आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
पहले दिन कारोबारी डील रद्द करेंगे ट्रंप
अमरीका के निर्वाचित राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने ट्रांस-पैसेफिक पार्टनरशिप ट्रेड डील रद्द करने की बात कही है.
शुरुआती 100 दिनों के कामकाज की योजना का ऐलान करने वाले एक वीडियो में ट्रंप ने कहा कि वो इस डील के बजाय ऐसे द्विपक्षीय समझौते करेंगे, जिससे अमरीका में रोज़गार और उद्योग लौटें.
इस वीडियो मैसेज में उऩ्होंने बताया कि वो जनवरी में शुरू होने वाले अपने कार्यकाल के पहले दिन ट्रांस-पैसेफिक पार्टनरशिप ट्रेड (टीपीपी) को ख़त्म करने का आदेश जारी करेंगे.
इसे ख़त्म करना ट्रंप के मुख्य चुनावी वादों में से एक था और प्रचार के दौरान उन्होंने इस मामले को ज़ोर-शोर से उठाया. वीडियो में उन्होंने ये भी बताया कि वे अपने कार्यालय के पहले 100 दिन क्या-क्या करेंगे.
टीपीपी एक बड़ा बहुराष्ट्रीय व्यापार समझौता है. इस पर उन 12 देशों ने सहमति जताई है, जो दुनिया भर की 40 फीसदी अर्थव्यवस्था को नियंत्रित करते हैं. राष्ट्रपति बराक ओबामा ट्रांस-पैसेफिक पार्टनरशिप ट्रेड यानी टीपीपी के पक्ष में रहे हैं.
ट्रंप ने वीडिया मैसेज में ये भी कहा कि वे कोयले पर पाबंदी को रद्द करने पर ज़ोर देगें और साइबर हमले से बुनियादी ढांचे को बचाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम करेंगे.
प्रवासियों के मुद्दे पर ट्रंप ने कहा कि वे उस वीज़ा कार्यक्रम की कमियों के बारे में पड़ताल करेंगे, जो अमरीकी कामगारों के अवसरों को कम करता है.
टीपीपी पर पिछले सात सालों से हो रही बातचीत के बाद फरवरी में हस्ताक्षर हुए थे. इसे राष्ट्रपति बराक ओबामा की व्यापार नीतियों का आधार माना जाता है.