भाषा यानी बहता पानी जो सबको समेटती चले

इमेज स्रोत, Thinkstock
आपको अमिताभ बच्चन का वो डायलॉग तो याद ही होगा, 'आई कैन टाक इंग्लिश. आई कैन वॉक इंग्लिश. बिकॉज़ इंग्लिश इज़ ए फनी लैंग्वेज'. वो मसखरी में कहा गया डायलॉग वाक़ई सच है.
अंग्रेज़ी बेहद मज़ेदार ज़बान है. किसी भी ज़बान के शब्द को अंग्रेज़ी अपने में समा लेती है. अंग्रेज़ी के शब्दों का कई तरह से इस्तेमाल होता है.
इसीलिए आज बात 'फनी लैंग्वेज' अंग्रेज़ी की.

इमेज स्रोत, ALAMY
आपने अंग्रेज़ी का summer शब्द तो सुना होगा. गर्मी के मौसम के लिए इस्तेमाल किया जाता है. मगर बहुत से लोग समर से summering नाम का शब्द बना लेते हैं. शुद्ध अंग्रेज़ी के पैरोकार इस 'समरिंग' (summering) से परेशान होंगे. मगर आजकल छुट्टियां बिताने के लिए लोग हॉलीडे पर नहीं जाते. जिनके पास पैसे होते हैं, वो 'समरिंग' करते हैं.
लोग जाड़े की छुट्टियों में 'विंटरिंग' (wintering) भी करने जाते हैं. इसी तरह लोग यॉटिंग (yatching), गॉल्फिंग (golfing) के लिए भी जाते हैं. ये सारे शब्द संज्ञा से निकले हैं. मसलनम यॉटिंग क्रिया yatch से निकली है. इसी तरह गॉल्फिंग golf से पैदा हुई.

इमेज स्रोत, Alamy
अंग्रेज़ी में संज्ञा या noun को क्रिया या verb में बदलने का यह चलन बहुत पुराना है. ऑक्सफोर्ड इंग्लिश डिक्शनरी के सहायक संपादक ट्रिश स्टूवार्ड कहते हैं कि समरिंग शब्द का पहले पहल इस्तेमाल पांच सौ साल पहले हुआ था.
यहां तक कि इसका ज़िक्र किंग जेम्स की मशहूर बाइबिल में भी मिलता है. उस वक़्त समरिंग (summering) शब्द का इस्तेमाल जानवरों को किसी ख़ास दौर में एक जगह इकट्ठा किए जाने के लिए होता था. आज लोग छुट्टियां बिताने जाने के लिए भी समरिंग शब्द इस्तेमाल करते हैं.

इमेज स्रोत, ALAMY
बचपन में हम सबको यही पढ़ाया गया है कि किसी इंसान, जगह या चीज़ के नाम को संज्ञा कहते हैं. इसी तरह किसी काम को क्रिया कहते हैं. जैसे दौड़ना. मगर आज की तारीख़ में अंग्रेज़ी में बड़ा 'घालमेल' हो रहा है!
अंग्रेज़ी की एक्सपर्ट पैट्रीशिया ओ कॉनर कहती हैं कि आज की तारीख़ में अंग्रेज़ी के बीस फ़ीसद क्रिया शब्द या verb संज्ञा या noun से बने हैं. पैट्रीशिया के मुताबिक़, बीसवीं सदी से तो इसमें और तेज़ी आ गई है. पिछले सौ सालों में जितने भी क्रिया शब्द अंग्रेज़ी में आए हैं वो noun से ही बने हैं.
जैसे प्यूरीफाई (purify), ग्लोरिफ़ाई (glorify) या क्लैरिफ़ाई (clarify).

इमेज स्रोत, Alamy
ब्रिटिश इंग्लिश के इस्तेमाल की गाइड, ''फाउलर्स मॉडर्न इंग्लिश यूसेज'' कहती है कि व्याकरण के जानकारों को संज्ञा के क्रिया में बदलने पर ऐतराज़ है. मगर आम लोगों को इससे क्या फ़र्क़ पड़ता है?
इसी तरह अमरीकी अंग्रेज़ी के इस्तेमाल की बाइबिल कही जाने वाली ''एलीमेंट ऑफ स्टाइल'' कहती है कि बहुत से noun को आज verb के तौर पर इस्तेमाल किया जाता है. यह चलन इतना बुरा भी नहीं है, मगर कुछ शब्द अखरते हैं.
मशहूर पब्लिकेशन कंपनी रैंडम हाउस के बेंजामिन ड्रायर कहते हैं कि कई बार जब लोग संज्ञा को क्रिया में बदलते हैं तो पता भी नहीं चलता. लेकिन कुछ शब्द चुभने वाले होते हैं. जैसे कि हमें 'होस्टिंग अ पार्टी' (hosting a party) में होस्ट (host) के संज्ञा से होस्टिंग (hosting) क्रिया बदलने पर ऐतराज़ नहीं होता.

इमेज स्रोत, ALAMY
लेकिन लोगो को मेडल से मेडलिंग (medalling) बनाने पर ग़ुस्सा आता है. इस साल रियो ओलंपिक में कमेंटेटर्स ने मेडलिंग और पोडियमिंग (podiuming) जैसे नए क्रिया शब्द ख़ूब इस्तेमाल किए. यहां तक कि तेज़ रफ़्तार से तैरने के लिए अमरीकी तैराक रेयान लॉच का नाम तक इस्तेमाल किया जाने लगा verb या क्रिया के तौर पर.
व्यक्तिवाचक संज्ञा या proper noun के क्रिया में बदले जाने की मिसालें बहुत कम मिलती हैं. जैसे आयरलैंड के फौजी चार्ल्स बायकॉट के नाम से ही अंग्रेज़ी का क्रिया शब्द बायकॉट (boycott) निकला है.
इसकी वजह यह है कि अगर कोई व्यक्तिवाचक संज्ञा या proper noun को क्रिया या verb में तब्दील करता है, तो सुनने वाले को पता होना चाहिए कि रेयान लॉच या चार्ल्स बायकॉट कौन थे. वरना उसे सामने वाले की बात ही समझ नहीं आएगी.
सोशल मीडिया के चलते तो और भी संज्ञा शब्द क्रिया में तब्दील हो रहे हैं. जैसे लोग कहते हैं कि Facebook me. यानी मुझे फ़ेसबुक पर संदेश देना.

सबसे अच्छी बात यह है कि अंग्रेज़ी ऐसी ज़बान है कि उसे इस तरह के तजुर्बों से ऐतराज़ नहीं. जैसे कि Rain शब्द संज्ञा भी है और क्रिया भी. अंग्रेज़ी का शब्दकोश भी दुनिया की तमाम ज़बानों में सबसे बड़ा है. और इसे दूसरी भाषाओं के शब्दों से भी ऐतराज़ नहीं.
तो संज्ञा के क्रिया बनाने का ये काम अंग्रेज़ी बोलने वाले आगे भी करते रहेंगे. वैसे ऑक्स्फोर्ड डिक्शनरी के ड्रायर कहते हैं कि लोगों को नए क्रिया शब्द बनाते वक़्त ये ख़याल रखना चाहिए कि वो पहले के शब्द से बेहतर हों. सुनने में अजीब न लगे.

वैसे कभी-कभार लोग जान-बूझकर ऊटपटांग के शब्द बनाते हैं. सोशल मीडिया पर ख़ास तौर से. जैसे कुछ लोग सवाल पूछते हैं, 'Do you even science bro'. यहां साइंस से मतलब विज्ञान विषय से नहीं, विज्ञान पढ़ने से है. ऐसा भी हो सकता है कि आगे चलकर learning science क्रिया की जगह sciencing शब्द का चलन शुरू हो जाए.
आख़िर ज़बान तो बहता पानी है. अपने साथ तमाम नए शब्द और तजुर्बे समेटती चलती है.
(अंग्रेज़ी में मूल लेख पढ़ने के लिए <link type="page"><caption> यहां</caption><url href="http://www.bbc.com/culture/story/20160825-why-medalling-and-summering-are-so-annoying" platform="highweb"/></link> क्लिक करें, जो <link type="page"><caption> बीबीसी कल्चर</caption><url href="http://www.bbc.com/culture" platform="highweb"/></link> पर उपलब्ध है.)
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप <link type="page"><caption> यहां</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> क्लिक कर सकते हैं. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)


























