आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
चीन ने भारत को लेकर अपने नागरिकों को आग़ाह किया
भारत और चीन के बीच पिछले एक महीने से जारी सीमा विवाद के मद्देनज़र चीन ने अपने नागरिकों के लिए परामर्श जारी किया है.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, चीन के दिल्ली स्थित दूतावास ने भारत में रह रहे अपने नागरिकों से सचेत रहने को कहा है.
चीनी दूतावास के एक अधिकारी ने पीटीआई से कहा, "ये यात्रा चेतावनी नहीं हैं. ये सलाह है जिसमें चीनी नागरिकों से सचेत रहने को कहा गया है."
चीन ने भारत आए अपने नागरिकों से सुरक्षा स्थिति का जायज़ा लेने और ज़रूरी ऐहतियात बरतने को कहा है.
चीन और भारत के बीच सिक्किम के डोकलाम सेक्टर में तनाव बना हुआ है.
इस क्षेत्र का भारतीय नाम डोका ला है जबकि भूटान ने इसे डोकलाम नाम से मान्यता दी है. चीन का दावा है कि ये उसके डोंगलांग क्षेत्र का हिस्सा है.
जम्मू-कश्मीर से लेकर अरूणाचल प्रदेश तक भारत और चीन की सीमा 3488 किलोमीटर लंबी है जिसमें 220 किलोमीटर लंबी सीमा सिक्किम में है.