आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
हैदराबाद टेस्ट: बांग्लादेश का संघर्ष ख़त्म, 208 रन से जीता भारत
हाल में भारत का दौरा करने वाली न्यूज़ीलैंड और इंग्लैंड की टीम बुरी तरह हारकर लौटीं.
उनके बाद एक टेस्ट मैच खेलने के लिए भारत आई बांग्लादेशी टीम के जीतने की उम्मीद नहीं थी, लेकिन संघर्ष की संभावना थी और हुआ भी वही.
हैदराबाद टेस्ट में 459 रनों का लक्ष्य पीछा करने उतरी बांग्लादेश का संघर्ष मैच के पांचवें दिन 250 रन से आगे नहीं बढ़ सका.
भारत की तरफ़ से रविचंद्रन अश्विन और रवींद्र जडेजा ने चार-चार और इशांत शर्मा ने दो विकेट चटकाए.
विराट कोहली को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया.
चौथी पारी में बांग्लादेश के बल्लेबाज़ों ने मैच बचाने की कोशिश की, लेकिन जीत तक पहुंचने का लक्ष्य बड़ा था और ड्रॉ के लिए काटे जाने वाला वक़्त काफ़ी लम्बा साबित हुआ. महमुदुल्लाह ने 64 और सौम्य सरकार ने 42 रन बनाए.
कोहली चार लगातार टेस्ट सिरीज़ में चार दोहरे शतक लगाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज़ बने थे.
अब तक सर डोनल्ड ब्रैडमैन और भारतीय बल्लेबाज़ राहुल द्रविड़ ने तीन लगातार सिरीज़ में दोहरे शतक लगाए थे, लेकिन कोहली ने इन दोनों महान बल्लेबाज़ों को पीछे छोड़ दिया.
कोहली के दोहरे शतक के अलावा पहली पारी में मुरली विजय ने 108 और ऋद्धिमान साहा ने 106 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली थीं. अजिंक्ये रहाणे ने 82 और चेतेश्वर पुजारा ने 84 रन बनाए थे.
टीम इंडिया ने पहली पारी में 687 रन बनाए थे.
इसके जवाब में बांग्लादेश ने 388 रन बनाए, जिसमें मुशफिकर रहीम के 127 रन और शाकिब अल हसन के 82 रन शामिल थे.
इसके बाद टीम इंडिया ने दूसरी पारी चार विकेट पर 159 रन के स्कोर पर घोषित करते हुए बांग्लादेश के सामने जीत के लिए 459 रनों का लक्ष्य रखा था.
दूसरी पारी में भारत के चेतेश्वर पुजारा ने दूसरी पारी में 58 गेंदों में धुंआधार नाबाद 54 बनाए बनाए जबकि कप्तान विराट कोहली ने 40 गेंदों में 38 रनों की पारी खेली थी.
चौथी पारी में बांग्लादेश की तरफ से सलामी बल्लेबाज़ सौम्य सरकार ने 42 रन और महमूदल्लाह ने 64 रनों की पारी खेली.