आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
जब एक समलैंगिक सांसद ने सदन में शादी के लिए प्रपोज किया
संसद में बहस चल रही हो और इस बीच एक सांसद अपने पार्टनर को प्रपोज कर दे तो आप क्या कहेंगे.
ये मामला ऑस्ट्रेलिया का है और संसद में उस वक्त समलैंगिकों की शादी को वैध करार देने के मुद्दे पर बहस चल रही थी.
सांसद टिम विल्सन इस बहस में शिरकत कर रहे थे और गे पार्टनर रेयान बॉल्गर संसद की दर्शक दीर्घा में बैठे बहस सुन रहे थे.
टिम विल्सन के प्रस्ताव पर रेयान बॉल्गर ने उतने ही जोर से कहा, 'यस.'
रेयान का इकरार इस नौ बरस पुराने रिश्ते के लिए उनके भरोसे को एक बार फिर से दोहराने जैसा था.
ऑस्ट्रेलिया के हाउस ऑफ़ रिप्रेजेंटेटिव्स में सोमवार को समलैंगिकों की शादी को वैध करार देने वाले विधेयक पर सोमवार को बहस शुरू हुई.
समलैंगिकों की शादी
पांच दिन पहले ही सीनेट ने इसे पारित किया था. अधिकारियों का अंदाजा है कि संसद के भीतर किसी को प्रपोज करने वाले टिम विल्सन पहले सांसद हैं.
भाषण के दौरान भावुक हो गए टिम विल्सन ने कहा, "अपने पहले भाषण में मैंने आपसी रिश्ते को अंगूठी के जरिए बताया था. ये अंगूठी हम दोनों के बाएं हाथ में हैं. ये अंगूठी उन सवालों का जवाब है जो हम पूछ नहीं सकते. इसलिए अब केवल एक चीज़ अधूरी रह गई है. रेयान पैट्रिक बॉल्गर, क्या तुम मुझसे शादी करोगे?"
टिम विल्सन के प्रस्ताव के साथ ही हाउस ऑफ़ रिप्रेजेंटेटिव्स का माहौल बदल गया. दूसरे सदस्यों ने इसका स्वागत करते हुए तालियां बजाईं. स्पीकर ने जोड़े को बधाई दी.
पिछले महीने में ऑस्ट्रेलियाई लोगों ने एक जनमत संग्रह में समलैंगिकों की शादी के पक्ष में वोट दिया था.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)