लाइव, ताइवान में शक्तिशाली तूफ़ान चैंपी की आहट, 173 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से हवाएं चलने की आशंका

शक्तिशाली तूफ़ान चैंपी के शुक्रवार को तट से टकराने को लेकर ताइवान हाई अलर्ट पर है.

सारांश

लाइव कवरेज

संदीप राय

  1. ताइवान में शक्तिशाली तूफ़ान चैंपी की आहट, 173 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से हवाएं चलने की आशंका

    ताइपेई
    इमेज कैप्शन, तूफ़ान आने से पहले ताइवान के ताइपेई में लोगों को बचाव के निर्देश दिए गए हैं

    शक्तिशाली तूफ़ान चैंपी के शुक्रवार को तट से टकराने को लेकर ताइवान हाई अलर्ट पर है.

    तूफ़ान के दौरान हवा की रफ्तार 173 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. इसका दायरा 320 किलोमीटर तक होगा, जिससे पूरा द्वीप इसकी चपेट में आ सकता है.

    इस बीच, अधिकारियों के अनुसार, ताइवान में एक व्यक्ति की मौत हो गई और दर्जनों लोग घायल हुए हैं.

    सरकार के मुताबिक, 1,000 से अधिक लोगों को उनके घरों से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है.

    ताइवान के अधिकारियों ने लोगों से तटों और पहाड़ी इलाकों से दूर रहने की अपील की है.

    उत्तर-पूर्वी तट पर भूस्खलन से बने एक बांध के पास रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है.

    तूफ़ान के दौरान इस बांध के टूटने का खतरा है.

    ताइवान और पड़ोसी जापान में कई दर्जन उड़ानें रद्द कर दी गई हैं, जिससे हजारों यात्री प्रभावित हुए हैं.

    चीन के झेनजियांग प्रांत में नावें
    इमेज कैप्शन, तूफ़ान से पहले चीन के झेनजियांग प्रांत में मछली पकड़ेन वाली नावें किनारे लगा दी गईं

    चैंपी इस साल जापान में आने वाला 30वां तूफ़ान है. 2013 के बाद यह पहली बार है, जब जापान में इतने अधिक तूफ़ान आए हैं.

    फ़िलिपींस में इस तूफ़ान को रोसल नाम दिया गया है. वहां तूफ़ानों के नाम अंग्रेज़ी वर्णमाला के क्रम में रखे जाते हैं. इसका मतलब है कि साल के अंत तक वर्णमाला के आठ अक्षर अभी बाकी हैं. ऐसा होना असंभव नहीं है, लेकिन फ़िलिपींस में एक ही साल में A से Z तक के सभी नामों का इस्तेमाल होना बेहद दुर्लभ है.

    हाल के दिनों में तूफ़ानों की बढ़ती संख्या की वजह असामान्य रूप से शक्तिशाली अल नीनो को माना जा रहा है.

    यह एक प्राकृतिक घटना है, जो हर कुछ साल में प्रशांत महासागर में होती है. इसके कारण सूखे से लेकर तूफ़ान तक, कई तरह की चरम मौसमी घटनाएं हो सकती हैं.

    वैज्ञानिकों को उम्मीद है कि इस साल और भी तूफ़ान बन सकते हैं.

  2. मालदीव के राष्ट्रपति मुइज़्ज़ू ने पाकिस्तान की तारीफ़ में कहीं कई बातें

    पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ और मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज़्ज़ू
    इमेज कैप्शन, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ और मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज़्ज़ू

    मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज़्ज़ू ने पाकिस्तान की अपनी पहली स्टेट विज़िट को दोनों देशों के संबंधों के लिए अहम बताया है.

    उन्होंने एक्स पर किए गए एक पोस्ट में बताया कि मालदीव और पाकिस्तान अगले दो साल में द्विपक्षीय व्यापार को 13 मिलियन डॉलर से बढ़ाकर 200 मिलियन डॉलर तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं.

    मुइज़्ज़ू ने पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ़ अली जरदारी, प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ और वहां के लोगों का गर्मजोशी से स्वागत और मेहमाननवाज़ी के लिए आभार जताया.

    उन्होंने लिखा, "मेरी पत्नी, प्रतिनिधिमंडल और मेरे प्रति असाधारण गर्मजोशी, स्नेह और शानदार मेहमाननवाज़ी के लिए आपका धन्यवाद."

    उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान 20 समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान हुआ.

    उनके मुताबिक, मालदीव-पाकिस्तान बिज़नेस फ़ोरम से दोनों देशों के बीच निवेश, व्यापारिक साझेदारी और आर्थिक सहयोग को बढ़ावा देने की नींव रखी गई है.

    मुइज़्ज़ू ने लिखा, "मैं इस्लामाबाद से यादगार अनुभवों, गहरी कृतज्ञता और इस नए विश्वास के साथ विदा ले रहा हूं कि हमने एक अधिक मज़बूत, गतिशील और दोनों पक्षों के लिए लाभकारी साझेदारी की नींव रखी है."

    "हमारी छह दशकों की दोस्ती हमें यहां तक लेकर आई है. अब हमारी साझा सोच और दृढ़ संकल्प हमें नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे."

  3. चुनाव आयोग के ख़िलाफ़ हालिया प्रदर्शनों और राहुल गांधी पर पीएम मोदी ने क्या कहा

    पीएम मोदी
    इमेज कैप्शन, पीएम मोदी ने गुरवार शाम कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधा

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा है.

    गुरुवार शाम को एक निजी समाचार टीवी चैनल के कार्यक्रम में उन्होंने कहा, “जब दुनिया एक नई व्यवस्था की तलाश कर रही है, तब कुछ लोग भारत में अव्यवस्था का सपना देख रहे हैं. ये लोग भारत की छवि ख़राब करने पर तुले हैं. वे विदेश जाकर देश को बदनाम करते हैं और दूसरे देशों के लोगों से हमारे आंतरिक मामलों में दखल देने की अपील करते हैं.”

    पीएम मोदी ने कहा, “सवाल उठता है कि अपने नाकाम प्रोडक्ट को लॉन्च करने की लगातार कोशिश में कांग्रेस पार्टी कब तक देश को दांव पर लगाती रहेगी. एक साल में श्रीहरिकोटा स्थित हमारे अंतरिक्ष केंद्र से जितने लॉन्च होते हैं, उससे कम बार कांग्रेस अपने नेता को लॉन्च करने की नाकाम कोशिश नहीं करती.”

    “कांग्रेस को अपना विनाश करना है, तो वह ऐसा करने के लिए स्वतंत्र है. इससे हमें कोई लेना-देना नहीं है. लेकिन अपने परिवार को लगातार मिल रही नाकामियों के दाग़ से बचाने की बेताब कोशिश में कांग्रेस अब भारत की उपलब्धियों, उसकी ख़ूबियों और उसकी प्रगति पर ही सवाल उठा रही है.”

    उन्होंने गांधी परिवार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, "कांग्रेस का यह परिवार अपनी ही पार्टी पर बोझ बन गया है. पार्टी के वरिष्ठ नेता भी इस बात को समझते हैं. जब हम निजी तौर पर मिलते हैं, तो वे हमें यह बात बताते भी हैं. लेकिन अपमान का कड़वा घूंट पीकर वे चुप रहते हैं. कांग्रेस का यह रवैया सरकार के ईमानदार आलोचकों को भी नुक़सान पहुंचाता है. लोकतंत्र में इसकी भारी क़ीमत चुकानी पड़ती है. इससे ईमानदार आलोचकों को बहुत नुक़सान होता है.”

    “जो लोग वास्तव में हमारे लोकतंत्र और देश की भलाई की परवाह करते हैं, और सरकार के कट्टर विरोधी होने के बावजूद योगदान देना चाहते हैं, उन ईमानदार आलोचकों की आवाज़ कांग्रेस के लगातार शोर-शराबे और हंगामे के बीच दबकर रह जाती है. उन्हें अपनी बात रखने का कोई मौक़ा नहीं मिलता. हमने संसद में ऐसा होते देखा है..."

  4. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता संदीप राय अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    तिब्बत में आए शक्तिशाली भूकंप में कम से कम 16 लोगों की मौत, सैकड़ों ज़ख़्मी

    विवेक रामास्वामी के समर्थन में आए ट्रंप, कहा- 'अगर मेरी मेरी मां मेरे बारे में कुछ भी बुरा कहतीं तो...'

    टाइगर श्रॉफ़ फ़ायरिंग केस में गिरफ़्तार बेगूसराय का ऋतिक कुमार कौन है?

    ऑनलाइन मंगाया गया सामान एक्सपायर्ड निकले तो आपके क्या अधिकार हैं?

    सऊदी अरब में बांग्लादेशी महिला कामगार कितनी सुरक्षित हैं?