दिन के अपने स्कोर में केवल दो रन जोड़ सके.
अगले ही ओवर में ईशांत ने नाथन लियोन को भी चलता कर भारत को ऐतिहासिक जीत दिलाई.
पैट कमिंस (63) ने ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी में सर्वाधिक रन बनाए. इसके अलावा, शॉन मार्श (44 रन) ने भी अहम योगदान दिया.
ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी में जसप्रीत बुमराह और रवींद्र जडेजा ने सबसे अधिक तीन-तीन विकेट लिए, वहीं मोहम्मद शमी और इशांत शर्मा को दो-दो विकेट मिले.
बुमराह ने पहली पारी में भी छह विकेट लिए थे. उन्हें मैच में 9 विकेट लेने के लिए 'मैन ऑफ़ द मैच' दिया गया.
बुमराह ऐसे पहले भारतीय गेंदबाज़ हैं जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया में एक टेस्ट में 9 विकेट लिया है.
ऐतिहासिक 150वीं जीत
भारत की यह टेस्ट मैचों में 150वीं जीत है. साथ ही यह पहली बार है जब बॉक्सिंग डे टेस्ट में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को हराया है.
मेलबर्न टेस्ट से पहले ऑस्ट्रेलिया में भारत ने सात बॉक्सिंग डे टेस्ट खेले हैं और इनमें से पांच में उसे हार मिली जबकि दो टेस्ट ड्रॉ रहे थे.
यह भारत का 532वां टेस्ट मैच था. इनमें से अब तक भारत 165 टेस्ट हार चुका है जबकि 216 मैच ड्रॉ रहे हैं.
विराट ने की गांगुली की बराबरी
इस जीत के साथ ही विराट कोहली ने बतौर कप्तान विदेशी धरती पर जीत के मामले में सौरव गांगुली की बराबरी कर ली है. यह विराट की विदेश में 11वीं टेस्ट जीत है. गांगुली ने भी विदेशी धरती पर इतने ही टेस्ट जीते हैं.
हालांकि विराट ने अब तक विदेशी धरती पर 24 टेस्ट में कप्तनी की है जबकि गांगुली ने 28 मैचों में कप्तानी की थी.
पंत का पंच
इस ऐतिहासिक टेस्ट मैच में ऋषभ पंत ने भी एक नायाब रिकॉर्ड बना दिया है. किसी भी टेस्ट सिरीज़ में वो सबसे सफल भारतीय विकेटकीपर बन गए हैं.
पंत ने सिरीज़ में मैच अब तक 20 खिलाड़ियों को विकेट के पीछे से (कैच) आउट कर चुके हैं.
उन्होंने सयैद किरमानी के 19 खिलाड़ियों के आउट करने के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा.
सिरीज़ का अंतिम और चौथा टेस्ट मैच 3-7 जनवरी 2019 से सिडनी में खेला जाएगा.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)