आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
काटजू ने कहा, जयललिता से करता था प्यार पर...
सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायधीश और विवादास्पद बयानों को लेकर सुर्खियों में रहने वाले मार्कण्डेय काटजू ने एक बार फिर दिल की बात कहने के लिए फ़ेसबुक का सहारा लिया है.
सोमवार को काटजू ने एक फ़ेसबुक पोस्ट में लिखा है कि जवानी के दिनों में उनका दिल तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री जयललिता के लिए धड़कता था. काटजू के मुताबिक ये बात उन दिनों की है जब जयललिता तमिल फ़िल्मों की मशहूर अभिनेत्री हुआ करती थीं.
काटजू ने अपनी पोस्ट के साथ एक तमिल गाने का वीडियो भी शेयर किया है.
अंग्रेज़ी में लिखी पोस्ट में काटजू ने लिखा है.
'जयललिता
जब मैं युवा था तब मेरा दिल जयललिता पर आ गया था. जिनके बारे में मैं सोचता था कि वो बेहद खूबसूरत थीं. हालाँकि बेशक ये प्रेम एकतरफ़ा था और उन्हें (जयललिता) इसकी कोई जानकारी नहीं थी.
उनका (जयललिता) जन्म फरवरी 1948 को हुआ था जबकि मेरी पैदाइश सितंबर 1946 की थी.
मेरी उनसे पहली मुलाक़ात नवंबर 2004 में चेन्नई के राजभवन में तब हुई थी जब मैं मद्रास हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के पद की शपथ ले रहा था और वो वहां की मुख्यमंत्री थीं. उस समय भी वो बहुत ख़ूबसूरत थीं. हालांकि जाहिर है उस समय भी मैं उन्हें अपनी वो भावनाएं नहीं बता सका जो युवावस्था में मेरी उनके बारे में थी क्योंकि ये ठीक नहीं होता.
इसके बाद काटजू ने जयललिता के एक गाने का लिंक भी शेयर किया है. काटजू की ये पोस्ट 235 बार शेयर हुई है.