आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
डेटिंग की स्विंग में फंसे क्रिकेटर भुवनेश्वर, दी सफ़ाई
स्विंग गेंदबाज़ी में अपना जलवा दिखा चुके भुवनेश्वर कुमार ने दक्षिण भारतीय फ़िल्मों की एक अभिनेत्री के साथ डेटिंग की खबरों को कोरी अफवाह बताया है.
आईपीएल-10 में सनराइजर्स हैदराबाद की तरफ से खेलने वाले भुवनेश्वर की टीम आईपीएल से बाहर हो गई है.
भुवनेश्वर ने दक्षिण भारतीय फ़िल्मों की अभिनेत्री अनुस्मृति सरकार के साथ डेटिंग पर अपनी चुप्पी तोड़ी है.
भुवनेश्वर ने इंस्टाग्राम पर एक फोटो डालते हुए लिखा, "जो भी इन गलत अफवाहों को फैला रहा है कि मैं उन्हें डेट कर रहा हूं वो ये जान लें कि ये वो नहीं है. जब समय आएगा तो मैं खुद ही आपको उससे मिलवाऊंगा."
दरअसल, 27 साल के भुवनेश्वर ने 11 मई को इंस्टाग्राम पर एक फोटो अपलोड की थी जिसमें वो एक होटल में बैठे थे और फोटो की दूसरी तरफ का हिस्सा कटा हुआ था. भुवनेश्वर ने उस फोटो के साथ लिखा था, "डिनर डेट, पूरी तस्वीर जल्दी ही शेयर करूँगा."
भुवनेश्वर ने आईपीएल में 14 मैचों में 26 विकेट चटकाए हैं और वो पर्पल कैप हासिल करने के प्रबल दावेदार हैं.