आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
अनिल कपूर का डायलॉग बोलने पर पाकिस्तान के पुलिसकर्मी सस्पेंड
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के पाकपत्तन में सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के चलते एक पुलिसकर्मी को सस्पेंड कर दिया गया है.
वीडियो में वो भारतीय हिंदी फ़िल्म का डायलॉग बोलते नज़र आ रहे हैं.
स्थानीय थाने के इंस्पेक्टर मोहम्मद अरशद शाह यह सबकुछ पुलिस की वर्दी में कर रहे थे, जिसके बाद उन पर यह कार्रवाई की गई है.
पुलिस के प्रवक्ता मोहम्मद आसिफ ने बीबीसी से कहा कि मंगलवार को दो वीडियो सामने आए हैं, जिसमें से एक में मोहम्मद अरशद शाह हैं, वहीं दूसरे में एक पूर्व पुलिसकर्मी नज़र आ रहे हैं.
पुलिस प्रवक्ता के मुताबिक मोहम्मद अरशद का वर्दी में यह सबकुछ करना नियमों के ख़िलाफ़ है और उन्हें सस्पेंड कर दिया गया है. उन्हें सात दिनों के अंदर अपना पक्ष रखने को कहा गया है.
वीडियो में मोहम्मद अरशद 2013 में आई फ़िल्म 'शूटआउट एट वडाला' में अनिल कपूर का डायलॉग "दो वक़्त की रोटी कमाता हूं, पांच वक़्त का नमाज़ पढ़ता हूं... इससे ज़्यादा मेरी ज़रूरत नहीं और मुझे ख़रीदने की तेरी औक़ात नहीं..." दोहराते नज़र आ रहे हैं.
एक निजी चैनल से बात करते हुए इंस्पेक्टर मोहम्मद अरशद ने कहा कि उनके भतीजे में टिकटॉक एप्प पर वीडियो बना कर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो बाद में वायरल हो गया.
- यह भी पढ़ें | सोशल मीडिया आपको कितना बीमार बना रहा है
पुलिस के मुताबिक़ दूसर वीडियो में एक पूर्व पुलिसकर्मी नज़र आ रहे हैं, वो क़रीब दो साल पुराना है. इसमें पूर्व डीएसपी अमजद नाचते दिख रहे हैं और उनकी पोस्टिंग पाकपत्तन में कभी नहीं की गई.
इससे पहले भी मार्च के महीने में नाचते हुए एक पुलिसकर्मी का वीडियो वायरल हुआ था, जिसके बाद पुलिस को इसकी जांच करनी पड़ी थी.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)