आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
काबिल और रईस के टकराव का ऋतिक को इंतज़ार
- Author, सुप्रिया सोगले
- पदनाम, मुंबई से बीबीसी हिंदी डॉट कॉम के लिए
- प्रकाशित
सलमान खान की फ़िल्म सुल्तान के साथ भिड़ने वाली शाहरुख़ खान की रईस अब ऋतिक रोशन की काबिल के साथ 25 जनवरी को भिड़ेगी. इस टकराव से निर्माता राकेश रोशन काफ़ी नाराज़ हैं उनका मानना है कि ये न सिर्फ़ ग़लत है बल्कि अनप्रोफेसल भी है और कारोबार के लिए ये ठीक भी नहीं.
वहीं काबिल फ़िल्म के हीरो ऋतिक रोशन को दोस्ती ज़्यादा प्यारी है.
आज अपना 43वां जन्मदिन मना रहे ऋतिक रोशन का कहना है कि टकराव तो अब टाला नहीं जा सकता. फ़िल्म के कारोबार से ऊपर दोस्ती के रिश्तों को एहमियत देते हुए ऋतिक रोशन का कहना है कि 'फ़िल्मों का टकराव चलेगा पर दोस्ती का टकराव नहीं होना चाहिए'.
ऋतिक बल्कि इन दोनों बड़ी फिल्मों की भिड़ंत का इंतज़ार बेसब्री से कर रहे हैं.
पापा रोशन गुस्से में
बीबीसी से ख़ास रूबरू हुए निर्माता राकेश रोशन कहते हैं कि, "मेरी फ़िल्म पिछले साल सितंबर में ही बनकर रिलीज़ हो सकती थी पर मैं किसी फ़िल्म से टकराव नहीं चाहता था इसलिए जब जनवरी में कोई फ़िल्म नहीं थी तो मैंने डेट की घोषणा की."
निर्माता होने के नाते राकेश रोशन किसी और निर्माता का नुकसान नहीं चाहते. उनके मुताबिक सिर्फ़ 300 करोड़ का बॉक्स ऑफिस है और दो बड़ी फ़िल्मों का साथ आना किसी के लिए फायेदमंद नहीं रहेगा.
गुस्सैल राकेश रोशन ने आगे कहा, "मैंने शाहरुख़ को काफ़ी समझाया, मेरे सामने तो वो जी हां कहते रहे पर पीछे से जाकर वही डेट अनाउंस कर दी. शाहरुख़, फ़रहान और रितेश काफी समझदार है पर पता नहीं ये बात क्यों नहीं समझ पाए"
संजय गुप्ता के निर्देशन में बनी काबिल में ऋतिक रोशन अंधे व्यक्ति के किरदार में नज़र आएंगे.
फ़िल्म काबिल के प्रचार में लगे ऋतिक रोशन हाल ही में दुबई के दौरे से वापिस लौटे हैं और आज अपना जन्मदिन अपने परिवार के साथ मनाने वाले हैं.