आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
क्या PSL फ़ाइनल पाकिस्तान से ज़्यादा भारत के लोगों ने देखा?
पाकिस्तान में PSL फ़ाइनल के रूप में आठ बरस बाद इंटरनेशनल खिलाड़ियों के साथ क्रिकेट की वापसी हुई.
लाहौर के गद्दाफ़ी स्टेडियम में खेले गए पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) के फ़ाइनल में पेशावर ज़ाल्मी ने क्वेटा ग्लैडियेटर्स को 58 रनों से हराया.
पीएसएल का फ़ाइनल लाहौर में होने से पाकिस्तानियों के बीच उत्साह था. इस दौरान ट्विटर पर भी पाकिस्तानी क्रिकेट फ़ैन ऐक्टिव नज़र आए.
ट्विटर पर #CricketComesHome, #PslFinalLahore, #ThankYouNawazSharif और #GaddafiStadium टॉप ट्रेंड रहे.
पाकिस्तान में क्रिकेट हो और भारत का ज़िक्र न हो- ऐसा अमूमन नहीं होता है. पीएसएल के फ़ाइनल के दौरान ट्विटर पर कुछ यूज़र्स ने कहा - PSL को पाकिस्तान से ज्यादा भारत में लोग देख रहे हैं.
अर्सलान मुस्ताक ने ट्विटर पर लिखा, ''पीएसएस का मैच देखने के लिए शुक्रिया.''
आक़िब सिद्दीकी ने ट्वीट किया, ''पीएसएल की लाइव स्ट्रीमिंग देखने में पाकिस्तान से ज़्यादा भारतीय लोग हैं. ये दिखाता है कि पाकिस्तान सुपर लीग कमाल कर रहा है.''
अली ने लिखा, ''क्रिकेट गेटवे के आंकड़ों के मुताबिक पाकिस्तानी अवाम से ज़्यादा भारतीय पीएसएल देख रहे हैं.''
ये ट्विटर यूज़र्स पीएसएल की लाइव स्ट्रीमिंग करने वाली वेबसाइट क्रिकेट गेटवे और सिमिलर वेब का स्क्रीनशॉट शेयर कर रहे हैं.
इस स्क्रीनशॉट में दिख रहे आंकड़ों के मुताबिक, पीएसएल को देखने वालों में 28.22 फीसदी लोग भारतीय जबकि 21.40 पाकिस्तानी हैं.
पर क्या ये वाकई सच है?
शायद नहीं. दरअसल सिमिलर वेब वेबसाइट्स पर आने वाले लोगों का सोर्स बताती है कि एक तय वक्त में किसी एक साइट पर किस मुल्क से कितने फ़ीसद लोग देख रहे हैं.
अगर आप इस साइट पर अकाउंट बनाकर जाते हैं तो ये अलग आंकड़े दिखाता है और बिना अकाउंट के जाते हैं तो अलग. ये आंकड़े भी एक तय वक्त के होते हैं.
क्या कहते हैं आंकड़े?
मसलन सोमवार सुबह 'सिमिलर वेब' पर जियो ट्रैफिक देखें तो अलग बात पता चलती है. तीन मार्च तक के आंकड़े ये बताते हैं कि इस वेबसाइट की ऑडिएंस 44 फ़ीसदी पाकिस्तानी और 19 फ़ीसदी भारतीय है.
ये आंकड़े बीते 28 दिन के ही हैं, यानी इसमें पीएसएल फ़ाइनल का ट्रैफ़िक शामिल ही नहीं है. ऐसे में पीएसएल का फ़ाइनल पाकिस्तान से ज़्यादा भारतीयों के देखने की बात संभव नहीं लगती है.
पाकिस्तानी क्रिकेट फैन्स के स्क्रीनशॉट की हकीकत?
दरअसल पाकिस्तानी क्रिकेट फैन जिस आंकड़े के स्क्रीनशॉट को शेयर कर रहे हैं वो पुराना है. ये आंकड़ा 17 जनवरी तक का है और पीएसएल फाइनल हुआ है 5 मार्च की रात को.
17 जनवरी तक के आंकड़ों पर गौर करें तो 28 फीसदी भारतीय क्रिकेटगेटवे की ऑडियंस रहे हैं. बता दें कि ये वेबसाइट पीएसएल के अलावा IPL समेत कई दूसरे मुल्कों में खेले जा रहे क्रिकेट मैच की भी लाइव स्ट्रीमिंग या कमेंट्री करती है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)