'दया करके पीटर को रिहा कर दो'

इमेज स्रोत, AP
अमरीकी बंधक पीटर कासिग के माता पिता ने एक वीडियो जारी कर इस्लामिक स्टेट से दया की गुहार लगाते हुए अपने बेटे की रिहाई की अपील की है.
शनिवार को इस्लामिक स्टेट ने एक वीडियो जारी किया था जिसमें ब्रितानी बंधक एलन हेनिंग का सिर कलम करते हुए दिखाया गया था. इसी वीडियो के अंत में पीटर कासिग की हत्या की धमकी भी दी गई थी.
26 वर्षीय पीटर कासिग अमरीकी राहत कर्मी हैं और उन्होंने धर्म परिवर्तन कर अपना नाम अब्दुल रहमान रखा है
वीडियो में कासिग के माता पिता सोफे पर बैठे हैं और उनकी माँ के हाथ में पीटर की फ़ोटो है.
कासिग के माता पिता ने कहा कि उनका बेटा राहत संस्था में काम करता था और सीरिया के लोगों को मदद पहुंचाने गया था. उसने इस्लाम भी कबूल किया है.
कासिग के माता पिता ने अमरीका से अपना रवैया बदलने को भी कहा है, लेकिन साथ ही ये भी कहा है कि अमरीकी सरकार पर उनका कोई नियंत्रण नहीं है.

इमेज स्रोत, Reuters
अब तक इस्लामिक स्टेट चार बंधकों के सिर कलम करने के वीडियो जारी कर चुका है.
इससे पहले, ब्रितानी बंधक डेविड हेन्स का सिर क़लम किए जाने का वीडियो इस्लामिक स्टेट ने जारी किया था.
इस्लामिक स्टेट ने अमरीकी पत्रकारों जेम्स फ़ॉली और स्टीवेन सोटलोफ़ के सिर क़लम किए जाने का वीडियो भी जारी किया था.
एक दिन पहले ही ब्रितानी बंधक जॉन केंटली के पिता ने अपने बेटे की रिहाई की भावुक अपील की है.
पेशे से पत्रकार जॉन केंटली का 2012 में सीरिया में इस्लामिक स्टेट के चरमपंथियों ने अपहरण कर लिया था.
<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> करें. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)</bold>



















