आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
कोरोना की चपेट में आया सऊदी अरब का शाही परिवार- प्रेस रिव्यू
सऊदी अरब में कोरोना वायरस का पहला मामला क़रीब छह सप्ताह पहले आया था और अब इस वायरस से देश का शाही परिवार दहशत में है.
दैनिक जागरण में प्रकाशित एक ख़बर के अनुसार शाही परिवार के एक क़रीबी ने बताया है कि शाही परिवार के लगभग 150 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं.
अख़बार लिखता है कि संक्रमण से सुरक्षा के लिए शाह सलमान जेद्दा शहर में एक द्वीप महल में चले गए हैं. वहीं क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान भी अपने कई मंत्रियों के साथ सुरक्षित जगह पर चले गए हैं.
कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए सऊदी अरब ने हवाई सेवाओं को प्रतिबंधित कर रखा है. साथ ही धार्मिक स्थलों की यात्रा पर भी रोक लगा रखी है.
महामारी के दौरान अमरीका में बढ़ी बंदूकों की बिक्री
कोरोना वायरस से जो देश सबसे अधिक प्रभावित हैं, अमरीका उनमें से एक है. अमरीका में अब तक इस वायरस से 16 हज़ार से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है जबकि साढ़े चार लाख से अधिक लोग इससे संक्रमित हैं.
वहीं इस दौरान अमरीका में लोग बंदूकें ख़रीदने में जुटे हुए हैं.
अमर उजाला में छपी एक ख़बर के अनुसार, लोगों में असंतोष फैलने की आशंका में अमरीकी लोग बंदूकें ख़रीदने में जुटे हैं. मार्च के महीने में अमरीका में 19 लाख बंदूकें ख़रीदी गई हैं.
यह दूसरा मौक़ा है जब देश में इतनी बड़ी संख्या में बंदूकों की ख़रीदारी की गई है. इससे पहले साल 2013 में सैंडीहुक प्राइमरी स्कूल में हुई गोलीबारी के बाद बंदूकों की ख़रीद बड़े पैमाने पर हुई थी.
हिंदुस्तान अख़बार के मुताबिक़, अमरीका में कोरोना वायरस से जितने लोगों की मौत हुई है उनमें कम से कम 11 भारतीय हैं.
संक्रमण से मरने वाले ये सभी भारतीय पुरुष थे और इनमें से 10 न्यूयॉर्क और न्यूजर्सी क्षेत्र के थे. अख़बार लिखता है कि इनमें से चार टैक्सी चलाने का काम करते थे. फ्लोरिडा में भी एक भारतीय नागरिक की मौत की ख़बर अख़बार ने दी है.
इसके अलावा अमरीका में रह रहे उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड मूल के 16 और लोगों की जांच रिपोर्ट पॉज़िटिव आई है.
वहीं अमरीका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने हाइड्रोक्सीक्लोरोक्विन दवा के निर्यात को मंज़ूरी देने के लिए भारत को धन्यवाद कहा है.
बांग्लादेश में रोहिंग्या शिविरों के लॉकडाउन की घोषणा
बांग्लादेश ने कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को रोकने के लिए कॉक्स बाज़ार ज़िले में पूर्ण लॉकडाउन की घोषमा कर दी है. यहां म्यांमार से आए क़रीब दस हज़ार रोहिंग्या शरणार्थी रहते हैं.
इस ख़बर को इंडियन एक्सप्रेस ने प्रकाशित किया है.
अख़बार के मुताबिक़, अधिकारियों ने गुरुवार को इस संबंध में जानकारी दी. विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि यह संक्रमण इस इलाक़े में तेज़ी से फैल सकता है, जहां बड़े पैमाने पर रोहिंग्या मुस्लिम शिविरों में रहते हैं.
जॉन्स हॉपकिन्स युनिवर्सिटी के आंकड़ों के मुताबिक़, बांग्लादेश में संक्रमण के 330 मामलों की पुष्टि हो चुकी है. देश में 21 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 33 लोग रीकवर भी हो चुके हैं.
तिहाड़ जेल में अब भी 16 हज़ार से अधिक कैदी
तिहाड़ जेल में मौजूद 17 हज़ार कैदियों में से अब तक 1373 कैदियों को ही कम किया जा सका है. इस पर दिल्ली हाईकोर्ट जज की अध्यक्षता वाली हाई पावर्ड कमिटी ने निराशा जताई है.
कमिटी ने जेल के डीजी और दिल्ली सरकार के गृह विभाग को कैदियों को छोड़े जाने की प्रक्रिया में तेज़ी लाने और तीन दिन के अंदर इस काम को पूरा कर लेने के निर्देश दिए हैं.
सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर ऐसा किया जा रहा है जिससे जेल परिसर के भीतर कैदियों के बीच कोरोना वायरस संक्रमण को फैलने से रोका जा सके. इस ख़बर को नवभारत टाइम्स ने प्रकाशित किया है.
- कोरोना महामारी, देश-दुनिया सतर्क
- कोरोना वायरस के क्या हैं लक्षण और कैसे कर सकते हैं बचाव
- कोरोना वायरस का बढ़ता ख़तरा, कैसे करें बचाव
- कोरोना वायरस से बचने के लिए मास्क पहनना क्यों ज़रूरी है?
- कोरोना: मास्क और सेनेटाइज़र अचानक कहां चले गए?
- अंडे, चिकन खाने से फैलेगा कोरोना वायरस?
- कोरोना वायरस: बच्चों को कोविड-19 के बारे में कैसे बताएं?
- कोरोना वायरस: संक्रमण के बाद बचने की कितनी संभावना है
- कोरोना वायरस का कहर बरपा तो संभल पाएगा भारत?
- कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों का अपमान क्यों
- कोरोना: माचिस की आग से 'स्टे होम' का संदेश
- कोरोना वायरस: क्या करेंसी नोट और सिक्कों से भी फैल सकता है?
- कोरोना वायरस: तीसरे चरण के संक्रमण से बचने के लिए कितना तैयार है भारत
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)