आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
प्रियंका चोपड़ा ने पहना 75 फ़ुट लंबा वेडिंग गाउन
सफ़ेद, सच्चा और 75 फ़ुट लंबा ये क्या है? ये है प्रियंका चोपड़ा का वेडिंग गाउन.
बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने बुधवार को एक इंस्टाग्राम पोस्ट में अपनी शादी की ये पोशाक जारी की. प्रियंका और अमरीकी कलाकार निक जोनास ने बीते सप्ताह जोधपुर में शाही अंदाज़ में शादी की.
उनकी पोशाक को रॉल्फ़ लोरेन ने डिज़ाइन किया था और इसमें बीस लाख सितारे सजाए गए थे. लेकिन सबका ध्यान खींचा उनके वेडिंग वील ने.
कुछ महीनों के रोमांस के बाद ही प्रियंका और जोनास ने इसी साल गर्मियों में अपनी इंगेजमेंट की घोषणा कर दी थी.
ज़ाहिर है, अब इंटरनेट पर भी लोगों को उनकी इस पोशाक के बारे में बहुत कुछ कहना है. ये इतनी बड़ी थी कि इसे संभालने के लिए ही एक छोटी टीम की ज़रूरत पड़ी.
और कुछ लोगों ने इस तरह की तुलनाएं भी की.
कुछ लोगों ने ये भी बताया कि इसके सामने डचेज़ ऑफ़ ससेक्स मेगन मर्केल का वेडिंग वील भी बौना रहा जो 16 फ़ुट लंबा था.
प्रियंका चोपड़ा की पोशाक में सितारे हाथ से लगाए गए थे. उन्होंने शनिवार को जोधपुर के उम्मेद भवन राजमहल के लॉन में हुए समारोह में ये पोशाक पहनी.
ईसाई रीति रिवाज से हुई इस रस्म में पादरी की भूमिका जोनास के पिता पॉल केविन ने निभायी जो स्वयं एक पादरी हैं.
तीन दिन चले शादी समारोह में रविवार को हिंदू-रीति रिवाजों से भी रस्में निभायी गईं. प्रियंका और निक ने दोबारा शादी के वचन लिए.
पीपल मैग्ज़ीन से बात करते हुए प्रियंका चोपड़ा ने कहा कि उनकी शादी धर्मों का मिलन थी. प्रियंका ने कहा, "हम जिन ख़ूबसूरत परंपराओं के साथ बड़े हुए हमने उन्हें अपने तरीक़े से शामिल किया."
26 साल के जोनास और 36 साल की प्रियंका चोपड़ा ने अपने रोमांस के सार्वजनिक होने के कुछ दिन बाद ही अपने रिश्ते की पुष्टि कर दी थी.
एक साक्षात्कार में उन्होंने कहा है कि दोनों के बीच सबसे पहले बातचीत सितंबर 2016 में शुरू हुई थी. मई 2017 में हुए मेट गाला में दोनों साथ दिखे थे और दोनों ने ही रॉल्फ़ लॉरेन की डिज़ाइन पोशाक पहनी थीं. इसके एक साल बाद ही दोनों के रिश्ते के बारे में ख़बरें आनें लगीं थीं.
चोपड़ा बॉलीवुड की सबसे ज़्यादा कमायी करने वाली अभिनेत्रियों में शामिल हैं. उन्होंने साल 2000 में मिस वर्ल्ड का ख़िताब जीता और 50 से ज़्यादा फ़िल्मों में काम किया.
उन्होंने अमरीकी सिने इंडस्ट्री में भी अभिनय किया है. टीवी सीरीज़ क्वांटिको के अलावा और फ़िल्म वेंटिलेटर, बेवॉच और ए किड लाइक जेक में नज़र आईं हैं.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)