आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
बेंगलूरु: झील को बचाने के लिए लगे कैमरे
- Author, इमरान क़ुरैशी
- पदनाम, बंगलूरु से बीबीसी हिंदी डॉटकॉम के लिए
- प्रकाशित
बेंगलूरु की बेलंदूर झील को बदबूदार झाग और विषैले कचरे से बचाने के लिए अब इसके आसपास सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं.
ये कैमरे झील के आसपास कचरे फेंकने और गंदगी फैलाने वालों पर नज़र रखेंगे.
919 एकड़ में फैली बेलंदूर झील हाल ही में तब चर्चा में आ गई थी जब इससे बड़ी मात्रा में झाग निकलने लगा.
हालात तब काबू से बाहर हो गए जब झाग झील से निकलकर सड़कों पर आ गया और इससे ट्रैफ़िक तक जाम होने लगा.
झाग की ऊंडाई दोमंज़िला इमारत तक पहुंच गई.
लेक डेवलपमेंट अथॉरिटी के सीईओ जी विद्यासागर ने बीबीसी से बात करते हुए बताया कि फ़िलहाल झील के आसपास तीन ही सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं और जल्द ही और कैमरे लगेंगे.
नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल ने झील की ख़राब हालत को देखते हुए स्थानीय निकायों को तीन महीने के अंदर झील का बदबूबार झाग और विषैला कचरा हटाने का निर्देश दिया है.
एनजीटी के सख्त रवैये के बाद शहर के तमाम स्थानीय निकाय हरकत में आ गए हैं. बंगलूरु विकास प्राधिकरण झील के एक सिरे से कचरा हटाने का काम शुरू कर चुका है.
प्राधिकरण में इंजीनियर के पद पर कार्यरत वीर सिंह नाइक ने कहा, "हम जल्द ही झील से आ रही बदबू को दूर करने और पानी साफ़ करने के लिए कंपनियों से टेंडर मंगाएंगे. हमें उम्मीद है कि जल्द ही 70 फ़ीसदी तक बदबू दूर हो जाएगी."
झील के किनारों पर विशाल रैंप बनाए जा रहे हैं ताकि झाग को सड़कों पर आने से रोका जा सके. साथ ही झील में कूड़ा करकट ना मिले इसके लिए भी कोशिशें शुरू हो गई हैं.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)