आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
अमरीका के वर्जीनिया में मास शूटिंग, 12 लोगों की मौत
अमरीका के वर्जीनिया राज्य में मास शूटिंग की घटना सामने आई है.
अभी तक प्राप्त जानकारी के अनुसार कम से कम 12 लोगों की मौत हुई है और छह घायल हुए हैं.
पुलिस का कहना है कि गोलीबारी की यह घटना वर्जीनिया बीच की एक सरकारी इमारत में हुई है.
स्थानीय पुलिस के मुताबिक़ इस वारदात को अंजाम देने वाला संदिग्ध वर्जीनिया बीच म्यूनिसिपल सेंटर का कर्मचारी है और उसने अपने कार्यस्थल में ही "अंधाधुंध" फ़ायरिंग की.
अभी तक हमलावर की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है. पुलिस का कहना है उसकी मौत हो चुकी है. घटना में एक पुलिसकर्मी भी ज़ख़्मी हुआ है.
एफ़बीआई कर रही जांच
पुलिस के अनुसार गोलीबारी की यह घटना शुक्रवार को स्थानीय समय के अनुसार शाम चार बजे के बाद हुई.
वर्जीनिया के गवर्नर राल्फ़ नॉर्थम ने कहा, "यह वर्जीनिया बीच और पूरे कॉमनवेल्थ के लिए त्रासदीपूर्ण दिन है. इस गोलीबारी के शिकार हुए लोगों और उनके परिजनों से गहरी संवेदना है. मैं वर्जीनिया बीच की ओर जा रहा हूं और एक घंटे में वहां पहुंच जाऊंगा."
वहीं वर्जीनिया बीच के मेयर बॉबी डायर ने इसे शहर के इतिहास का 'सबसे त्रासद दिन' बताया.
अमरीकी मीडिया के अनुसार एफ़बीआई घटनास्थल पर मौजूद है और घटना की जांच में स्थानीय प्रशासन की मदद कर रही है.
इस तरह की गोलाबारी की घटनाओं का लेखा-जोखा रखने वाली अमरीकी वेबसाइट 'गन वायलेंस आर्काइव' के अनुसार अमरीका में इस साल मास शूटिंग की यह 150वीं घटना है.
बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)