आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
तापसी पन्नू की फ़िल्म थप्पड़: स्मृति इरानी बोलीं- अनुभव सिन्हा से असहमति लेकिन फ़िल्म देखूंगी
डायरेक्टर अनुभव सिन्हा और एक्ट्रेस तापसी पन्नू की फ़िल्म 'थप्पड़' को देखने की इच्छा केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी ने जताई है.
स्मृति ने रविवार को इंस्टाग्राम पर इस बारे में एक पोस्ट लिखी.
स्मृति इरानी ने अपनी इस पोस्ट में चार सवाल पूछे.
- कितने लोगों ने सुना है कि औरत को ही एडजस्ट करना पड़ता है?
- आप में से कितने लोग सोचते हैं कि मार पिटाई सिर्फ़ ग़रीब औरतों के ही पति करते हैं?
- कितने लोग सोचते हैं कि पढ़ा लिखा आदमी कभी हाथ नहीं उठाता?
- कितने लोगों ने अपनी बेटियों, बहुओं से ये कहा कि 'कोई बात नहीं बेटा. ऐसा तो हमारे साथ भी हुआ है. लेकिन देखो, आज कितने खुश हैं.'
स्मृति इरानी ने 'थप्पड़' फ़िल्म की लेकर लिखी इस पोस्ट की सोशल मीडिया पर चर्चा हो रही है.
स्मृति ने लिखा, ''मैं डायरेक्टर की राजनीतिक विचारधारा से सहमत नहीं हूं और कुछ कलाकारों के कुछ मुद्दों पर विचारों से असहमत हूं. लेकिन 'थप्पड़' फ़िल्म की कहानी ऐसी है, जिसे मैं ज़रूर देखूंगी और उम्मीद करूंगी कि लोग अपने परिवारों के साथ देखें.''
स्मृति इरानी ने और क्या लिखा?
स्मृति ने लिखा, ''किसी औरत को पीटना बिल्कुल ठीक नहीं है. एक थप्पड़ भी नहीं...एक भी थप्पड़ नहीं.''
असहमति वाली बात से स्मृति का इशारा अनुभव सिन्हा और तापसी पन्नू के नागरिकता क़ानून को लेकर किए गए विरोध की तरफ़ था. बीते कुछ वक़्त में अनुभव और तापसी सोशल मीडिया और सड़क पर भी नागरिकता क़ानून के ख़िलाफ़ हुए प्रदर्शनों में उतरे थे.
'थप्पड़' फ़िल्म 28 फरवरी को रिलीज़ हो रही है. फ़िल्म की कहानी एक ऐसी महिला की है, जो अपने पति से तलाक लेना चाहती है. वजह- पार्टी में मारा एक थप्पड़.
तापसी फ़िल्म के ट्रेलर में ये कहती दिखती हैं- उस एक थप्पड़ से मुझे वो सारी अनफेयर चीज़ें साफ़ साफ़ दिखने लग गईं, जिसे मैं अनदेखा करके मूव ऑन करती जा रही थी.
'थप्पड़' फ़िल्म को लेकर दिए एक इंटरव्यू में अनुभव सिन्हा ने कहा था, ''मैंने ये फ़िल्म आदमियों के लिए बनाई है, औरतों के लिए नहीं. फ़िल्म की कहानी ऐसे रिश्ते की है, जो आदमी और औरत अपनी शादी के अंदर और बाहर साझा करते हैं.''
अनुभव सिन्हा इससे पहले 'आर्टिकल-15' और 'मुल्क' जैसी फ़िल्मों में गंभीर मुद्दों को उठा चुके हैं.
'थप्पड़' फ़िल्म में दीया मिर्ज़ा, पवेल गुलाटी भी अहम किरदार निभा रहे हैं.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)