आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
फ़राह ख़ान के पति से पूछा: आपके बच्चे हिंदू हैं या मुसलमान?'
- Author, नुसरत जहां
- पदनाम, बीबीसी संवाददाता
- प्रकाशित
बॉलीवुड कोरियोग्राफर और फ़िल्म निर्माता फ़राह ख़ान के पति शिरीष कुंदर ने इसी हफ्ते फ़राह और बच्चों की एक तस्वीर पोस्ट की जिसमें उन्होंने मज़ाकिया लहजे में लिखा, "मुझे पहाड़ से नीचे फेंकने के बाद गर्व से तस्वीर खिंचवा रहा मेरा परिवार."
तस्वीर में फ़राह और उनके तीनों बच्चे मरीका के ग्रैंड कैनयॉन नैशनल पार्क में एक पहाड़ी पर बैठे हैं.
शिरीष के इस ट्वीट को कई लोगों ने पसंद किया और एक मोहतरमा पूछ बैठीं, "आपके बच्चों का मजहब क्या है? वे हिंदू हैं या मुसलमान?"
शिरीष ने बिना नाराज़ हुए जवाब में लिखा, "ये इस बात पर निर्भर करता है कि अगला त्योहार कौन सा है, वैसे पिछले महीने मेरे बच्चे ईसाई थे."
शिरीष के दिलचस्प जवाब ने न केवल चर्चा को आगे बढ़ने से रोका बल्कि लोगों को असमंजस में डाल दिया कि कहीं उनकी बातों में उनकी बेगम की सोहबत का असर तो नहीं है. फ़राह को फ़िल्म इंडस्ट्री में एक खुशमिजाज़ शख्सियत माना जाता है.
शिरीष पहले भी कई बार चर्चा में रहे हैं, मगर दूसरे तरह के मामलों में.
उनकी ट्विटर पर सबसे पहली मशहूर झड़प अनुपम खेर के साथ उस समय हुई थी जब अनुपम ने असहिष्णुता के विषय पर आमिर ख़ान पर कटाक्ष किया और जवाब में शिरीष मैदान में कूद पड़े. असहिष्णुता वाला ये विवाद खूब सुर्खियों में रहा था.
शिरीष फिल्म एडिटर होने के साथ-साथ निर्देशक भी हैं. उनके हंसाने वाले ट्वीट्स की वजह से उनके ट्विटर पर ख़ासे फॉलोवर हैं.
उनसे जिस तरह का सवाल पूछा गया था वो इससे पहले करीना और सैफ़ अली ख़ान के मामले में भी देखा गया था.
करीना कपूर और सैफ़ अली ख़ान के बेटे को लेकर सोशल मीडिया पर खूब शोरशराबा हुआ था.
सोशल मीडिया पर लोग इस बात को लेकर तंज करते देखे गए थे कि आख़िर सैफ़ और करीना ने अपने बेटे का नाम एक आक्रमणकारी के नाम पर तैमूर क्यों रखा.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)