आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
जॉर्ज फ़्लॉयड: ट्रंप की बेटी टिफ़नी विरोध प्रदर्शनों के समर्थन में
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की छोटी बेटी टिफ़नी ट्रंप ने भी अमरीका में चल रहे विरोध प्रदर्शनों का समर्थन किया है.
पिछले हफ़्ते अमरीका में एक गोरे पुलिस अधिकारी के हाथों हुई काले व्यक्ति जॉर्ज फ़्लॉयड की मौत को लेकर हिंसक विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं.
विरोध प्रदर्शनों के कारण कम से कम 40 शहरों में कर्फ्यू लगाया गया है, लेकिन इसके बाद भी लोग सड़कों पर उतर रहे हैं.
टिफ़नी ने इंस्टाग्राम पर एक काली तस्वीर पोस्ट की है. साथ ही उन्होंने #BlackoutTuesday और #justiceforgeorgefloyd हैशटैग का इस्तेमाल करते हुए लिखा, ''अकेले हम कम हासिल कर सकते हैं, एक साथ बहुत कुछ हासिल कर सकते हैं.''
ट्रंप की इस वकील बेटी का संदेश ठीक उस वक़्त सोशल मीडिया पर आया, जब राजधानी वॉशिंगटन में व्हाइट हाउस के बाहर प्रदर्शनकारियों को काबू करने के लिए पुलिस आँसू गैस का इस्तेमाल कर रही थी.
डोनाल्ड ट्रंप की दूसरी पत्नी और टिफ़नी की मां मार्ला मैपल्स ने भी प्रदर्शनकारियों का समर्थन करते हुए ब्लैक स्क्रीन की तस्वीर पोस्ट की है.
इस पोस्ट पर कमेंट करने वालों में कई ने टिफ़नी के बयान का समर्थन किया है, लेकिन ऐसे लोगों की भी कमी नहीं है जिन्होंने लिखा है कि टिफ़नी को इस बारे में अपने पिता यानी राष्ट्रपति ट्रंप से बात करनी चाहिए.
अमरीका में सोशल मीडिया पर #blackoutTuesday बेहद लोकप्रिय हो रहा है. इस हैशटैग से लोग पुलिस की बर्बरता और नस्लीय व्यवस्था के ख़िलाफ़ लिख रहे हैं.
क्या हुआ था?
दरअसल, पिछले हफ्ते मिनियापोलिस में एक काले शख्स जॉर्ज फ़्लॉयड की पुलिस हिरासत में मौत हो गई थी.
लोगों की नाराज़गी एक वीडियो क्लिप के वायरल होने के बाद सामने आई जिसमें एक गोरा पुलिस अधिकारी जॉर्ज फ़्लॉयड नाम के एक निहत्थे काले व्यक्ति की गर्दन पर घुटना टेककर उसे दबाता दिखा.
इसके कुछ ही मिनटों बाद 46 साल के जॉर्ज फ़्लॉयड की मौत हो गई.वीडियो में देखा जा सकता है कि जॉर्ज और उनके आसपास खड़े लोग पुलिस अधिकारी से उन्हें छोड़ने की मिन्नतें कर रहे हैं.
पुलिस अधिकारी के घुटने के नीचे दबे जॉर्ज बार-बार कह रहे हैं कि "प्लीज़, आई कान्ट ब्रीद (मैं सांस नहीं ले पा रहा)". यही उनके आख़िरी शब्द बन गए. अमरीका के कई शहरों में प्रदर्शनकारी 'आई कॉन्ट ब्रीद' का बैनर लिए प्रदर्शन कर रहे हैं.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)