आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
सोशल: नमो ऐप से डेटा लीक को लेकर कांग्रेस और बीजेपी में घमासान
नरेंद्र मोदी एंड्रॉयड ऐप (NaMo App) को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ी हुई है.
नमो ऐप डिलीट करने को लेकर सोशल मीडिया पर एक अभियान छेड़ा गया है. कांग्रेस के कई नेता भी #DeleteNaMoApp हैशटैग से ट्वीट कर रहे हैं.
कई ट्वीट में लोगों को आगाह किया जा रहा है कि नमो ऐप डाउनलोड करने पर 'आपका निजी डाटा लीक हो जाएगा'.
बीजेपी ने भी इस ट्रेंड पर पलटवार किया है और इस दावे को ग़लत बताया है.
बीजेपी और कांग्रेस एक-दूसरे पर जनता को बहकाने का आरोप लगा रहे हैं.
कांग्रेस की सोशल मीडिया प्रभारी दिव्या स्पंदन ने ट्वीट किया, ''अगर आप आज कोई एक चीज़ करें तो #DeleteNaMoApp''
इसके बाद कांग्रेस के प्रवक्ता संजय झा ने भी ट्वीट करते हुए लिखा है, ''#DeleteNaMoApp टॉप ट्रेंड है. भारत के हर नागरिक को इस फासीवादी पार्टी के ख़िलाफ़ लड़ना चाहिए जो हमारे निजता के अधिकार का खंडन करने कोर्ट पहुंच गई थी.''
कांग्रेस नेता संजय निरुपम ने भी ट्वीट किया है, ''इसी दिन की वजह से मैंने नमो एप कभी डाउनलोड नहीं किया था.''
वहीं, केंद्रीय मंत्री विजय गोयल ने बीजेपी का बचाव करते हुए दिव्या सपंदन को जवाब दिया है. उन्होंने लिखा है, ''डाटा चोर कांग्रेस लोगों से नमो ऐप डिलीट कराना चाहती है. हास्यास्पद! ऐसा कमज़ोर प्रचार करने से पहले कृपया अच्छी तरह शोध करें. अगली बार के लिए शुभकामनाएं.''
विजय गोयल ने इसके साथ ही एक स्क्रीनशॉट भी शेयर किया है. इसमें लिखा है कि, "आप नमो ऐप को एक गेस्ट यूज़र के तौर पर भी इस्तेमाल कर सकते हैं, जहां आपको अपना फोन नंबर या ईमेल एड्रेस देने की ज़रूरत नहीं है. यह किसी भी अन्य ऐप की तरह है जिसमें कुछ सूचना की ज़रूरत होती है''
धीरे-धीरे आम लोगों के बीच भी इसे लेकर बहस छिड़ गई. इसके समर्थन और विरोध दोनों में लोग सामने आने लगे.
दरअसल, इस बहस की शुरुआत तब हुई जब 'ईलिऑइट एल्डर्सन' नाम के एक ट्वीटर अकाउंट से नमो ऐप से डेटा लीक होने का ट्वीट किया गया.
@fs0c131y से ये ट्वीट किया गया-
इसमें दावा किया गया है कि नमो ऐप डाउनलोड करने पर आपका निजी डेटा बिना आपकी सहमति के किसी तीसरे पक्ष के पास चला जाता है.
'ईलिऑइट एल्डर्सन' एक टीवी सीरीज़ 'मिस्टर रोबोट' में एक किरदार है जो एक साइबर सिक्योरिटी इंजीनियर है. यह अकाउंट पहले भी कई एप्लिकेशन, स्मार्टफोन और अन्य इंटरनेट सेवाओं में सुरक्षा संबंधी कमियों का दावा करता रहा है.
क्या है नमो ऐप
यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक आधिकारिक मोबाइल ऐप है.
इसके ज़रिये सीधे प्रधानमंत्री से जुड़ा जा सकता है यानी आप उनके संदेश और ई-मेल आप तक समय-समय पर पहुंचते रहेंगे.
इस पर आप 'मन की बात', पीएम का ब्लॉग और बायोग्राफी पढ़ सकते हैं.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए यहां क्लिक करें. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)