दुबई से इसराइल जा रही फ्लाइट: नेतन्याहू का दावा- 'हमलावर पायलट ने विमान क्रैश कराने की कोशिश की'

दुबई फ्लाई
इमेज कैप्शन, शुरू में ऐसा माना गया कि फ्लाइट को हाईजैक कर लिया गया है (प्रतीकात्मक फोटो)
सारांश
  • फ्लाईदुबई की दुबई से तेल अवीव जाने वाली फ्लाइट FZ103 बुधवार को उड़ान भरने के करीब दो घंटे बाद अपना रास्ता बदलकर सऊदी अरब मुड़ गई.
  • मुड़ने और तेज़ी से नीचे आने के कुछ ही समय बाद आपातकालीन सिग्नल और बाद में हाईजैक की चेतावनी जारी की गई. विमान केवल दो मिनट में 17,000 फ़ुट नीचे आ गया.
  • एयर ट्रैफिक कंट्रोल को संकट संदेश भेजे जाने के बाद विमान ने स्थानीय समयानुसार सुबह 8:44 बजे सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर आपातकालीन लैंडिंग की.
  • विमान के कैप्टन और फ़र्स्ट ऑफ़िसर को अस्पताल ले जाया गया है.
  • कॉकपिट में एक पायलट ने दूसरे पर पर चाकू से हमला कर दिया.
  • विमान के पिछले हिस्से में मौजूद दो पायलट आगे आए और विमान को उतारने में मदद की.
  • कथित हमले के पीछे का मकसद क्या था और कैप्टन तथा फर्स्ट ऑफिसर को कितनी चोटें आई हैं, इसकी जानकारी अभी नहीं मिली है
  • घायल पायलट और विमान की लैंडिंग वाले पायलट के नाम या उनकी राष्ट्रीयता क्या है, ये भी अभी पता नहीं लगा है
    • Author, हफ़्सा ख़लील
  • प्रकाशित
  • पढ़ने का समय: 9 मिनट

दुबई से इसराइल जा रही एक फ्लाइट पायलटों के बीच कथित तौर पर झगड़ा होने के बाद सऊदी अरब में उतरी.

फ्लाइट में सवार एक इसराइली यात्री ने पत्रकारों को बताया कि क्रू ने उनसे मदद मांगी थी जिसके बाद यात्रियों ने एक पायलट को काबू करने और उसे बांधने में मदद की.

इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने फ्लाईदुबई की इस फ्लाइट से जुड़ी घटना पर बयान दिया है.

उन्होंने कहा कि "जिस पायलट ने चाकू से हमला किया था, उसे गिरफ़्तार कर लिया गया है और फ़िलहाल सऊदी अधिकारी उससे पूछताछ कर रहे हैं."

फ्लाई दुबई की यह फ्लाइट बुधवार सुबह रवाना हुई थी. फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटरडार24 के मुताबिक़, उड़ान भरने के करीब दो घंटे बाद विमान ने इमरजेंसी कोड जारी किया.

कुछ मिनट बाद विमान ने इसे बदलकर हाइजैकिंग का कोड कर दिया. हालांकि, बाद में इसे फिर सामान्य इमरजेंसी सिग्नल में बदल दिया गया.

अनाम इसराइली अधिकारियों ने मीडिया को बताया कि एक पायलट ने दूसरे पायलट को चाकू मारा. अधिकारियों के मुताबिक़ या तो वो पायलट विमान को हाईजैक करना चाहता था या क्रैश करना चाहता था. हालांकि हम बता दें कि अब तक हमलावर पायलट का मक़सद साफ़ नहीं है और हमें इस बारे में अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं मिला है.

शॉर्ट वीडियो देखिए
वीडियो कैप्शन, दुबई से तेल अवीव जा रहे विमान की सऊदी अरब में क्यों हुई इमरजेंसी लैंडिंग?

नेतन्याहू ने और क्या कहा?

नेतन्याहू का दावा, 'एक पायलट ने विमान क्रैश कराने की कोशिश की'
इमेज कैप्शन, नेतन्याहू का दावा, 'एक पायलट ने विमान क्रैश कराने की कोशिश की'

नेतन्याहू ने अपने बयान में कहा, "उड़ान के दौरान, जब विमान इसराइल के पास पहुंच रहा था, एक पायलट ने दूसरे पायलट पर चाकू से हमला कर दिया और ऐसा लगता है कि उसने विमान में सवार यात्रियों के साथ उसे क्रैश करने की कोशिश की."

"मैंने विमान में सवार एक इसराइली यात्री से बात की. उसने बताया कि विमान घूमने लगा और नीचे उतरने लगा. उसने बताया कि किसी तरह वह एक क्रू सदस्य के साथ कॉकपिट में घुसने में कामयाब रहा. दोनों ने मिलकर उस पायलट को काबू कर लिया, जिसने चाकू से हमला किया था और विमान के सिस्टम को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहा था."

"विमान में मौजूद एक अन्य क्रू सदस्य भी कॉकपिट में पहुंचा और विमान को स्थिर करने में कामयाब रहा.

मैं इन नायकों को सलाम करता हूं, जिन्होंने असाधारण सूझबूझ और साहस का परिचय दिया. उन्होंने कई लोगों की जान बचाई और एक बड़े हादसे को टाल दिया.

विमान सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतर गया. अब सभी यात्री ख़तरे से बाहर हैं.

जिस पायलट ने चाकू से हमला किया था, उसे गिरफ़्तार कर लिया गया है और फ़िलहाल सऊदी अधिकारी उससे पूछताछ कर रहे हैं."

हमलावर पायलट को ऐसे क़ाबू किया गया

फ़्लाईदुबई

फ्लाइट में सवार एक यात्री ने इसराइली अख़बार 'हारेत्ज़' को बताया कि विमान ने नियंत्रण खो दिया था और तय लैंडिंग से करीब एक घंटे पहले नीचे की ओर "तेज़ी से गिरने" लगा था.

डालिया श्पीगल नाम के इस यात्री ने अख़बार को बताया कि "अचानक पूरे विमान में डरावनी चीखें गूंजने लगीं." इसके बाद "तीन से पांच लोग कॉकपिट में घुस गए", हमलावर को काबू किया और घायल पायलट का इलाज शुरू किया.

श्पीगल ने कहा, "हमें लगा कि स्थिति संभल रही है और हमने उड़ान जारी रखी. धीरे-धीरे कॉकपिट में क्या हुआ, इसकी जानकारी सामने आने लगी."

उन्होंने बताया कि इसके बाद इन "युवा लोगों" ने ज़िम्मेदारी संभाल ली और यात्रियों की मदद करने लगे. इस बीच विमान ने अपना रास्ता बदला और सऊदी अरब में लैंडिंग के लिए चला गया.

उन्होंने कहा, "अभी हम सभी टर्मिनल में हैं और मेडिकल टीमें हमारी जांच कर रही हैं."

फ़्लाइट के अंदर के वीडियो में क्या दिखा?

छोड़कर पॉडकास्ट आगे बढ़ें
दिनभर
Dinbhar: आवाज़ वही, अंदाज़ नया

देश - दुनिया की बड़ी ख़बरें जिन्होंने बटोरी सुर्खियां.

एपिसोड

समाप्त

इसराइली मीडिया में शेयर किए गए एक वीडियो में विमान में सवार एक प्रत्यक्षदर्शी कथित तौर पर यह कहते हुए दिख रहा है कि "चाकू लिए एक हमलावर" ने एक पायलट पर हमला किया.

बीबीसी वेरिफ़ाई ने इस वीडियो की जांच की है. इसमें एआई के ज़रिए छेड़छाड़ के कोई संकेत नहीं मिले हैं और ऐसा भी नहीं लगता कि घटना से पहले यह वीडियो ऑनलाइन पोस्ट किया गया था.

वीडियो में विमान की सीट पर बैठे शख़्स को कैमरे से बात करते हुए सुना जा सकता है. वह कहता है, "हमने फ्लाइट का नियंत्रण संभाला और चाकू लिए एक हमलावर ने एक पायलट पर हमला किया था."

वह बताता है कि कथित हमलावर को कॉकपिट से बाहर निकाल दिया गया और अब सब कुछ "ठीक है."

वह कहता है, "एक पायलट गंभीर रूप से घायल है."

"एक दूसरा पायलट भी घायल हुआ है, लेकिन वह विमान को लैंड कराने की स्थिति में है. उसके साथ क्रू के दो सदस्य हैं. हमने यह सुनिश्चित किया कि दरवाज़ा बंद रहे. मैं आप सभी से प्यार करता हूं और सब ठीक है."

वह आगे कहता है कि घटना में शामिल संदिग्ध को काबू कर लिया गया है.

इसराइली मीडिया के मुताबिक़, उड़ान के दौरान पायलट और को-पायलट के बीच झगड़ा हुआ था. इसके बाद विमान ने इमरजेंसी सिग्नल भेजा और कुछ समय के लिए हाइजैकिंग की आशंका पैदा हो गई.

फ्लाइट FZ1073 ने संयुक्त अरब अमीरात के दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी. इसमें क़रीब 150 से 180 लोग सवार थे, जिनमें ज़्यादातर इसराइली नागरिक थे.

फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटरडार24 के मुताबिक़, उड़ान भरने के करीब दो घंटे बाद विमान ने पहले स्क्वॉक कोड 7700 भेजा. यह सामान्य आपात स्थिति का संकेत होता है.

कुछ मिनट बाद विमान ने कोड 7500 भेजा, जो विमान के साथ अवैध हस्तक्षेप या हाइजैकिंग का संकेत देता है. बाद में विमान ने फिर से 7700 कोड भेजा.

विमान का कैप्टन और फ़र्स्ट ऑफ़िसर घायल

फ़्लाईदुबई कंपनी ने कहा है कि इस घटना में कैप्टन और फ़र्स्ट ऑफ़िसर दोनों घायल हुए हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

कंपनी की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि स्थानीय समयानुसार 8.44 बजे एयर ट्रैफ़िक कंट्रोल सेंटर को आपात लैंडिंग के लिए सिग्नल मिला था.

इसके एक घंटे बाद ही विमान सुरक्षित रूप से रनवे पर उतर गया.

यात्रियों ने इसराइली मीडिया को बताया कि सऊदी अरब को डायवर्ट होने से पहले एक पायलट चाकू से घायल हो गया था.

इसराइली मीडिया में एक वीडियो साझा किया जा रहा है, जिसे बीबीसी वेरिफ़ाई ने सही पाया है.

इसमें एक व्यक्ति सेल्फ़ी मोड में वीडियो बनाते हुए कहता है, "हम यहां हैं. विमान में हमने अभी-अभी आतंकियों को काबू में किया है. हम जल्द ही लैंड करने वाले हैं...विमान में सवार सभी लोग सुरक्षित हैं और उन्हें कोई चोट नहीं आई है. सिर्फ़ पायलट को छोड़कर. हमें मदद की ज़रूरत है."

बचाने वाला पायलट ब्रिटिश मूल का

एलमोग इताली

एलमोग इताली नाम के एक यात्री ने मीडिया को बताया कि जिन दो पायलटों ने विमान को संभाला वे रिलीफ़ पायलट थे जो उसके बाद की उड़ान को संचालित करने वाले थे.

इताली ने बताया, "इनमें से एक ब्रिटिश पायलट था." उन्होंने दूसरे पायलट के यूरोपीय होने की बात कही, लेकिन उसकी राष्ट्रीयता नहीं बताई.

इताली ने कहा कि कॉकपिट में आख़िर क्या हुआ, इसका पता नहीं चल पाया लेकिन रिलीफ़ पायलटों ने ही विमान को स्थिर किया और उसे सऊदी अरब में लैंड कराया.

अलग अलग बयानों के बीच इताली ने कहा, "ये बिल्कुल साफ़ है कि दो पायलटों के सामने चाकू से घायल एक पायलट पड़ा हुआ था."

इसराइली मीडिया की ओर से साझा किया गया एक वीडियो को बीबीसी वेरिफ़ाई ने सही पाया है.

इस वीडियो में विमान की सीट से कैमरे पर व्यक्ति कहता है, "हमने उड़ान पर नियंत्रण कर लिया और चाकू से लैस एक हमलावर ने पायलटों में से एक पर चाकू से हमला किया."

वह कहता है कि उन्होंने कथित हमलावर को कॉकपिट से बाहर निकाल दिया और अब सब कुछ "ठीक है".

उन्होंने कहा, "एक पायलट गंभीर रूप से घायल है. एक अन्य पायलट भी घायल हुआ है, लेकिन वह विमान को उतारने की कोशिश कर रहा है. उसके साथ चालक दल के दो सदस्य हैं. हमने यह सुनिश्चित किया कि दरवाजा बंद रहे."

चश्मदीदों ने क्या बताया?

यास्मिन नाम की महिला की बेटी फ़्लाइट में सवार थीं, उन्होंने घटना के बारे में यास्मिन को बताया
इमेज कैप्शन, यास्मिन नाम की महिला की बेटी फ़्लाइट में सवार थीं, उन्होंने घटना के बारे में यास्मिन को बताया

यास्मिन नाम की एक महिला ने बताया कि दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाइट में उनकी बेटी भी सवार थी.

बेटी ने उन्हें फ़ोन करके बताया कि उसने विमान में चीखने की आवाज़ें सुनीं. एक पायलट मदद के लिए पुकार रहा था.

यास्मिन ने समाचार एजेंसी एपी को बताया, "विमान ने नियंत्रण खोना शुरू कर दिया. सभी लोग चीखने लगे. उन्हें लगा कि अब उनकी जान नहीं बचेगी."

रॉयटर्स से बात करते हुए यास्मिन ने बताया कि दो अन्य पायलटों ने विमान का नियंत्रण संभाल लिया. इसी दौरान दूसरे यात्री एक ऐसे व्यक्ति की ओर दौड़े, जिसके हाथ में चाकू था.

इसराइली अधिकारियों में से एक ने चैनल 12 से कहा, "एक बेहद गंभीर हादसा टल गया."

'द यरूशलम पोस्ट' ने भी एक अनाम इसराइली अधिकारी के हवाले से कहा है कि "एक बड़े हादसे को बाल-बाल टाल दिया गया."

इसराइली मीडिया से बात करते हुए अज्ञात अधिकारियों ने बताया कि एक पायलट ने दूसरे पायलट पर चाकू से हमला किया.

ऐसा लगता है कि उसका मकसद "या तो विमान को हाईजैक करना... या उसे क्रैश करना" था. हालांकि, यह स्पष्ट करना जरूरी है कि हमले के मकसद की पुष्टि नहीं हुई है और हमें अभी आधिकारिक बयान मिलने बाकी हैं.

विमान में सवार एक इसराइली यात्री ने पत्रकारों को बताया कि चालक दल ने हमलावर को काबू करने और उसे बांधने में मदद के लिए यात्रियों से सहायता मांगी.

प्रत्यक्षदर्शियों में से एक ने कहा, "यहां कुछ लोगों की शर्ट खून से सनी हुई है."

विमान के पिछले हिस्से में मौजूद दो पायलट आगे आए और विमान को लैंड कराने में मदद की. एक यात्री ने कहा, "मैंने चिल्लाकर उनसे दौड़कर आने और विमान का नियंत्रण संभालने को कहा."

फ़्लाइट के दौरान क्या हुआ था

फ़्लाईदुबई के प्लेन ने बुधवार सुबह उड़ान भरी थी (स्टॉक फ़ोटो)
इमेज कैप्शन, फ़्लाईदुबई के प्लेन ने बुधवार सुबह उड़ान भरी थी (स्टॉक फ़ोटो)

फ्लाइटरडार24 के डेटा के मुताबिक़, सऊदी अरब के ऊपर विमान ने अचानक दिशा बदली और तेज़ी से नीचे उतरना शुरू किया. विमान दो मिनट से भी कम समय में 17,000 फ़ुट यानी 5,000 मीटर से ज़्यादा नीचे आ गया.

स्थानीय समय के अनुसार, 8.21 बजे विमान 34000 फ़ुट की उंचाई पर उड़ रहा था.

अचानक नीचे आने के 10 मिनट बाद विमान ने करीब सात मिनट तक इमरजेंसी सिग्नल जारी भेजा.

05:40 पर फ़्लाइट कुछ समय के लिए जॉर्डन के हवाई क्षेत्र में दाखिल हुई. कुछ मिनट बाद यह फिर सऊदी अरब की ओर मुड़ गई और इसके बाद उतरना शुरू कर दिया.

विमान को तेल अवीव के बेन गुरियन एयरपोर्ट पर उतरना था, लेकिन यह उत्तर-पूर्वी सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर उतरा.

यात्रियों ने स्थानीय मीडिया को बताया कि घटना के दौरान जब विमान नीचे आने लगा तो उन्हें अपनी जान का डर सताने लगा.

समाचार एजेंसी रॉयटर्स से एक इसराइली अधिकारी ने नाम ज़ाहिर नहीं करने की शर्त पर बताया कि पायलटों के बीच हाथापाई होने के बाद दोनों ने इमरजेंसी सिग्नल भेजे थे.

हालांकि, यह तुरंत स्पष्ट नहीं हो सका कि दोनों में से किसी पायलट ने जानबूझकर इमरजेंसी सिग्नल भेजा था या नहीं.

इसराइली प्रसारक एन12न्यूज़ के चीफ़ पॉलिटिकल एनॉलिस्ट अमित सेगल ने एक्स पर लिखा कि ऐसा लगता है कि दोनों पायलटों के बीच उड़ान के दौरान हाथापाई हुई, जिसके बाद पूरे मध्य पूर्व में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया.

उनकी इस टिप्पणी को रीपोस्ट करते हुए इसराइल में अमेरिका के राजदूत माइक हकबी ने कहा कि घटना ने पूरे मध्य पूर्व, ख़ासकर इसराइल में, लोगों और सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर कर दिया था. उन्होंने कहा कि अच्छा है कि मामला इससे ज़्यादा गंभीर नहीं हुआ.

यरूशलम पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक़, संभावित आपात स्थिति से निपटने की तैयारी में इसराइली वायुसेना ने अपने अलर्ट का स्तर बढ़ा दिया था.

इसराइली प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा कि इस घटना को हाइजैकिंग नहीं माना जा रहा है.

इससे पहले इसराइल के तीन सुरक्षा अधिकारियों ने रॉयटर्स को बताया था कि प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने इस उड़ान को लेकर अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया.

इसराइली सेना ने एक बयान में कहा कि सेना प्रमुख अयाल ज़मीर ने वायुसेना के कमांडर और अन्य सैन्य अधिकारियों के साथ स्थिति का आकलन किया.

फ्लाईदुबई के प्रवक्ता ने पुष्टि की कि फ्लाइट को "रास्ते में एक घटना का सामना करना पड़ा...हमारी टीमें संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रही हैं."

फ्लाईदुबई, दुबई और तेल अवीव के बीच रोज़ाना उड़ानें संचालित करती है. यह मार्ग इसराइली नागरिकों के बीच काफ़ी लोकप्रिय है.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.