आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
कड़े मुकाबले में भारत ने इंग्लैंड को हराया
कटक वनडे में एक बेहद रोमांचक मुक़ाबले में भारत ने इंग्लैंड को 15 रनों से हरा दिया है.
पहले बल्लेबाज़ी करते हुए भारत ने 381 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया. जिसके जवाब में इंग्लैंड ने कुल 366 रन बनाए.
भारत की ओर से जहां युवराज सिंह और महेंद्र सिंह धोनी ने शतक जड़े वहीं इंग्लैंड की ओर से मोर्गन ने 102 और जेजे रॉय ने 82 रनों की पारियां खेलीं.
इंग्लैंड की ओर से मोइन अली और जेजे रूट ने भी अर्धशत बनाए.
एक समय तीन विकेट पर 25 रन के स्कोर जैसी खराब शुरुआत करने वाली भारतीय टीम ने इंग्लैंड के सामने 6 विकेट खोकर 381 रनों का विशालकाय स्कोर खड़ा किया .
इंग्लैंड के खिलाफ कटक में हो रहे दूसरे वनडे में भारतीय टीम टॉस हारी और उनसे बल्लेबाज़ी करने को कहा गया.
ओपनर राहुल पांच रन और शिखर 11 रन पर आउट हुए.
इसके बाद जब विराट भी 8 रन बनाकर कैच आउट हो गए तो सबको लगने लगा कि इंग्लैंड ने सही फैसला किया है और भारतीय टीम एक छोटे स्कोर पर सिमट जाएगी.
लेकिन पिच पर आए युवराज सिंह और महेंद्र सिंह धोनी ने न केवल भारतीय पारी को संभाला बल्कि अपने शतक भी पूरे किए.
युवराज की पारी बेहद आक्रामक रही और उन्होंने कम ही गेंदों में शतक भी बना लिया. यह वनडे मैचों में युवराज का 14वां शतक था. टीम में तीन साल के बाद लौटे युवराज के लिए इस शतक का कितना महत्व है ये युवराज का हर फैन जानता है.
उधर कप्तानी छोड़ने के बाद धोनी पहले मैच में बड़ा स्कोर नहीं बना पाए थे. उन्होंने भी अच्छी बल्लेबाज़ी करते हुए शतक बनाया और साबित किया कि अभी भी उनमें काफी क्रिकेट बची हुई है.
युवराज सिंह ने 127 गेंदों में 3 छक्कों और 21 चौकों की मदद से 150 रन बनाए जबकि धोनी ने 122 गेंदों में छह छक्कों और दस चौकों की मदद से 134 रन बनाए.
युवराज के आउट होने के बाद आए केएम जाधव ने तेज़ी से खेलते हुए दस गेंदों में 22 रन बनाए.
इससे पहले भारत की शुरुआत बेहद ख़राब रही.
सलामी बल्लेबाज़ के एल राहुल को वोक्स की गेंद पर स्टोक्स ने विकेट के पीछे लपका. वो सिर्फ़ पांच रन ही बना सके.
उनके बाद आए विराट कोहली ने दो चौके जड़े लेकिन वो भी वोक्स की गेंद पर स्टोक्स के हाथों लपके गए और सिर्फ़ 8 रन ही बना सके.
शिखर धवन को भी वोक्स ने 11 रन के निजी स्कोर पर बोल्ड कर दिया.
पुणे में खेला गया पहला वनडे भारत ने जीता. ये विराट कोहली की कप्तानी में पहला वन डे मैच था. विराट और केदार जाधव ने शानदार बल्लेबाज़ी की बदौलत मैच में जीत दिलाई थी.
इससे पहले, भारत ने इंग्लैंड को टेस्ट सिरीज़ में 4-0 से हराया था.
मैच का स्कोरकार्ड लाइव देखें
महेंद्र सिंह धोनी के वनडे और टी20 की कप्तानी छोड़ने के बाद विराट कोहली टीम की कमान संभाल रहे हैं.
टीमें इस प्रकार हैं.
भारत- विराट कोहली (कप्तान), जसप्रीत बुमराह, शिखर धवन, एमएस धोनी, रवींद्र जडेजा, केदार जाधव, भुवनेश्वर कुमार, हार्दिक पंड्या, केएल राहुल, युवराज सिंह, आर अश्विन
इंग्लैंड- इयॉन मोर्गन (कप्तान) जे रॉय, एलेक्स हेल्स, जो रूट, जोस बटलर, बेन स्टोक्स, मोइन अली, प्लंकेट, क्रिस वोक्स, डेविड विले, जेक बाल.