आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
चेन्नई सुपरकिंग्स को आईपीएल फ़ाइनल में पहुंचाने वाले शार्दुल ठाकुर
IPL के फ़ाइनल में रिकॉर्ड सातवीं बार 'चेन्नई सुपरकिंग्स' ने जगह बना ली है. 'सनराइज़र्स हैदराबाद' को हराने में चेन्नई की तरफ से दो हीरो रहे.
पहले फ़ाफ़ डुप्लेसिस, जिन्होंने 42 गेंदों में नाबाद 67 रन बनाए और मैन ऑफ द मैच बने. दूसरे पांच गेंद खेलकर तीन चौके लगाकर 15 रन जड़ने वाले शार्दुल ठाकुर.
शार्दुल ठाकुर के नाम की सोशल मीडिया पर चर्चा है. ऐसा इसलिए भी क्योंकि इसी मैच में शार्दुल गेंदबाज़ी में थोड़े महंगे साबित हुए.
गेंदबाज़ी करते हुए शार्दुल ने चार ओवर में 50 रन दिए. शार्दुल ने हैदराबाद के केन विलियमसन का भी विकेट लिया.
शार्दुल ठाकुर की सोशल मीडिया पर चर्चा
भरत सीरवी ने लिखा, "शार्दुल ने अकेले इस मैच को मज़ेदार बना दिया. पहले चार ओवर में 50 रन देकर और फिर पांच गेंदों में 15 रन बनाकर."
धर्मा चंद्रु ने लिखा, "शार्दुल ने मुश्किल वक्त में टीम का साथ दिया."
मौलिन लिखते हैं, "धोनी, अंबाती रायडू और शार्दुल ठाकुर ने 2017 के आईपीएल फाइनल में खेला था और अब ये खिलाड़ी इस साल भी आईपीएल फाइनल में खेलेंगे."
@Ranbir_Ligend लिखते हैं, "केन विलियमसन से कह देना- ठाकुर आया था."
मैच जीतने के बाद एक वीडियो भी चेन्नई की टीम की तरफ से शेयर किया गया.
इस वीडियो में टीम के कुछ खिलाड़ी धोनी के सामने डांस करते नज़र आ रहे हैं.
कुछ दिन पहले हुआ था मां-पिता का एक्सीडेंट
9 मई को शार्दुल ठाकुर के मां-पिता का महाराष्ट्र के पालघर में एक्सीडेंट हुआ था.
शार्दुल के पिता नरेंद्र और हंसा ठाकुर का ये एक्सीडेंट तब हुआ था, जब वो बाइक से कहीं जा रहे थे.
इस हादसे के बाद एक चर्चा ये भी रही कि टीम इंडिया में खेलने वाले खिलाड़ी के मां-पिता अब भी बाइक से चलते हैं.
शार्दुल ठाकुर बीते कुछ दिनों इसलिए भी चर्चा में रहे, क्योंकि वो साउथ अफ्रीका से सिरीज खेलकर जब भारत लौटे तो वो मुंबई में लोकल ट्रेन से अपने घर गए थे.
शार्दुल की लोकल की तस्वीरें सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुई थीं.
कौन सी टीमों के लिए खेल चुके हैं शार्दुल ठाकुर?
16 अक्टूबर 1991 में पालघर, महाराष्ट्र में पैदा हुए.
आईपीएल में चेन्नई के अलावा, पंजाब और मुंबई की टीमों के लिए खेल चुके हैं.
अगस्त 2017 में शार्दुल ने श्रीलंका के ख़िलाफ खेलकर अपने वनडे करियर की शुरुआत की थी.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)