आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
ट्रंप की पहली जीत... हेल्थ केयर बिल पास
अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप को अपने तीन महीने के कार्यकाल में पहली जीत नसीब हुई है.
ट्रंप 'ओबामाकेयर' को ख़त्म कर उसकी जगह जो नया हेल्थकेयर बिल लाना चाहते हैं. वो विधेयक हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स यानी प्रतिनिधि सभा में पारित हो गया है.
रिपब्लिकन को इस बिल को पारित कराने के लिए 216 वोटों की ज़रूरत थी और ये 217 वोट पाकर पारित हो गया. एक भी डेमोक्रेट ने इस बिल के पक्ष में वोट नहीं किया.
अमरीकन हेल्थ केयर एक्ट बिल के लिए रिपब्लिकन पार्टी के अंदर पर्याप्त समर्थन जुटाने के बाद इसे पास करा लिया गया.
मार्च में पर्याप्त समर्थन ना जुटा पाने के चलते मतदान के ठीक पहले इस बिल को ट्रंप सरकार ने वापस ले लिया था.
तब कुछ उनकी ही पार्टी के नेता इसलिए नाख़ुश थे कि बिल में कटौती बहुत ज़्यादा की गई है जबकि कुछ को लगा कि ये बदलाव काफी नहीं हैं.
ट्रंप ने कहा कि उन्हें इस बार भरोसा था.
ट्रंप ने कहा, "मैंने दो साल तक इसके लिए अभियान चलाया. मैं जहां भी गया मैंने ओबामाकेयर से लोगों पर पड़े बुरे असर को देखा. जहाँ तक मुझे लगता है कि बीमा के लिए आपका प्रीमियम घटना शुरू हो जाएगा. अब हम इसे सीनेट से पारित कराएंगे, मुझे पूरा भरोसा है."
ओबामा केयर की जगह लेने वाले नए बिल का डेमोक्रेट सदस्यों के अलावा मरीज़ों, डॉक्टरों औऱ अस्पतालों के कई समूहों ने इस बिल का विरोध किया, इसके पारित होने के बाद उन्होंने इसके ख़िलाफ़ नारेबाज़ी की.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए यहां क्लिक करें. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)