आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
चैंपियंस ट्रॉफ़ी से पहले रंग में आए विराट
जगह बदली, आबोहवा बदली तो टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली का मिज़ाज भी बदल गया. इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल में रनों के लिए जूझ रहे विराट का बल्ला रविवार को ओवल में खूब चला.
आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफ़ी के अभ्यास मैच में भारत का मुक़ाबला न्यूज़ीलैंड से था.
इस मुक़ाबले में पहले समां बांधा भारतीय गेंदबाज़ों ने. मोहम्मद शमी, भुवनेश्वर कुमार, रवींद्र जडेजा ने गेंद पर मज़बूत पकड़ दिखाई.
न्यूज़ीलैंड की पूरी टीम 38.4 ओवरों में 189 रन पर सिमट गई.
इसके जवाब में भारत ने जब 26 ओवरों में तीन विकेट पर 129 रन बनाए थे कि तभी भारी बारिश के कारण खेल रोकना पड़ा. जब बारिश के कारण खेल रोका गया तब कोहली 52 और पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी 17 रन पर खेल रहे थे.
इसके बाद आगे का खेल नहीं हो पाया और डकवर्थ लुइस नियम के तहत भारत को 45 रनों से विजेता घोषित कर दिया गया.
कोहली ने इस मैच में 55 गेंदों को सामना किया और 52 रनों की इस पारी के दौरान छह चौके लगाए.
कोहली के फॉर्म में आने से भारतीय टीम ने राहत की सांस ली होगी. कोहली का आईपीएल में प्रदर्शन बहुत बुरा रहा था.
2017 के आईपीएल में कोहली ने 9 मैचों में केवल 250 रन बनाए. आईपीएल से पहले कोहली ऑस्ट्रेलिया के साथ सिरीज़ में भी बहुत सफल नहीं रहे थे.
ऑस्ट्रेलिया के साथ कोहली पांच पारियों में 46 रन ही बना पाए थे.