आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
पांच विकेट लेकर भुवनेश्वर कुमार ने बनाया नया रिकॉर्ड
भारतीय क्रिकेट टीम ने रविवार को पहले टी-20 मैच में दक्षिण अफ़्रीका को 28 रन से हरा दिया और इसके हीरो रहे गेंदबाज़ भुवनेश्वर कुमार.
भुवनेश्वर कुमार ने 24 रन देकर पांच विकेट लिए और वह मैन ऑफ़ द मैच चुने गए. इसके साथ ही भुवनेश्वर कुमार क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में पांच विकेट लेने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं.
टी-20 में पांच विकेट लेने वाले भुवनेश्वर कुमार भारत के पहले तेज़ गेंदबाज़ हैं. इससे पहले स्पिनर युजवेंद्र चहल ने टी-20 फॉर्मेट में पांच विकेट लिए थे.
टीम इंडिया की जीत और भुवनेश्वर के पांच विकेट लेने के बाद सोशल मीडिया पर भी ख़ूब चर्चा हुई. मैच के बाद भुवनेश्वर कुमार ट्विटर पर ट्रेंड करने लगे.
पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर और वीरेंद्र सहवाग ने टीम की जीत पर ख़ुशी जताई और भुवनेश्वर की तारीफ़ भी की.
वहीं, कई ट्विटर यूज़र ने मज़ेदार ट्वीट किए. अमित कुमार घोष ने ट्वीट किया, "एक-एक को चुन-चुनकर आउट करेगा अपना भुवी."
संजय एमएसडी ने ट्वीट किया, "तीनों फॉर्मेट में शतक लगाने वाले पहले भारतीय रैना हैं और तीनों फॉर्मेट में पांच विकेट लेने वाले पहले भारतीय भुवी हैं."
वहीं प्रिया नामक यूज़र ने तो भुवनेश्वर कुमार को राष्ट्रपति बनाने की वकालत कर दी क्योंकि उन्होंने हर फॉर्मेट में पांच विकेट लिए हैं. उन्होंने ट्वीट किया, "राष्ट्रपति के लिए भुवी. भारत को फिर से महान बनाएं."
भुवनेश्वर से पहले केवल पांच गेंदबाज़ों ने ही क्रिकेट के हर फ़ॉर्मेट में पांच विकेट लेने का कारनामा किया था. इनमें उमर गुल, टिम साउथी, अजंता मेंडिस, लसिथ मलिंगा और इमरान ताहिर शामिल थे.
वहीं, जोहानिसबर्ग में हुए मैच में टॉस जीतकर दक्षिण अफ़्रीका ने पहले गेंदबाज़ी का फ़ैसला लिया था.
भारत ने 20 ओवरों में पांच विकेट खोकर 203 रन बनाए थे जिसके जवाब में दक्षिण अफ़्रीका 20 ओवरों में नौ विकेट खोकर केवल 175 रन ही बना सकी थी.