अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. मुझे यानी बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल को दीजिए इजाज़त.
कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
भारत की वेस्टइंडीज़ पर ऐतिहासिक जीत, 406 रन का टारगेट दो विकेट खोकर किया हासिल
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, शुभमन गिल ने 117 गेंदों पर दोहरा शतक पूरा किया. उन्होंने 26 चौके और 8 छक्के लगाए. उन्होंने 133 गेंदों पर 223 रन बनाए
भारत ने वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़ दूसरा वनडे आठ विकेट से जीत लिया. 406 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने दो विकेट के नुक़सान पर 43.3 ओवर में जीत दर्ज की.
भारत की ओर से कप्तान शुभमन गिल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दोहरा शतक लगाया. शुभमन गिल ने 117 गेंदों पर दोहरा शतक पूरा किया. उन्होंने 26 चौके और 8 छक्के लगाए. उन्होंने 133 गेंदों पर 223 रन बनाए.
क्रिकइन्फ़ो के मुताबिक़, अब शुभमन गिल वनडे की पहली और दूसरी पारी में 200 रन बनाने वाले इकलौते खिलाड़ी बन गए हैं. गिल ने एक और रिकॉर्ड बनाया. उन्होंने लक्ष्य का पीछा करते हुए सबसे बड़ा स्कोर खड़ा किया.
पहले बल्लेबाज़ी करते हुए वेस्टइंडीज़ ने 50 ओवर में 7 विकेट के नुक़सान पर 405 रन बनाए. वेस्टइंडीज़ की ओर से तीन बल्लेबाज़ों ने शतक लगाए.
इसके बाद भारतीय टीम की ओर से सलामी बल्लेबाज़ रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने अच्छी शुरुआत की. दोनों के बीच 255 रनों की साझेदारी हुई.
इसके बाद विराट कोहली क्रीज़ पर उतरे. हालांकि, वह तीन चौके और एक छक्का लगाते हुए 19 गेंदों में 29 रन बनाकर आउट हो गए.
शुभमन गिल ने 117 गेंदों पर दोहरा शतक पूरा किया. उन्होंने 24 चौके और 7 छक्के लगाए.
क्रिकइन्फ़ो के मुताबिक़ यह वनडे में अब तक का दुनिया में सबसे तेज़ दोहरा शतक है.
वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़ कप्तान शुभमन गिल का दोहरा शतक, भारत जीत के करीब
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, शुभमन गिल ने 117 गेंदों पर दोहरा शतक पूरा किया
भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़ दूसरे वनडे में दोहरा शतक लगाया.
इसके साथ ही वनडे इंटरनेशनल में उनके दो दोहरे शतक हो गए हैं.
पहले बल्लेबाज़ी करते हुए वेस्टइंडीज़ ने 50 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 405 रन बनाए.
इसके बाद भारतीय टीम की ओर से सलामी बल्लेबाज़ रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने अच्छी शुरुआत की. दोनों के बीच 255 रनों की साझेदारी हुई.
इसके बाद विराट कोहली क्रीज़ पर उतरे, हालांकि तीन चौके और एक छक्का लगाते हुए 19 गेंदों में 29 रन बनाकर आउट हो गए.
शुभमन गिल ने 117 गेंदों पर दोहरा शतक पूरा किया. उन्होंने 24 चौके और 7 छक्के लगाए. वहीं रोहित शर्मा ने 72 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया. उन्होंने 75 गेंदों पर 101 रन बनाए.
इससे पहले वेस्टइंडीज़ ने सात विकेट खो कर 405 रन बनाए थे और भारत के सामने जीत के लिए 406 रनों का लक्ष्य रखा था.
रोहित शर्मा के नाम तीन दोहरे शतक हैं. भारत की ओर से रोहित शर्मा ने आज भी शतक जड़ा.
भारत के लिए सचिन तेंदुलकर, वीरेंद्र सहवाग और ईशान किशन भी दोहरा शतक बना चुके हैं.
रूस जाने वाले भारतीयों के लिए विदेश मंत्रालय की चेतावनी, रूसी सेना में भर्ती न होने की सलाह
इमेज स्रोत, Roy Rochlin/Getty Images for Newsweek
इमेज कैप्शन, मंत्रालय ने यह भी बताया कि कुछ गैर-सरकारी संगठन और स्वयंसेवी समूह भी विदेशी नागरिकों की भर्ती कर रहे हैं (फ़ाइल फ़ोटो)
विदेश मंत्रालय ने रूस की यात्रा करने वाले भारतीय नागरिकों के लिए नई एडवाइज़री जारी की है.
मंत्रालय ने कहा है कि उसे अब भी ऐसे मामले सामने आ रहे हैं, जिनमें भारतीय नागरिक रूसी सशस्त्र बलों में भर्ती हो रहे हैं.
सरकार ने लोगों को एक बार फिर चेतावनी दी है कि विदेश में नौकरी के अवसर तलाशते समय सावधानी बरतें. साथ ही, अप्रमाणित लोगों या एजेंटों के नौकरी संबंधी प्रस्तावों के झांसे में न आएं.
मंत्रालय ने कहा कि पिछले दो वर्षों में कई बार ऐसे जोखिमों और ख़तरों को लेकर आगाह किया जा चुका है. इसके बावजूद कुछ लोग आर्थिक लाभ के लालच में रूसी सेना में भर्ती होने के प्रस्ताव स्वीकार कर रहे हैं. बाद में वे भारतीय सरकार से हस्तक्षेप कर उन्हें वहां से निकालने की मांग करते हैं. सरकार ने ऐसे कदमों को ख़तरनाक बताते हुए लोगों को इससे दूर रहने की सलाह दी है.
विदेश मंत्रालय के मुताबिक़, कुछ मामलों में भारतीय नागरिक अपनी इच्छा से भारतीय नागरिकता छोड़कर रूसी पासपोर्ट ले रहे हैं और फिर रूसी सेना में शामिल हो रहे हैं. मंत्रालय ने कहा कि लोगों को ऐसे फैसलों की गंभीरता और उनसे जुड़े जानलेवा ख़तरों को समझना चाहिए.
मंत्रालय ने यह भी कहा कि कुछ गैर-सरकारी संगठन और स्वयंसेवी समूह विदेशी नागरिकों की भर्ती कर रहे हैं. ऐसे में भारतीय नागरिक किसी भी नौकरी के प्रस्ताव को स्वीकार करने से पहले उसकी पूरी जांच-पड़ताल करें. साथ ही, केवल विदेश मंत्रालय में पंजीकृत एजेंटों के माध्यम से ही रोजगार के अवसर तलाशें.
विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत सरकार रूसी अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है ताकि रूसी सेना में मौजूद भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और भलाई सुनिश्चित की जा सके और उनकी जल्द रिहाई हो.
वेस्टइंडीज़ के खिलाफ़ रोहित-गिल के शतक, भारत ने बिना विकेट खोए 250 रन पार किए
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, कप्तान शुभमन गिल ने शानदार पारी खेलते हुए 62 गेंदों पर शतक जड़ा
वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़ दूसरे वनडे में 406 रनों का पीछा करने उतरी भारतीय टीम बिना विकेट खोए 25.1 ओवर में 251 रन बना चुकी है.
कप्तान शुभमन गिल ने शानदार पारी खेलते हुए 62 गेंदों पर शतक जड़ा. वहीं, रोहित शर्मा ने 72 गेंदों में सेंचुरी पूरी की.
गिल ने इस सिरीज़ के पहले वनडे में भी सेंचुरी बनाई थी.
पहले बल्लेबाज़ी करते हुए वेस्टइंडीज़ ने 50 ओवर में 7 विकेट के नुक़सान पर 405 रन बनाए.
वेस्टइंडीज़ की ओर से तीन बल्लेबाज़ों ने शतक लगाए. सलामी बल्लेबाज़ जॉन कैंपबेल ने 68 गेंदों पर 101 रन, शाई होप ने 94 गेंदों में 104 रन और आमिर जांगो ने 77 गेंदों में 114 रन बनाए.
वहीं भारतीय गेंदबाज़ गुरनूर बराड़ सबसे महंगे साबित हुए. उन्होंने 10 ओवर में 96 रन देकर 2 विकेट लिए. वहीं रविंद्र जडेजा और कुलदीप यादव ने दो-दो विकेट लिए.
प्रधानमंत्री मोदी और ट्रंप के बीच बातचीत, इन मुद्दों पर हुई चर्चा
इमेज स्रोत, Alexander KAZAKOV / POOL / AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, नरेंद्र मोदी ने बताया कि बातचीत के दौरान क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी बातचीत हुई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर बताया कि उनकी अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ अच्छी बातचीत हुई.
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "हमने भारत और अमेरिका के बीच व्यापार, रक्षा, ऊर्जा, क्रिटिकल टेक्नोलॉजी और दूसरे क्षेत्रों में चल रहे द्विपक्षीय सहयोग की समीक्षा की."
उन्होंने कहा कि दोनों देशों ने अपनी व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए करीबी संपर्क बनाए रखने पर सहमति जताई है.
मोदी ने बताया कि बातचीत के दौरान क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी बातचीत हुई. दोनों नेताओं ने दुनिया में शांति और सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए चल रहे प्रयासों पर चर्चा की.
इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.
पोस्ट YouTube समाप्त
वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़ भारत की ज़ोरदार शुरुआत, रोहित शर्मा का अर्धशतक
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, रोहित शर्मा 51 रन बनाकर खेल रहे हैं
गुवाहाटी में भारत और वेस्टइंडीज़ के बीच खेले जा रहे दूसरे वनडे में 406 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने अच्छी शुरुआत की है.
भारत ने 10 ओवर में 92 रन बनाए हैं. रोहित शर्मा ने 51 और शुभमन गिल 38 रन बनाकर खेल रहे हैं.
टॉस जीतकर भारत ने पहले गेंदबाज़ी करने का फ़ैसला किया था.
पहले बल्लेबाज़ी करते हुए वेस्टइंडीज़ ने 50 ओवर में 7 विकेट के नुक़सान पर 405 रन बनाए. वेस्टइंडीज़ के तीन बल्लेबाज़ों ने शतक जड़ा है.
रूस ने यूक्रेन के एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर पर किया बड़ा हमला, पांच लोगों की मौत
इमेज स्रोत, Kyiv State Emergency Service
इमेज कैप्शन, इन हमलों का असर बिजली आपूर्ति पर भी पड़ा है
रूस ने एक बार फिर यूक्रेन पर बड़ा हमला किया है. यूक्रेन के प्रधानमंत्री सेरही कोरेत्स्की के मुताबिक़, रूस ने वसंत ऋतु के बाद पहली बार यूक्रेन के एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर पर इतना बड़ा हमला किया है.
इस हमले का मुख्य निशाना यूक्रेन की राजधानी कीएव और उसके आसपास का इलाक़ा रहा.
कोरेत्स्की ने बताया कि रातभर हुए हमलों में पूरे देश में कम से कम पांच लोगों की मौत हुई है. इनमें कीएव क्षेत्र का एक बच्चा भी शामिल है.
इन हमलों का असर बिजली आपूर्ति पर भी पड़ा. यूक्रेन की सबसे बड़ी निजी एनर्जी कंपनी डीटीईके ने कहा कि राजधानी में "मुश्किल रात" के बाद 8,000 घरों की बिजली बहाल कर दी गई है.
रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि उसके निशानों में ट्रिपिल्स्का पावर स्टेशन भी शामिल था. यह कीएव को बिजली सप्लाई करने वाला सबसे बड़ा केंद्र है.
टेलीग्राम पर जारी बयान में कोरेत्स्की ने कहा, "गर्मी के मौसम के बाद शायद ही कोई ऐसा दिन गुज़रा हो, जब दुश्मन ने हमारी एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमला न किया हो."
उन्होंने कहा, "हालांकि, पिछले हीटिंग सीजन के खत्म होने के बाद इस स्तर का बड़ा और संयुक्त हमला पहली बार हुआ है."
यूक्रेन को पहले से आशंका थी कि रूस उसके बिजली नेटवर्क पर एक और लंबा हमला कर सकता है. 2022 में रूस के आक्रमण के बाद से हर सर्दी में ऐसे हमले होते रहे हैं.
प्रधानमंत्री के मुताबिक़, रातभर में यूक्रेन के 11 क्षेत्रों को निशाना बनाया गया. हमलों में रिहायशी इमारतों, सामाजिक ढांचे, नागरिक उद्योगों और रेलवे नेटवर्क को भी नुक़सान पहुंचा है.
वेस्टइंडीज़ ने भारत के ख़िलाफ़ दूसरे वनडे में खड़ा किया 405 रन का स्कोर, तीन बल्लेबाज़ों ने लगाए शतक
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, सलामी बल्लेबाज़ जॉन कैंपबेल ने 68 गेंदों पर 101 रन बनाए
गुवाहाटी में भारत और वेस्टइंडीज़ के बीच खेले जा रहे दूसरे वनडे में वेस्टइंडीज़ ने भारत को 406 रनों का लक्ष्य दिया है.
टॉस जीतकर भारत ने पहले गेंदबाज़ी करने का फ़ैसला किया.
पहले बल्लेबाज़ी करते हुए वेस्टइंडीज़ ने 50 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 405 रन बनाए. वेस्टइंडीज़ के बल्लेबाज़ों ने भारतीय गेंदबाज़ों की जमकर धुनाई की.
वेस्टइंडीज़ की ओर से तीन बल्लेबाज़ों ने शतक लगाए. सलामी बल्लेबाज़ जॉन कैंपबेल ने 68 गेंदों पर 101 रन, शाई होप ने 94 गेंदों में 104 रन और आमिर जांगो ने 77 गेंदों में 114 रन बनाए.
वहीं भारतीय गेंदबाज़ गुरनूर बराड़ सबसे महंगे साबित हुए. उन्होंने 10 ओवर में 96 रन देकर 2 विकेट लिए. वहीं रविंद्र जडेजा और कुलदीप यादव ने दो-दो विकेट लिए.
एचडी कुमारस्वामी का शिवकुमार पर बड़ा आरोप, बोले- 'उनके एक फ़ैसले से राज्य को 3 लाख करोड़ रुपए का नुक़सान', इमरान क़ुरैशी, बेंगलुरु से बीबीसी हिन्दी के लिए
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, मुख्यमंत्री शिवकुमार ने कहा कि उनके परिवार की करीब 1,400 करोड़ रुपये की संपत्ति पूरी तरह वैध है
कर्नाटक की सियासत में पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा, उनके बेटे और केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी और मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के बीच दशकों पुरानी सियासी प्रतिद्वंद्विता एक बार फिर सामने आ गई है.
इस बार कुमारस्वामी ने आरोप लगाया है कि बेंगलुरु-मैसूरु इंफ्रास्ट्रक्चर कॉरिडोर परियोजना में एक उद्योगपति के साथ हुए फ्रेमवर्क समझौते में बदलाव की वजह से राज्य के खजाने को तीन लाख करोड़ रुपये का नुक़सान हुआ.
कुमारस्वामी के मुताबिक, साल 2004 में एसएम कृष्णा सरकार में शहरी विकास मंत्री रहे डीके शिवकुमार ने नंदी इंफ्रास्ट्रक्चर कॉरिडोर एंटरप्राइज (एनआईसीई) के अशोक खेनी के साथ मिलकर कॉरिडोर परियोजना के आसपास बनने वाली टाउनशिप में बेचने लायक इलाक़े को 45 फ़ीसदी से बढ़ाकर 55 फ़ीसदी कर दिया था.
कुमारस्वामी का आरोप है कि इसी वजह से इस परियोजना से जुड़े ज़मीन के सौदों में शिवकुमार की संपत्ति चार करोड़ रुपये से बढ़कर 1444 करोड़ रुपये तक पहुंच गई. उन्होंने कहा कि मूल फ्रेमवर्क समझौते को 1997 में जेएच पटेल की जनता दल सरकार ने मंजूरी दी थी.
आरोपों पर मुख्यमंत्री शिवकुमार क्या बोले
इन आरोपों पर जवाब देते हुए डीके शिवकुमार ने कहा कि उनकी सारी संपत्तियों की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दी जा चुकी है.
उन्होंने पत्रकारों से कहा, "मैं अमीर हूं, मैं इसे स्वीकार करता हूं. क्या एक किसान का बेटा, जिसका अपना कारोबार है, संपत्ति नहीं बना सकता?"
शिवकुमार ने कहा कि उनके परिवार की करीब 1,400 करोड़ रुपये की संपत्ति पूरी तरह वैध है. इसे कारोबार और निवेश के जरिए बनाई गई है.
उन्होंने कहा, "इसमें ग़लत क्या है? अगर उनके पास कोई दस्तावेज़ हैं तो वे आयकर विभाग को दे दें."
उन्होंने यह भी कहा कि बंगारप्पा के मुख्यमंत्री रहने के दौरान (1990-92) 99 हज़ार रुपये में खरीदा गया एक प्लॉट आज 20 करोड़ रुपये का हो चुका है.
नीस परियोजना को देवेगौड़ा ने 1994-96 के दौरान मुख्यमंत्री रहते हुए मंजूरी दी थी.
एचडी देवेगौड़ा, एचडी कुमारस्वामी, और डीके शिवकुमार के बीच राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता की शुरुआत 1989 के विधानसभा चुनाव से मानी जाती है, जब शिवकुमार ने एचडी देवेगौड़ा को चुनाव में हराया था.
बीजेपी बोली, 'इंडी गठबंधन राहुल गांधी को अपना नेता मानने को तैयार नहीं'
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, बीजेपी नेता और कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान (फ़ाइल फ़ोटो)
दिल्ली में विपक्षी दलों के इंडिया गठबंधन की बैठक के बाद बीजेपी ने एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस कर कांग्रेस और गठबंधन की आलोचना की.
कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, "एक के बाद एक चुनाव में कांग्रेस की हार के बाद देश ये सोचता था कि वह अपनी ग़लतियों के लिए जनता से माफी मांगेगी और आत्मचिंतन करेगी. लेकिन कांग्रेस ने तय कर रखा है कि वह नहीं सुधरेगी."
उन्होंने कहा, "राहुल गांधी हों या मल्लिकार्जुन खड़गे, अपनी ग़लतियों के लिए माफी मांगने के बजाय वो भ्रम फैला रहे हैं. झूठ बोल रहे हैं और मनगढ़ंत आरोप लगा रहे हैं."
"आज इंडी गठबंधन की बैठक थी, लेकिन बैठक से पहले ही गठबंधन बिखरा हुआ दिखा. यूपी में चुनाव होने वाले हैं, अखिलेश यादव कहां थे? अगर मुद्दा इतना अहम है तो अखिलेश यादव वहां क्यों नहीं थे?"
उन्होंने कहा, "डीएमके प्रमुख स्टालिन, जेएमएम प्रमुख हेमंत सोरेन और आप के अरविंद केजरीवाल भी नदारद थे. वहीं उद्धव ठाकरे भी वहां नहीं पहुंचे और वर्चुअली जुड़े."
उन्होंने कहा कि इंडी गठबंधन राहुल गांधी को अपना नेता मानने को तैयार नहीं है.
दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में बुधवार को विपक्षी दलों के गठबंधन 'इंडिया' ब्लॉक की मीटिंग हुई. इस बैठक में 19 विपक्षी पार्टियां शामिल हुईं.
महिलाओं के ख़िलाफ़ बढ़ते अपराध को लेकर दिल्ली में लड़कियों का प्रदर्शन
इमेज कैप्शन, महिलाओं के ख़िलाफ़ अपराध की कई घटनाओं के बाद प्रदर्शन करतीं जीसस एंड मैरी कॉलेज की लड़कियां
दिल्ली में महिलाओं के ख़िलाफ़ अपराध की कई घटनाओं के बाद पिछले कुछ दिनों से दिल्ली यूनिवर्सिटी के अलग-अलग कॉलेजों में लड़कियां प्रदर्शन कर रही हैं.
इसी सिलसिले में आज जीसस एंड मैरी कॉलेज की लड़कियों ने एक प्रदर्शन किया.
बीबीसी संवाददाता दिलनवाज़ पाशा ने बताया कि करीब 200 लड़कियों ने कैंपस के अंदर अपनी आवाज़ बुलंद की. उनके हाथों में अलग-अलग पोस्टर थे.
इससे पहले श्यामा प्रसाद मुखर्जी कॉलेज की लड़कियों ने भी प्रदर्शन किया था.देखें जीसस एंड मैरी कॉलेज की तस्वीरें-
'एमपी, बिहार, हरियाणा में वोट चोरी और बंगाल में लूट', ममता बनर्जी ने और क्या-क्या कहा?
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी बुधवार को इंडिया गठबंधन की बैठक में शामिल हुईं
पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इंडिया गठबंधन की बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से इस्तीफ़े की मांग की.
उन्होंने कहा कि वोट चोरी करके बीजेपी मध्यप्रदेश, हरियाणा और बिहार में जीती और बंगाल में लूट की. हम सुप्रीम कोर्ट भी जा चुके हैं और सभी दरवाजे खटखटा चुके हैं.
ममता बनर्जी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से इस्तीफ़े की मांग की.
ममता बनर्जी ने कहा, "आइए लोकतंत्र को बचाएं और लोगों की सुरक्षा और वोटिंग के अधिकारों को सुरक्षित करें. ये हमारे संवैधानिक अधिकार हैं. लोगों के प्रति हमारी यह ज़िम्मेदारी है."
"अगर लोग वोट नहीं दे पा रहे हैं, अगर उनके वोट लूटे जा रहे हैं या उनके साथ धोखाधड़ी हो रही है, तो देश किस ओर जाएगा? इसलिए, हमारी गुजारिश है. यह हमारी मांग है."
दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में विपक्षी दलों के गठबंधन 'इंडिया' ब्लॉक की मीटिंग हुई. कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने एक्स पर पोस्ट बताया कि इस बैठक में 19 पार्टियां शामिल हुईं. इस बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने की.
असम सरकार का दावा, 'सरकारी स्कूलों का कोई भी दौरा कर सकता है, कोई रोक-टोक नहीं'
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा (फ़ाइल फ़ोटो)
असम के मुख्यमंत्री कार्यालय ने एक्स पर पोस्ट कर बताया कि असम में सरकारी स्कूलों में लोगों के आने-जाने पर रोक और इसके लिए इजाज़त लेने की खबर झूठी है.
कार्यालय ने बताया कि बिना किसी रोक-टोक के पहले की तरह कोई भी स्कूलों का दौरा कर सकता है.
असम सीएमओ ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, "मीडिया के कुछ हिस्सों में सरकारी स्कूलों में लोगों के आने-जाने पर रोक और अनुमति लेने की अनिवार्यता से जुड़ी खबरें पूरी तरह झूठी और निराधार हैं. लोग और अभिभावक बिना किसी रोक-टोक के पहले की तरह स्कूलों का दौरा कर सकते हैं."
कार्यालय ने लिखा, "झूठी और भ्रामक बातें फैलाकर असम की शिक्षा व्यवस्था की छवि खराब करने वालों के ख़िलाफ़ सख्त कार्रवाई की जाएगी."
कार्यालय ने पोस्ट के साथ कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के स्क्रीनशॉट भी शेयर किए हैं.
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) बीते कुछ हफ्तों से देश के कई इलाक़ों में स्कूलों का दौरा कर रही है और स्कूलों के वीडियो और तस्वीरों को सोशल मीडिया पर साझा कर वहां की हालत के बारे में बता रही है.
इसी क्रम में कुछ दिन पहले सीजेपी के प्रवक्ता आशुतोष रांका असम पहुंचे थे, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया था.
सीजेपी का आरोप है कि देश के कई इलाकों में सरकारी स्कूलों की हालत बहुत ख़राब है.
राहुल गांधी बोले, 'पीएम मोदी ज्ञानेश कुमार का इस्तेमाल चुनावों में हेरफेर के लिए करते हैं'
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, बुधवार को दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में 'इंडिया' ब्लॉक की बैठक हुई
बुधवार को विपक्षी दलों के गठबंधन 'इंडिया' ब्लॉक की मीटिंग हुई. कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने एक्स पर पोस्ट बताया कि इस बैठक में 19 पार्टियां शामिल हुईं. इस बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने की.
इंडिया गठबंधन की बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, "असल में चुनाव आयोग के अंदर दो-तीन लोग सिर्फ मोहरे हैं, जबकि अमित शाह और नरेंद्र मोदी उन्हें कठपुतली की तरह चला रहे हैं."
उन्होंने आगे कहा कि इस बैठक में सभी दलों ने इस लड़ाई को एकजुट होकर लड़ने की बात कही.
उन्होंने कहा, "इंडिया गठबंधन के सदस्य 2 अक्तूबर से 8 अक्तूबर तक ज़िला अधिकारियों (डीएम) के दफ्तरों के बाहर प्रदर्शन करेंगे. वहीं, 6 अक्तूबर को सभी विपक्षी सांसद चुनाव आयोग तक मार्च निकालेंगे.
"विपक्षी नेता अक्तूबर के दूसरे सप्ताह में राष्ट्रपति से मिलने का समय मांगेंगे और उन्हें बताएंगे कि किस तरह संवैधानिक संस्थाओं पर कब्जा किया जा रहा है."
वहीं राहुल गांधी ने भी एक्स पर पोस्ट कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा. उन्होंने एक्स पर सवाल पूछा, "मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार ही ऐसे भारतीय क्यों हैं जिन्हें आजीवन व्यापक कानूनी छूट मिली हुई है?"
उन्होंने इसका जवाब देते हुए लिखा, "क्योंकि प्रधानमंत्री मोदी उनका इस्तेमाल चुनावों में हेरफेर करने के लिए करते हैं."
अभी तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ाआप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल रात दस बजे तक आप तक ख़बरें पहुंचाएंगी.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.
उज्जैन में शाही मस्जिद विवाद के बाद 20 गिरफ़्तार और 30 पर एफ़आईआर, समीर ख़ान, इंदौर से बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लिए
इमेज स्रोत, Sameer Khan
इमेज कैप्शन, मस्जिद के हिस्से को हटाने के दौरान हुए विवाद और पथराव के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की
मध्य प्रदेश के उज्जैन में शाही मस्जिद के कुछ हिस्से को हटाने का काम बुधवार को भी जारी रहा. मस्जिद कमेटी के नुमाइंदे हिस्से को हटाने की कार्रवाई कर रहे हैं.
वहीं, सोमवार को मस्जिद के हिस्से को हटाने के दौरान हुए विवाद और पथराव के मामले में पुलिस ने अब तक 30 लोगों के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज की है. इनमें से 20 अभियुक्तों को गिरफ़्तार किया जा चुका है.
बुधवार सुबह खाराकुआं थाना पुलिस गिरफ़्तार किए गए 9 अभियुक्तों को मेडिकल परीक्षण के लिए चरक अस्पताल लेकर पहुंची. सभी अभियुक्तों का मेडिकल परीक्षण कराया गया. इसके बाद पुलिस उन्हें न्यायालय में पेश करेगी.
दरअसल्, सोमवार को छतरी चौक स्थित शाही मस्जिद के कुछ हिस्से को हटाने की कार्रवाई चल रही थी. इसी दौरान ढाबा रोड और सब्ज़ी मंडी की ओर से आए कुछ लोगों ने इसका विरोध किया. इसके बाद स्थिति बिगड़ गई और पथराव की घटना सामने आई.
पुलिस का दावा है कि भीड़ को भड़काने के लिए सोशल मीडिया पर कुछ मैसेज भी वायरल किए गए थे.
एसआईआर पर विवाद के बीच चुनाव आयोग ने फ़ॉर्म-6 से जुड़ा ये बदलाव किया
इमेज स्रोत, Arvind Yadav/Hindustan Times via Getty Images
इमेज कैप्शन, एसआईआर पूरा होने के बाद फॉर्म 6 में एसआईआर से जुड़ी अतिरिक्त जानकारी नहीं मांगी जाएगी (फ़ाइल फ़ोटो: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार)
चुनाव आयोग ने स्पेशल इंटेंसिव रिवीज़न (एसआईआर) पूरा हो चुके राज्यों में ऑनलाइन फॉर्म 6 से अतिरिक्त घोषणा हटा दी है.
इसका मतलब है एसआईआर पूरा होने के बाद फॉर्म 6 में एसआईआर से जुड़ी अतिरिक्त जानकारी नहीं मांगी जाएगी.
न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, जिन राज्यों में एसआईआर जारी है, वहां फॉर्म 6 में यह घोषणा अब भी दिख रही है.
वहीं, जिन राज्यों में एसआईआर पूरा हो चुका है, वहां ईसीआईनेट ऐप और पोर्टल के साथ-साथ मुख्य निर्वाचन अधिकारियों के पोर्टल से भी यह अतिरिक्त घोषणा हटा दी गई है.
अब ऐसे राज्यों में नए वोटर्स को नामांकन के लिए केवल पंजीकरण नियम, 1960 के तहत निर्धारित वैधानिक फॉर्म-6 ही भरना होगा.
यह बदलाव 26 सितंबर को मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार और निर्वाचन आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी की मौजूदगी में हुई आयोग की बैठक के बाद किया गया है.
इससे पहले आई अंग्रेज़ी अखबार द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट में दावा किया गया था कि दो चुनाव आयुक्तों विवेक जोशी और सुखबीर सिंह संधू ने इस पर आपत्ति जताई थी.
फॉर्म 6 का इस्तेमाल वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने के लिए होता है.
चुनाव आयोग के मुताबिक़, "फॉर्म 6 का इस्तेमाल मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए किया जाता है. यह उन नागरिकों के लिए होता है जो पहली बार मतदाता बन रहे हैं. जो 18 वर्ष या उससे अधिक उम्र के हैं वे अपना पंजीकरण फॉर्म 6 भरकर करवा सकते हैं."
ब्रेकिंग न्यूज़, दुबई से तेल अवीव जा रहे विमान की सऊदी अरब में लैंडिंग, इसराइली मीडिया ने बताई ये वजह
इमेज स्रोत, AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, मीडिया के मुताबिक ऐसा लगता है कि विमान सऊदी अरब में उतरने के लिए नीचे आ रहा है (प्रतीकात्मक तस्वीर)
दुबई से तेल अवीव जा रहे फ़्लाईदुबई के विमान का रास्ता अचानक बदल दिया गया और अब यह विमान सऊदी अरब में उतर गया है.
इस विमान ने अपहरण की सूचना देने के लिए इस्तेमाल होने वाला एक कोड भेजा था. इसके बाद इसराइली लड़ाकू विमानों को तुरंत रवाना किया गया.
लेकिन अब इसराइली मीडिया ने सुरक्षा अधिकारियों के हवाले से बताया कि दोनों पायलटों के बीच झगड़ा हो गया था, इस कारण आपात स्थिति पैदा हुई.
समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने इसराइल के प्रधानमंत्री कार्यालय के प्रवक्ता के हवाले से कहा है कि फ़्लाईदुबई की उड़ान के सऊदी अरब की ओर मुड़ने को विमान अपहरण की घटना नहीं माना जा रहा है.
विमान में करीब 150 लोग सवार थे, जिनमें से अधिकांश इसराइली थे.
नीचे आते समय विमान ने कुछ समय के लिए आपात स्थिति का संकेत दिया और मैन्युअल तरीके से दिशा बदलते हुए नीचे उतरने लगा.
इसके बाद विमान ने उस कोड का प्रसारण किया, जिसका इस्तेमाल विमान के अपहरण की सूचना देने के लिए किया जाता है.
इसराइल के प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री फिलहाल आपात बैठक कर रहे हैं.