ब्रसेल्स एयरपोर्ट मंगलवार तक बंद

इमेज स्रोत, PA
बेल्जियम की राजधानी ब्रसेल्स का इंटरनेशनल एयरपोर्ट मंगलवार से पहले नहीं खुलेगा.
अधिकारियों का कहना है कि एयरपोर्ट टर्मिनल पर न्यायिक जांच से जुड़ा काम पूरा हो चुका है लेकिन यात्रियों से जुड़ी गतिविधियां मंगलवार से पहले शुरु नहीं हो पाएंगी.
ब्रसेल्स के ज़ेवेंटम एयरपोर्ट पर 22 मार्च को आत्मघाती हमला हुआ था. उसी दिन शहर के एक मेट्रो स्टेशन पर भी हमला हुआ था.
इन हमलों में 31 लोगों की मौत हो गई थी.
हमले के बाद पहली बार एयरपोर्ट इंजीनियरों और तकनीकी काम के जानकारों की टीम को हवाई अड्डे में दाख़िल होने की इजाज़त दी गई है.
वो एयरपोर्ट टर्मिनल को हुए नुक़सान और इमारत की मज़बूती का आंकलन करेंगे. एयरपोर्ट पर सुरक्षा के नए इंतज़ाम भी किए जाएंगे.

इमेज स्रोत, Reuters
एयरपोर्ट के चेक-इन एरिया को काफ़ी नुक़सान हुआ है. वहां हुए दोनों आत्मघाती धमाके डिपार्चर हॉल के दोनों सिरों पर हुए थे.
डीएनए टेस्ट के ज़रिए दो आत्मघाती हमलावरों की पहचान नाज़िम लाकरावी और ब्राहीम अल बकरावी के रुप में हुई है.
विस्फोट के कुछ देर पहले एयरपोर्ट के एक सीसीटीवी कैमरा में उनकी तस्वीर दर्ज हुई थी. तस्वीर में दाईं तरफ उनके साथ एक तीसरा व्यक्ति भी नज़र आ रहा है. उसकी पहचान अबतक नहीं हो सकी है.
ब्राहिम के भाई ख़ालिद अल बकरावी ने माएलबीक मेट्रो स्टेशन पर हमला किया था.
अधिकारियों का कहना है कि नवंबर में पेरिस में हुए हमले के मामले में गिरफ्तार सालाह अब्देस्लाम ने ब्रसेल्स में हुए धमाके से जुड़े सवालों का जवाब देने से इनकार कर दिया है.
इस्लामिक स्टेट ने ब्रसेल्स और पेरिस पर हुए हमले की ज़िम्मेदारी ली है. पेरिस में हुए हमले में 130 लोगों की मौत हुई थी.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> करें. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)



























